Feedback
साउथ से लेकर हिंदी तक धमाल मचा चुकी ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी अब तीसरी और आखिरी फिल्म की तरफ बढ़ रही है. मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल के लीड रोल वाली ओरिजिनल ‘दृश्यम 3’ गुरुवार को थिएटर्स में पहुंच चुकी है. इसके डायरेक्टर जीतू जोसेफ कई इंटरव्यूज में कह चुके हैं कि वो तीसरी फिल्म के साथ कहानी को खत्म करने वाले हैं.
धमाकेदार एडवांस बुकिंग के साथ आ रही मोहनलाल की ‘दृश्यम 3’, मलयालम इंडस्ट्री के लिए नए ओपनिंग रिकॉर्ड बनाती नजर आ रही है. लेकिन दूसरी तरफ अजय देवगन स्टारर हिंदी ‘दृश्यम 3’ अक्टूबर में रिलीज के लिए शिड्यूल है. हिंदी और मलयालम, दोनों वर्जन एक ही कहानी से बने हैं. इसलिए कई सिनेमा लवर्स को लग रहा है कि अजय देवगन वाली फिल्म से महीनों पहले मोहनलाल की ‘दृश्यम 3’ का आना हिंदी फिल्म के लिए रिस्क साबित हो सकता है. क्या सच में ऐसा है?
मलयालम इंडस्ट्री में रिकॉर्ड बनाने जा रही दृश्यम 3
मोहनलाल स्टारर ‘दृश्यम 3’ गुरुवार को थिएटर्स में पहुंच चुकी है और इसके लिए एडवांस बुकिंग शानदार है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार सुबह रिलीज से पहले तक मोहनलाल की ‘दृश्यम 3’ ने एडवांस बुकिंग से ही वर्ल्डवाइड 35 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया था.
ये शानदार बुकिंग बता रही है कि ‘दृश्यम 3‘ के लिए इंडिया और ओवरसीज मार्केट, दोनों जगह तगड़ी डिमांड है. इसलिए थिएटर्स में स्पॉट बुकिंग भी दमदार रहने वाली है और कमाई सॉलिड होगी. अनुमान लगाया जा रहा है कि ‘दृश्यम 3’ ओपनिंग डे पर 55-60 करोड़ रुपये की रेंज में वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन कर सकती है.
मलयालम इंडस्ट्री में सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड मोहनलाल की ही ‘एम्पुरान’ (2025) के नाम है, जिसे वर्ल्डवाइड 70 करोड़ रुपये की ओपनिंग मिली थी. दूसरे नंबर पर मोहनलाल और ममूटी को साथ लाने वाली ‘पैट्रियट’ (2026) है, जिसका ओपनिंग डे ग्रॉस 30 करोड़ रुपये से कम था. इसलिए ये लगभग तय माना जा रहा है कि ‘दृश्यम 3’ मलयालम इंडस्ट्री की दूसरी सबसे बड़ी ओपनर बनने वाली है.
हिंदी दृश्यम 3 के लिए खतरा है मलयालम दृश्यम 3?
साउथ में फिल्ममेकर्स फिल्मों की ओटीटी रिलीज के लिए बहुत लंबा इंतजार नहीं करते. मलयालम ‘दृश्यम 3’ ओटीटी पर भी पहले आएगी और फिल्म की कहानी सबके सामने होगी. इसलिए ये अक्टूबर में आने वाली अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ के लिए एक बड़ा रिस्क मानी जा रही है.
लेकिन यहां एक ट्विस्ट भी है. हिंदी ‘दृश्यम 3’ के मेकर्स कुछ समय पहले कन्फर्म कर चुके हैं कि उनकी कहानी मलयालम फिल्म से अलग होने वाली है. कुछ दिनों पहले हिंदी वर्जन के मेकर्स ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया था कि उनकी ‘दृश्यम 3’, मलयालम वर्जन से काफी अलग होगी. मेकर्स का कहना था कि मलयालम ‘दृश्यम 3’ की कहानी सॉलिड है, लेकिन उसका ट्रीटमेंट फैमिली ड्रामा जैसा है. जबकि हिंदी वर्जन को वो ज्यादा क्राइम थ्रिलर टोन में बना रहे हैं.
देखा जाए तो ‘दृश्यम’ के पहले दो पार्ट्स में भी हिंदी और मलयालम वर्जन के टोन और ट्रीटमेंट में फर्क था. मलयालम फिल्म को हिंदी ऑडियंस के हिसाब से सूट करने के लिए मेकर्स ने कई बदलाव किए थे, जिन्हें फैन्स ने भी नोटिस किया था.
इसलिए ये कहा जा सकता है कि मलयालम ‘दृश्यम 3’ के पहले आ जाने से हिंदी ‘दृश्यम 3’ को बहुत बड़ा रिस्क नहीं है. लेकिन अगर दोनों फिल्मों की कहानी में बहुत ज्यादा समानता हुई, तो मोहनलाल वाली फिल्म ओटीटी पर देख चुकी जनता सोशल मीडिया पर ये बात जरूर पकड़ लेगी. तब अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ को नुकसान पहुंच सकता है. फिलहाल तो नजरें इस बात पर हैं कि मोहनलाल की ‘दृश्यम 3’ मलयालम इंडस्ट्री के लिए कौन-कौन से बड़े रिकॉर्ड्स बनाती है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू