Shubham Raja
Date: 02-10-26 17:12
FP-7 Missile: रूस के साथ जारी युद्ध के बीच यूक्रेन अपनी सैन्य ताकत बढ़ाने पर लगातार काम कर रहा है. यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने गुरुवार, 1 अक्टूबर को बताया कि यूक्रेन ने घरेलू तकनीक से तैयार की गई FP-7 टैक्टिकल बैलिस्टिक मिसाइल का पहली बार युद्ध में इस्तेमाल किया है. हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि मिसाइल किस जगह से दागी गई और इसका निशाना क्या था.
जेलेंस्की ने इस अभियान से जुड़े लोगों का धन्यवाद किया और कहा कि अब यूक्रेन का अगला लक्ष्य इस मिसाइल का उत्पादन बढ़ाना है. रूस की ओर से यूक्रेन पर लगातार बैलिस्टिक मिसाइलों से हमले किए जा रहे हैं. ऐसे में यूक्रेन अपनी खुद की मिसाइल क्षमता मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.
क्या है यूक्रेन की FP-7 मिसाइल?
FP-7 यूक्रेन में विकसित की गई कम दूरी की टैक्टिकल बैलिस्टिक मिसाइल है. यूक्रेनी सैन्य विश्लेषकों के अनुसार, इसकी रेंज करीब 200 किलोमीटर है. वहीं, इसे बनाने वाली कंपनी फायर पॉइंट के मुताबिक यह मिसाइल 250 किलोमीटर तक हमला कर सकती है.
मिसाइल की अधिकतम रफ्तार करीब 1,500 मीटर प्रति सेकंड बताई जाती है और इसमें 200 किलोग्राम तक का वारहेड लगाया जा सकता है. इसकी तुलना अमेरिकी सेना की ATACMS मिसाइल से की जा रही है. अमेरिका पहले ही यूक्रेन को कुछ ATACMS मिसाइलें दे चुका है.
ATACMS से कम हो सकती है कीमत
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक FP-7 की कीमत ATACMS के मुकाबले काफी कम हो सकती है. फायर पॉइंट के चीफ डिजाइनर और को-फाउंडर डेनिस श्टिलरमैन ने मार्च में कहा था कि FP-7 को ATACMS की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है. उन्होंने यह भी बताया था कि इसका वारहेड ATACMS से बड़ा हो सकता है और इसकी कीमत कम से कम आधी रहने की संभावना है.
जेलेंस्की ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट के जरिए FP-7 के पहली बार युद्ध में इस्तेमाल की जानकारी दी. उन्होंने इस उपलब्धि से जुड़े लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि अब मिसाइल का उत्पादन बढ़ाना अगला कदम है.
हालांकि, राष्ट्रपति ने मिसाइल के इस्तेमाल की जगह या उसके निशाने के बारे में कोई जानकारी नहीं दी. कीव इंडिपेंडेंट के मुताबिक, जब इस बारे में जेलेंस्की के कम्युनिकेशन सलाहकार से सवाल किया गया तो उन्होंने साफ कहा कि इस जानकारी को सार्वजनिक नहीं किया जाएगा. यानी यूक्रेन ने मिसाइल के इस्तेमाल की पुष्टि की है, लेकिन ऑपरेशन की जगह और उसके नतीजे को लेकर अभी जानकारी सामने नहीं आई है.
FP-9 पर भी काम कर रहा यूक्रेन
यूक्रेन की कंपनी फायर पॉइंट FP-7 के अलावा लंबी दूरी की FP-9 मिसाइल पर भी काम कर रही है. इसकी रेंज करीब 850 किलोमीटर बताई जा रही है. कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक FP-9 इस साल के अंत तक तैयार हो सकती है.
सैन्य विश्लेषकों के अनुसार, FP-7 और FP-9 जैसी मिसाइलें यूक्रेन को रूस के मिसाइल लॉन्च ठिकानों और सैन्य उत्पादन से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाने की अतिरिक्त क्षमता दे सकती हैं. इससे यूक्रेन की लंबी दूरी की स्ट्राइक क्षमता बढ़ सकती है और रूस के सैन्य ढांचे पर दबाव डालने की उसकी क्षमता मजबूत हो सकती है.
ये भी पढ़ें- ‘नेतन्याहू और MBZ ने रची साजिश’, फ्लाईदुबई घटना पर ईरान का बड़ा दावा, हमला या फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन?
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें