जमुई में एक व्यक्ति ने फेसबुक लाइव के दौरान अपनी गर्दन पर धारदार हथियार रखकर आत्महत्या करने की धमकी दी। यह घटना मुख्य सड़क पर हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। यह मामला गिद्धौर थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव के पास की है।
रतनपुर गांव निवासी शंकर साह का गांव के कुछ लोगों के साथ सालों से भूमि विवाद चल रहा है। शंकर साह का आरोप है कि इस मामले में उन्हें मुख्यमंत्री जनता दरबार तक गुहार लगाने के बावजूद न्याय नहीं मिला। इसी नाराजगी में उन्होंने मंगलवार को सड़क पर खड़े होकर फेसबुक लाइव किया।
वरीय पदाधिकारियों पर लगाया आरोप
लाइव वीडियो के दौरान शंकर साह गिद्धौर अंचल कार्यालय के अधिकारियों सहित कई वरीय पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए नजर आए। इस घटना के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे इलाके में काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।
सूचना मिलने पर गिद्धौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस को देखते ही संबंधित व्यक्ति वहां से फरार हो गया। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस के पहुंचने से पहले वहां से भागा
गिद्धौर थानाध्यक्ष राशि मलिक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी को मौके पर भेजा गया था। उनके पहुंचने से पहले ही व्यक्ति वहां से भाग निकला। थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है और उनके निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.