Feedback
रक्षाबंधन में मिलावटखोरों के सिंडिकेट पर नकेल कसने के लिए राजधानी लखनऊ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है. रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर आयुक्त एफएसडीए और लखनऊ डीएम के निर्देश पर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर देर रात ताबड़तोड़ छापेमारी कर संदिग्ध खाद्य पदार्थों से लदी तीन गाड़ियों को पकड़ा गया. गाड़ियों से बरामद करीब 13.45 लाख रुपये की खाद्य सामग्री को सीज कर कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षित रखवा दिया गया है.
अभियान के तहत 24 अगस्त की देर रात खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के संयुक्त दल ने आगरा एक्सप्रेसवे पर घेराबंदी की. इस दौरान अलग-अलग जिलों से आ रही तीन संदिग्ध गाड़ियों (UP83DT1719, UP75DT0922 और UP86AT8529) को इंटरसेप्ट कर ड्राइवरों से पूछताछ की गई. वाहन चालक लदे हुए माल को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद सभी वाहनों को माल समेत रात में ही पारा थाने में सुरक्षित खड़ा करा दिया गया.
अगली सुबह सहायक आयुक्त (खाद्य)-II विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने पारा थाने पहुंचकर वाहनों की सघन तलाशी ली. जांच के दौरान हाथरस की फर्म का 50 गत्ता आम पापड़ व 4.80 लाख रुपये के क्रीम कोन, आगरा की फर्म का 1.80 लाख रुपये का पिसा बेर चूरन व इमली चटनी, और ग्वालियर की फर्म का करीब 10.41 लाख रुपये मूल्य का खाद्य तिल व मूंगफली का तेल लदा पाया गया.
अधिकारियों ने मौके से तेल, चूरन, आम पापड़ और क्रीम कोन के कुल 10 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए. इसके बाद लगभग 13,45,627 रुपये कीमत के पूरे माल को कारोबारियों और चालकों की सहमति से ऐशबाग स्थित स्वरूप कोल्ड स्टोरेज में सीज कर रखवा दिया गया.
विभागीय निर्देश के अनुसार, लैब रिपोर्ट आने तक इस सामग्री से किसी भी तरह की छेड़छाड़ पर पूरी तरह रोक रहेगी. इसी अभियान के तहत टीम ने दुबग्गा इलाके में भी एक संदिग्ध खोया लदी गाड़ी को पकड़ा. मौके पर ही फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स मोबाइल लैब से प्राथमिक जांच की गई. शुरुआती स्तर पर गंभीर मिलावट की पुष्टि न होने के कारण टीम ने खोया के 4 नमूने सील किए और गाड़ी को जाने दिया.
सहायक आयुक्त विजय प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि सभी नमूनों को राज्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है. लैब से जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. त्योहार के मद्देनजर शहर में सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू