रीवा में सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए यातायात पुलिस ने अनोखा अभियान चलाया। पुलिस ने चित्रगुप्त और यमराज की वेशभूषा में कलाकारों को शहर के प्रमुख चौराहों पर उतारकर ट्रैफिक नियमों का पालन करने का संदेश दिया। अनोखे अंदाज में चलाए गए
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने हेलमेट नहीं पहनने, सीट बेल्ट का उपयोग न करने और तेज रफ्तार से वाहन चलाने के दुष्परिणाम अभिनय के जरिए बताए। यमराज बने कलाकार ने नियम तोड़ने वालों को रोककर कहा कि लापरवाही सीधे मौत को न्योता देती है। वहीं चित्रगुप्त बने कलाकार ने लोगों को अच्छे और बुरे कर्मों का हिसाब समझाते हुए यातायात नियमों के पालन की सीख दी।
लाइव डेमो में दिखाई हादसों की भयावहता
अभियान के दौरान सड़क दुर्घटना का लाइव डेमो भी दिखाया गया। पुलिस और कलाकारों की टीम ने बताया कि तेज रफ्तार और लापरवाही कुछ ही सेकंड में जिंदगी खत्म कर सकती है। डेमो में बिना हेलमेट बाइक चलाने और सीट बेल्ट नहीं लगाने पर गंभीर चोट लगने की स्थिति को दर्शाया गया। इसे देखकर मौके पर मौजूद लोग काफी देर तक चर्चा करते रहे।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को रोककर हेलमेट पहनने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइविंग नहीं करने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की। इस दौरान लोगों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी देने के साथ पंपलेट भी वितरित किए गए।
पुलिस बोली- उद्देश्य लोगों की जान बचाना
थाना प्रभारी अनीमा शर्मा ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी चिंता का विषय है। अधिकांश हादसे यातायात नियमों की अनदेखी और लापरवाही के कारण होते हैं। लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया, ताकि आमजन नियमों का पालन करें और सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।
उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाना है। कार्यक्रम के अंत में लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि लोग सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर बनें।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.