Feedback
गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र के रावली कला गांव में शनिवार सुबह एक ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने इंसानी रिश्तों को झकझोर कर रख दिया. 80 वर्षीय बुजुर्ग ने अपनी 72 वर्षीय पत्नी की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी और फिर खुद खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर पुलिस चौकी पहुंच गया. आरोपी ने पुलिस के सामने हत्या की बात कबूल करते हुए कहा— “मैंने अपनी पत्नी को कुल्हाड़ी से काट दिया है.”
घटना सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है. रावली पुलिस चौकी पर पहुंचे बुजुर्ग हरपाल की बात सुनते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत रावली कला गांव स्थित मकान पर पहुंची, जहां आरोपी अपनी बेटी के घर रह रहा था. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घर के अंदर का दृश्य बेहद भयावह था. चारपाई पर 72 वर्षीय उर्मिला खून से लथपथ पड़ी थीं. उनके सिर और कान के पास कुल्हाड़ी से कई वार किए गए थे.
पुलिस ने घायल महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरादनगर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मामले में मृतका के नाती कुणाल ने बताया कि उसके माता-पिता किसी काम से मेरठ गए हुए थे. रात में वह और उसका भाई कमरे के अंदर सो रहे थे, जबकि नाना-नानी बाहर सो रहे थे. कुणाल के अनुसार हरपाल की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं चल रही थी और पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था.
मानसिक अस्थिरता के चलते आरोपी ने हत्या की वारदात को दिया अंजाम
आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद और मानसिक अस्थिरता के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया. वहीं मृतका की बेटी का कहना है कि वह एक शादी में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए थे. सुबह फोन पर उन्हें घटना की जानकारी मिली. जिसके बाद वह घर पहुंची. उसका कहना है कि माता-पिता में कई बार झगड़ा और अनबन हो जाती थी. लेकिन उन्हें कभी यह नहीं लगा कि पिता अपनी ही पत्नी की हत्या कर देंगे.
वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी. इस खौफनाक घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू