'संसद में आइए, चर्चा से मत भागिए', जेपी नड्डा ने राहुल गांधी को दिया चैलेंज – aajtak.in

Feedback
जंतर-मंतर पर छात्रों के खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर सियासत गरमा गई है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार से पूछा कि निहत्थे छात्रों पर पैलेट गन, आंसू गैस और इलेक्ट्रिक शॉक बैटन चलाने की मंजूरी किसने दी. इसके जवाब में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर पलटवार किया. उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर कोई गोली नहीं चली. नड्डा का आरोप है कि राहुल गांधी इस मुद्दे पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं. उन्होंने राहुल को चैलेंज दिया कि ‘संसद में आइए, चर्चा से मत भागिए’. कांग्रेस ने क्या सवाल उठाए और बीजेपी ने उसका क्या जवाब दिया, चलिए जानते हैं.
कांग्रेस ने क्या सवाल उठाए?
कांग्रेस की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने जंतर-मंतर पर छात्रों के खिलाफ हुई कार्रवाई को सबसे बड़ा मुद्दा बनाया. उनका सवाल था कि निहत्थे छात्रों पर पैलेट गन, आंसू गैस और इलेक्ट्रिक शॉक बैटन के इस्तेमाल की मंजूरी किसने दी.
राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांगा. उनका कहना था कि अगर कार्रवाई का आदेश गृह मंत्री की जानकारी में हुआ तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए. अगर उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी, तब भी मामला गंभीर है. इस स्थिति में भी देश के सामने सच्चाई रखनी होगी.
कांग्रेस ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी की मांग भी की. पार्टी का आरोप है कि अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ गलत व्यवहार हुआ.
राम मंदिर के चढ़ावे का मुद्दा भी उठा
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में मल्लिकार्जुन खड़गे ने राम मंदिर के चढ़ावे का मामला उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के करीबी लोगों ने राम मंदिर के चढ़ावे में गड़बड़ी की. कांग्रेस ने मांग की कि इस मामले की सच्चाई सामने आए. दोषियों पर कार्रवाई भी होनी चाहिए. यानी कांग्रेस की तरफ से सरकार के सामने दो बड़े सवाल रखे गए. एक छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर था. दूसरा राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़ा था.
बीजेपी ने क्या जवाब दिया 
कांग्रेस के आरोपों पर जेपी नड्डा ने सीधा पलटवार किया. उनका कहना था कि राहुल गांधी जंतर-मंतर के मुद्दे को संसद में चर्चा का विषय बनाना चाहते हैं, लेकिन जब सरकार चर्चा के लिए तैयार है तो राहुल पीछे हट रहे हैं. उनके मुताबिक, गृह मंत्री हर विषय पर जवाब देने के लिए तैयार हैं. यह कोई नई बात नहीं है. सरकार पहले भी संसद में अलग-अलग मुद्दों पर जवाब देती रही है. उनका दावा है कि इसका रिकॉर्ड संसद की कार्यवाही में मौजूद है.
‘SIR पर चर्चा मांगी, जवाब आया तो भाग गए’
कांग्रेस पर संसद में चर्चा से बचने का आरोप लगाते हुए नड्डा ने SIR का उदाहरण दिया. उनका दावा है कि कांग्रेस ने इस मुद्दे पर चर्चा की मांग की थी. जब सरकार की तरफ से जवाब देने की बारी आई तो विपक्ष सदन से बाहर चला गया. महंगाई पर चर्चा का जिक्र करते हुए भी उन्होंने यही आरोप लगाया. उनके मुताबिक, कांग्रेस ने मुद्दा उठाया, सरकार ने जवाब दिया, लेकिन जवाब सुनने के वक्त विपक्ष सदन में मौजूद नहीं था.
नड्डा का कहना है कि सरकार ने संसद में कभी चर्चा से इनकार नहीं किया. जिस मुद्दे पर विपक्ष ने बहस मांगी, उस पर सरकार जवाब देने के लिए तैयार रही है. ऐसे में जंतर-मंतर के मामले पर भी चर्चा से पीछे हटने की कोई वजह नहीं है.
‘राहुल गांधी चर्चा से क्यों भाग रहे हैं?’
नड्डा ने सवाल उठाया कि जब गृह मंत्री अमित शाह हर मुद्दे पर जवाब देने के लिए तैयार हैं तो राहुल गांधी चर्चा से क्यों बच रहे हैं. उनके मुताबिक, पहले चर्चा की मांग की गई, अब सरकार तैयार है तो मुद्दा बदलने की कोशिश हो रही है. उन्होंने इसे लोगों को भ्रमित करने की कोशिश बताया.
‘जंतर-मंतर पर कोई गोली नहीं चली’
जंतर-मंतर पर गोली चलने के आरोप को भी नड्डा ने खारिज किया. उनका दावा है कि वहां कोई गोली नहीं चली और गोली चलाने का कोई आदेश भी नहीं दिया गया. उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर गलत तस्वीर पेश की जा रही है.
झारखंड के छात्रों का मुद्दा भी उठाया
नड्डा ने राहुल गांधी के सामने झारखंड के छात्रों का मुद्दा भी रखा. उनका सवाल था कि जब वहां छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं तो कांग्रेस उनकी आवाज क्यों नहीं सुन रही. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन स्थल पर कंटीली तारें लगाई गई हैं. झारखंड में कांग्रेस के साथ सरकार में शामिल दलों की भूमिका का जिक्र करते हुए उन्होंने राहुल गांधी से इस पर भी सवाल पूछा.
‘संसद में आइए, चर्चा से मत भागिए’
बात आखिर में सीधे चैलेंज तक पहुंची. नड्डा ने राहुल गांधी से कहा कि सदन में आइए, जिस मुद्दे पर चर्चा करनी है खुलकर कीजिए. सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है. साथ ही कांग्रेस पर गैर-जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाने का आरोप लगाया. उनका कहना था कि मुद्दों को लेकर भ्रम फैलाने से जनता के बीच गलत संदेश जाता है. दूसरी तरफ कांग्रेस छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर सरकार से जवाब मांग रही है. ऐसे में जंतर-मंतर का विवाद अब संसद में भी आमने-सामने की सियासत का मुद्दा बन गया है.
इस तरह छात्रों पर कार्रवाई को लेकर शुरू हुई सियासी बहस अब संसद की कार्यवाही तक पहुंच गई है. कांग्रेस सरकार से कार्रवाई का जवाब चाहती है. बीजेपी का कहना है कि जवाब देने से वह पीछे नहीं हट रही. अब सवाल यही है कि जंतर-मंतर के मुद्दे पर संसद में दोनों पक्ष आमने-सामने बैठकर चर्चा करते हैं या सियासी आरोप-प्रत्यारोप का दौर आगे भी चलता रहता है.
 
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News