दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे- तस्वीर AI से
सड़क मार्ग से दिल्ली से माता वैष्णो देवी जाने के लिए अभी करीब 14 से 15 घंटे का समय लगता है, लेकिन जल्दी ही 600 से ज्यादा किलोमीटर लंबे इस सफर में लगने वाला समय आधे से भी कम हो जाएगा. दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे का काम तेजी से चल रहा है और पैकेज दर पैकेज जैसे-जैसे इस एक्सप्रेसवे का काम पूरा हो रहा है उसे आम लोगों के लिए खोला जा रहा है. इस कड़ी में आज (17 जुलाई 2026) दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे के पैकेज 1 से लेकर 6 तक आम नागरिकों के लिए खोल दिया जाएगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे. इस उद्घाटन के बाद इस एक्सप्रेसवे से 188 किलोमीटर का सफर आसान और आरामदायक हो जाएगा.
इस एक्सप्रेवे के पूरी तरह चालू होने के बाद सिर्फ कटरा ही नहीं अमृतसर का सफर भी आधा रह जाएगा. अभी दिल्ली से अमृतसर पहुंचने में 8 घंटे लगते हैं इस एक्सप्रेसवे से सिर्फ 4 घंटों में यह दूरी पूरी हो सकेगी. इतना ही नहीं इस एक्सप्रेसवे को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से भी जोड़ा जाएगा, जिससे इस पहाड़ी राज्य समेत उत्तर प्रदेश के कई शहरों से यहां की यात्रा सुगम और आसान हो जाएगी.
भारतमाला परियोजना के तहत बनाया जा रहा यह एक्सप्रेसवे उत्तर भारत के 4 राज्यों दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर को जोड़ता है. इसे करीब 40,000 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है. इस 670 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेव पर 120 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से वाहनों को दौड़ाने का प्लान है.
यह एक्सप्रेसवे दिल्ली के बहादुरगढ़ में KMP (कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे यानी वेस्टर्न पेरीफेरल) से शुरू होकर जम्मू-कश्मीर के कटरा शहर तक जाएगा. एक्सप्रेवे पंजाब के नकोदर से इस हाइवे की एक स्पर (शाखा) को अमृतसर से जोड़ा जाएगा. नकोदर से अमृतसर रूट (NE-5A) को ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के तौर पर बनाया जा रहा है, जिसकी दूरी करीब 100 किमी होगी. यह पंजाब के नकोदर से अलग होकर यह खडूर साहिब और तरनतारन होते हुए अमृतसर तक जाएगी.
यह एक्सप्रेसवे दिल्ली से कटरा के बीच 4 राज्यों के कई बड़े शहरों को जोड़ता हुआ निकलेगा. दिल्ली के बाद यह हरियाणा के रोहतक, जींद, कैथल से पंजाब में पटियाला, संगरूर, लुधियाना, जालंधर, नकोदर, खडूर साहिब, गोइंदवाल साहिब, अमृतसर, गुरदासपुर और पठानकोट होते हुए जम्मू कश्मीर के कठुआ, सांबा, जम्मू को पार करने के बाद कटरा में अपनी मंजिल पहुंचेगा.
आज इस एक्सप्रेसवे के पैकेज 1 से लेकर पैकेज 6 तक आम जनता के लिए खोलने के बाद 188 किलोमीटर की दूरी के लिए वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी. एक्सप्रेसवे के ये 6 पैकेज हरियाणा और पंजाब को जोड़ते हैं. इस एक्सप्रेवे के अगले साल मार्च 2027 तक पूरा होने का लक्ष्य रखा गया है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
नमस्कार! मैं अरुण कुमार, फिलहाल India.com (Zee Media) में सीनियर सब एडिटर के रूप में स्पोर्ट्स डेस्क पर कार्यरत हूं. मैं पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं और इस दौरान प्रिंट, डिजिटल और मल्टीमीडिया—तीनों प्लेटफॉर्म्स पर व्यापक अनुभव हासिल किया है. मैंने वर्ष 2013 में अमर उजाला, नोएडा से अप … और पढ़े
© 1998-2026 Indiadotcom Digital Private Limited, All Rights Reserved.