मध्य प्रदेश के छतरपुर से इंसानियत की एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी का दिल छू लिया. इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है. रीवा जिले की रहने वाली एक मां अपने मानसिक रूप से बीमार बेटे की तलाश में कई दिनों से दर-दर भटक रही थी. आखिरकार एक समाजसेवी की सक्रियता और सोशल मीडिया की ताकत ने मां और बेटे को फिर से मिलवा दिया.
जानकारी के अनुसार, रीवा जिले के मऊगंज क्षेत्र की रहने वाली कलावती द्विवेदी अपने 30 साल के बेटे संदीप के साथ छतरपुर आई थीं. संदीप मानसिक रूप से बीमार है. यात्रा के दौरान वो अचानक परिवार से बिछड़ गया. बेटे के लापता होने के बाद मां लगातार उसकी तलाश करती रही. हाथ में बेटे की तस्वीर लेकर वो बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में लोगों से मदद मांग रही थी, लेकिन एक महीने तक बेटा नहीं मिला.
इसी दौरान छतरपुर के समाजसेवी डॉ. संजय शर्मा की नजर उस महिला पर पड़ी. उन्होंने महिला की पूरी बात सुनी और बेटे को खोजने का जिम्मा अपने ऊपर लिया. उन्होंने बिना समय गंवाए स्थानीय लोगों की मदद ली और युवक की फोटो और सारी जानकारी सोशल मीडिया और अलग-अलग स्थानीय समूहों में शेयर कर दी. उनका मकसद ज्यादा से ज्यादा लोगों तक जानकारी पहुंचाना था ताकि कोई सुराग मिल सके.
कुछ ही घंटों में इस कोशिश का असर दिखाई दिया. एक स्थानीय नागरिक ने सूचना दी कि युवक से मिलता-जुलता व्यक्ति पिछले कई दिनों से महोबा रोड स्थित केंद्रीय विद्यालय के पास एक मंदिर में रह रहा है. सूचना मिलते ही डॉ. संजय शर्मा महिला को लेकर तुरंत वहां पहुंचे. जैसे ही मां की नजर अपने बेटे पर पड़ी, वो खुद को रोक नहीं सकीं. दोनों एक-दूसरे से लिपटकर भावुक हो गए. वहां मौजूद लोगों की आंखें भी इस पल को देखकर नम हो गईं.
इस भावुक मिलन के बाद मां ने समाजसेवी का आभार व्यक्त किया. डॉ. संजय शर्मा ने परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई और उन्हें सुरक्षित रीवा रवाना किया. ये पूरी घटना सोशल मीडिया की सकारात्मक भूमिका को भी सामने लाती है. अक्सर इसकी आलोचना होती है, लेकिन सही उद्देश्य के लिए इसका इस्तेमाल किसी परिवार की खुशियां वापस ला सकता है. साथ ही ये कहानी समाज को ये संदेश भी देती है कि अगर कोई व्यक्ति मुसीबत में दिखाई दे तो थोड़ी-सी संवेदनशीलता और समय पर की गई मदद किसी की जिंदगी बदल सकती है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
हल्द्वानी से दिल्ली के बड़े न्यूजरूम तक… तनुजा जोशी, उत्तराखंड के शांत और खूबसूरत शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखती हैं. देहरादून के ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी … और पढ़ें
Subscribe to Our Newsletter Today!
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
© 1998-2026 INDIADOTCOM DIGITAL PRIVATE LIMITED, ALL RIGHTS RESERVED