कालाकांकर विकास क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय ब्रह्मौली में सोमवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता हुई। इसमें विद्यालय के 49 छात्र-छात्राओं ने उत्साह से भाग लिया और अपनी कला का प्रदर्शन किया। बच्चों ने रंगों के माध्यम से अपने सपनों के भारत की तस्वीर कागज पर बनाई।
प्रतियोगिता में कक्षा आठ की अंशिका ने पहला, कक्षा छह की हिमांशी ने दूसरा और कक्षा आठ के अमन ने तीसरा स्थान पाया। इनके अलावा स्वाति, शिवप्रकाश, शुभी, नैन्शी, राज, मनीष, अंशिका समेत कई अन्य बच्चों ने भी प्रतियोगिता में भाग लिया। बच्चों ने स्वच्छ, शिक्षित, सुरक्षित, विकसित और खुशहाल भारत की कल्पना को चित्रों के माध्यम से दिखाया।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक राजकुमार के मार्गदर्शन में सहायक अध्यापक भुवनेश चंद्र, मधुसूदन गोपाल और पंकज प्रजापति ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में मदद की। शिक्षकों ने बच्चों को विषय के हिसाब से चित्र बनाने के लिए प्रेरित किया और उनकी रचनात्मकता को बढ़ावा दिया।
शिक्षकों ने बताया कि चित्रकला जैसी गतिविधियां बच्चों को अपनी कल्पनाओं और विचारों को आसानी से व्यक्त करने का मौका देती हैं। ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय के जरिए बच्चों में देश के प्रति अच्छी सोच और बेहतर भविष्य की कल्पना विकसित करने की कोशिश की गई।
इसी तरह कालाकांकर विकास क्षेत्र के कई अन्य विद्यालयों में भी सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिताएं हुईं। इन प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी कला दिखाई। विद्यालयों में हुई इन रचनात्मक गतिविधियों से बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता, रचनात्मकता और देश के भविष्य के लिए सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित किया गया।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.