नई दिल्ली, एजेंसी। भारत और अमेरिका ने अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) पर जारी वार्ताओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए बाजार पहुंच, डिजिटल व्यापार और गैर-शुल्कीय बाधाओं सहित समझौते के प्रमुख पहलुओं पर चर्चा की। दोनों देश 24 जुलाई को अमेरिका द्वारा लगाए गए अस्थायी 10 प्रतिशत शुल्क की अवधि समाप्त होने से पहले इस समझौते को अंतिम रूप देने का प्रयास कर रहे हैं। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) जेमीसन ग्रीर ने दो दिवसीय यात्रा पर वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण को लेकर वार्ता की।
वाणिज्य मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि यह यात्रा भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को संतुलित और दोनों देशों के लिए लाभकारी स्वरूप देने तथा सात फरवरी, 2026 के संयुक्त बयान के अनुरूप अंतरिम समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
बयान के अनुसार, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के बीच कई दौर की वार्ता हुई, जिसमें बाजार पहुंच बढ़ाने, डिजिटल व्यापार, आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती, गैर-शुल्कीय बाधाओं को कम करने और रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने जैसे मुद्दों पर व्यापक समीक्षा की गई। चर्चा का मुख्य उद्देश्य एक अंतरिम समझौते को अंतिम रूप देने का रास्ता तलाशना था, जिसे व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।
इससे पहले गोयल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘ग्रीर और उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठकों का दौर पूरा हुआ। हमने भारत-अमेरिका के बीच जारी व्यापारिक बातचीत की प्रगति की समीक्षा की और अपनी आर्थिक साझेदारी को और प्रगाढ़ करने के तरीकों पर बातचीत की। मैं ग्रीर के नेतृत्व और हमारी बातचीत को रचनात्मक और भविष्योन्मुखी तरीके से आगे बढ़ाने में दोनों टीम के लगातार प्रयास की सराहना करता हूं।’ यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब दोनों देश अमेरिकी शुल्क नीति में बदलाव के बाद पहले से तय व्यापार ढांचे की समीक्षा और उसमें आवश्यक संशोधन करने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रीर का यह दौरा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 17 जून को फ्रांस में जी-7 शिखर सम्मेलन के इतर हुई मुलाकात के कुछ दिन बाद हुआ है। इस मुलाकात से व्यापार वार्ताओं को नई गति मिली है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play