संभल, मुजफ्फरनगर, आजमगढ़… बकरीद पर यूपी में कहां कैसी तैयारी, ड्रोन से निगरानी से लेकर सोशल मीडिया वॉच तक सब एक्टिव – AajTak

Feedback
बकरीद से पहले उत्तर प्रदेश सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है. कहीं ड्रोन कैमरे उड़ रहे हैं, कहीं पुलिस की रूफटॉप ड्यूटी लगी है, तो कहीं सोशल मीडिया पर हर पोस्ट और हर वीडियो को स्कैन किया जा रहा है. संभल से लेकर मुजफ्फरनगर, अयोध्या से लेकर चंदौली और नोएडा तक प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है.
सरकार पहले ही साफ कर चुकी है कि सड़क पर नमाज की अनुमति नहीं है और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूरी तरह रोक रहेगी. इसके बाद अब जिलों में प्रशासन ने सुरक्षा का ऐसा नेटवर्क तैयार किया है, जिसमें पुलिस, पीएसी, ड्रोन, सीसीटीवी, एआई तकनीक और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सब एक साथ एक्टिव हैं.
राजधानी लखनऊ में भी बकरीद की नमाज को लेकर टाइम स्लॉट तय कर दिए गए हैं. टीले वाली मस्जिद में सुबह 9 बजे, ऐशबाग ईदगाह में 10 बजे और बड़ा इमामबाड़ा स्थित आसिफी मस्जिद में 11 बजे नमाज होगी. प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि तय जगहों पर ही नमाज अदा करें और गाइडलाइन का पालन करें.
bakrid security arrangements in up from sambhal to muzaffarnagar drone cctv surveillance
संभल: 5 जोन, 18 सेक्टर और हर गली पर नजर
अगर इस बार बकरीद पर सबसे ज्यादा सिक्योरिटी किसी जिले में दिखाई दे रही है, तो वो संभल है. संभल प्रशासन ने पूरे जिले को 5 जोन और 18 सेक्टर में बांट दिया है. हर सेक्टर में पुलिस अधिकारी और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं.
संवेदनशील इलाकों में पीएसी और आरआरएफ की भी तैनाती की गई है. शहर के करीब ढाई सौ से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जोड़े गए हैं. मतलब कंट्रोल रूम में बैठे अधिकारी हर गली, हर चौराहे और हर गतिविधि पर नजर रख रहे हैं.
संभल पुलिस ने इस बार रूफटॉप ड्यूटी भी लगाई है. यानी कुछ पुलिसकर्मी छतों पर तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके.
bakrid security arrangements in up from sambhal to muzaffarnagar drone cctv surveillance
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को भी एक्टिव कर दिया गया है. पुलिस की नजर खासतौर पर उन वीडियो और पोस्ट पर है, जो माहौल खराब कर सकते हैं. अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने साफ कहा है कि सड़क पर नमाज और खुले में कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी. ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी रखी जाएगी.
मेरठ: फ्लैग मार्च में पुलिस पर हुई फूलों की बारिश
मेरठ में बकरीद से पहले पुलिस और प्रशासन ने ऐसा फ्लैग मार्च निकाला, जिसने पूरे शहर का ध्यान खींच लिया. एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर के नेतृत्व में निकले इस मार्च में एक हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी शामिल हुए.
यह भी पढ़ें: Bakrid 2026: आज देशभर में मनाई जा रही है बकरीद, जानें इतिहास और धार्मिक महत्व
फ्लैग मार्च जब मुस्लिम बहुल इलाकों से गुजरा तो लोगों ने पुलिस पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया. कई जगह लोगों ने पुलिस टीम का तालियां बजाकर स्वागत किया. इस मार्च की एक और तस्वीर वायरल हुई- एक महिला सीओ घोड़े पर सवार होकर सुरक्षा व्यवस्था का नेतृत्व करती नजर आईं.
मार्च में एडीजी भानु भास्कर, डीआईजी कला निधि नैथानी, एसएसपी अविनाश पांडेय, एसपी सिटी विनीत गोपाल भोसले और जिलाधिकारी वीके सिंह समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे.
bakrid security arrangements in up from sambhal to muzaffarnagar drone cctv surveillance
एडीजी भानु भास्कर ने कहा कि पिछले एक हफ्ते से लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है. धर्मगुरुओं के साथ बैठकें कर समन्वय बनाया गया है. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नमाज सिर्फ तय जगहों पर ही होगी और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी हालत में नहीं होने दी जाएगी.
मुजफ्फरनगर: डेढ़ हजार पुलिसकर्मी, ड्रोन और सेक्टर सिस्टम
पश्चिमी यूपी का मुजफ्फरनगर हमेशा से संवेदनशील जिलों में गिना जाता रहा है. इसलिए यहां इस बार सुरक्षा व्यवस्था सबसे ज्यादा कड़ी रखी गई है.
जिले में जोनल और सेक्टर सिस्टम लागू किया गया है. 10 डीएसपी, 5 एएसपी, 45 इंस्पेक्टर, 200 सब इंस्पेक्टर और करीब 889 रंगरूटों समेत लगभग डेढ़ हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. बुढ़ाना, खतौली और नगर क्षेत्र जैसे संवेदनशील इलाकों में लगातार फ्लैग मार्च हो रहा है. ड्रोन कैमरों से मस्जिदों और ईदगाहों की निगरानी की जा रही है.
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने साफ कहा है कि शासन की गाइडलाइन का पूरी सख्ती से पालन कराया जाएगा. सड़क पर नमाज और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी हालत में नहीं होने दी जाएगी.
चंदौली: ईदगाहों के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल
पूर्वांचल के चंदौली में भी प्रशासन अलर्ट मोड पर है. जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें हो चुकी हैं. पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से सुरक्षा की रणनीति तैयार की है. ईदगाहों और मस्जिदों के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है. थाना प्रभारियों को लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं.
एसपी आशीष पटेल का कहना है कि सोशल मीडिया टीम हर पोस्ट पर नजर बनाए हुए है. अगर कोई अफवाह फैलाने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई होगी.
bakrid security arrangements in up from sambhal to muzaffarnagar drone cctv surveillance
सहारनपुर: बाजारों में पैदल गश्त, संदिग्धों की चेकिंग
सहारनपुर में पुलिस प्रशासन लगातार पैदल गश्त कर रहा है. प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस टीमें लगातार घूम रही हैं. एसएसपी अभिनंदन खुद अधिकारियों के साथ सड़कों पर उतरे. उन्होंने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से बातचीत की और कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. पुलिस का कहना है कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अफवाह या तनाव फैलाने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी.
अयोध्या: रामनगरी में चप्पे-चप्पे पर नजर
अयोध्या में बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट है. डीआईजी सोमेन बर्मा ने साफ निर्देश दिए हैं कि सड़क पर नमाज नहीं पढ़ी जाएगी. नमाज सिर्फ निर्धारित ईदगाहों और मस्जिदों में ही होगी. अयोध्या रेंज के पांचों जिलों में पीस कमेटी की बैठकें हो चुकी हैं. प्रशासन ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी न करने की अपील की है. पूरे शहर में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है और लगातार निगरानी की जा रही है.
आजमगढ़: नमाज और कुर्बानी स्थलों का निरीक्षण
आजमगढ़ प्रशासन ने बकरीद से पहले चिन्हित नमाज स्थलों और सामूहिक कुर्बानी स्थलों का निरीक्षण किया. साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि प्रशासन चाहता है कि त्योहार पूरी तरह शांतिपूर्ण और परंपरागत तरीके से संपन्न हो. जिले में थाना और जनपद स्तर पर पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की गई हैं. पुलिस लगातार फील्ड में रहकर लोगों से संवाद कर रही है.
हापुड़: मुस्लिम बहुल इलाकों में फ्लैग मार्च
हापुड़ में डीएम कविता मीणा और एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला. मार्च मिश्रित आबादी वाले इलाकों और ईदगाहों के आसपास से गुजरा. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सड़क पर नमाज और खुले में कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी. लोगों से प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.
नोएडा: तीन दिन के लिए धारा 163 लागू
गौतमबुद्ध नगर यानी नोएडा में प्रशासन ने एक कदम और आगे बढ़ते हुए 28 मई से 30 मई तक बीएनएसएस की धारा 163 लागू कर दी है. इस दौरान बिना अनुमति पांच या उससे ज्यादा लोगों के जमा होने, जुलूस निकालने और सार्वजनिक प्रदर्शन पर रोक रहेगी. ड्रोन उड़ाने, देर रात लाउडस्पीकर चलाने और सार्वजनिक स्थानों पर धार्मिक आयोजन करने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है.
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. पुलिस ने साफ कहा है कि धार्मिक भावनाएं भड़काने वाली पोस्ट या वीडियो पर तुरंत एक्शन लिया जाएगा.
bakrid security arrangements in up from sambhal to muzaffarnagar drone cctv surveillance
बांदा: पुलिस ने शहर में निकाली बाइक रैली
बुंदेलखंड के बांदा में भी बकरीद को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. जिले में पुलिस ने बाइक रैली और फ्लैग मार्च निकाला. मस्जिदों और संवेदनशील इलाकों की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जा रही है. पुलिस लगातार छतों और आसपास के इलाकों पर नजर बनाए हुए है, ताकि कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक गतिविधि सामने न आए.
एसपी पलाश बंसल के निर्देश पर पुलिस बल लगातार फुट पेट्रोलिंग कर रहा है. वहीं प्रशासन ने धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर साफ कर दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी. प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूरी तरह रोक रहेगी. सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
सोशल मीडिया से AI कैमरों तक… इस बार डिजिटल निगरानी सबसे बड़ा हथियार
इस बार यूपी पुलिस की रणनीति सिर्फ सड़कों तक सीमित नहीं है. सबसे बड़ा फोकस डिजिटल निगरानी पर दिखाई दे रहा है. लगभग हर जिले में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल एक्टिव है. फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स और वॉट्सएप पर नजर रखी जा रही है.
कई जिलों में एआई बेस्ड सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. ड्रोन कैमरों से भीड़ वाले इलाकों की लाइव मॉनिटरिंग हो रही है. कंट्रोल रूम में बैठी टीमें हर गतिविधि को ट्रैक कर रही हैं. यानी इस बार बकरीद पर सिर्फ सड़कों पर पुलिस नहीं दिखेगी, बल्कि आसमान में ड्रोन, कंट्रोल रूम में स्क्रीन और मोबाइल पर सोशल मीडिया मॉनिटरिंग भी उतनी ही एक्टिव रहेगी.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News