Feedback
गुजरात के जूनागढ़ में पहली ही बारिश ने नगर निगम के विकास और सड़क निर्माण के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में सड़कों पर पानी भर गया और जगह-जगह बने गड्ढे लोगों के लिए जानलेवा साबित होने लगे. शहर के आजाद चौक इलाके से सामने आए एक डरावने सीसीटीवी वीडियो ने प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस वीडियो में एक बाइक सवार दंपती सड़क पर पानी से भरे गड्ढे में गिरता दिखाई देता है. वहीं ओघड़नगर इलाके में भी एक ही गड्ढे में अलग-अलग समय पर तीन से चार लोगों के गिरने की घटनाएं सामने आई हैं. इस तरह एक ही दिन में पांच लोग गड्ढों का शिकार हो गए.
आजाद चौक इलाके में प्रशासन ने पहले सड़क की खुदाई कराई थी, लेकिन उसके बाद सड़क की ठीक तरह से मरम्मत नहीं की गई. आरोप है कि पैचवर्क अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे वहां बड़ा गड्ढा बन गया. पहली बारिश के बाद इस गड्ढे में पानी भर गया और वह पूरी तरह दिखाई देना बंद हो गया. इसी दौरान वहां से बाइक पर एक युवक और महिला गुजर रहे थे. जैसे ही बाइक पानी से भरे हिस्से पर पहुंची, वह सीधे गड्ढे में गिर गई.
पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. वीडियो में देखा जा सकता है कि बाइक गड्ढे में गिरते ही दोनों सड़क पर गिर जाते हैं. हादसे के बाद युवक के सिर से खून बहने लगता है. वह लड़खड़ाते हुए उठने की कोशिश करता है. बाइक पर पीछे बैठी महिला किसी तरह खुद को संभालती है और घायल युवक को सहारा देती दिखाई देती है. स्थानीय लोगों की मदद से घायल बाइक सवार को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया.
आजाद चौक की घटना के अलावा ओघड़नगर इलाके से भी चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आई हैं. यहां एक ही गड्ढे में अलग-अलग समय पर तीन से चार लोग गिर गए. लगातार हो रहे इन हादसों ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है. लोगों का कहना है कि शहर में सीवर लाइन और सड़क निर्माण के अधूरे और खराब काम की वजह से आम नागरिकों की जान खतरे में पड़ गई है.
लोगों में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी
लगातार हो रहे हादसों के बाद स्थानीय लोगों में नगर निगम और प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी देखी जा रही है. लोगों का कहना है कि पहली ही बारिश में सड़कें जवाब दे गईं और गड्ढे जानलेवा साबित होने लगे. इस घटना के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे या किसी निर्दोष नागरिक की जान जाने का इंतजार कर रहा है.
नगर निगम ने क्या कहा
पूरे मामले पर नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि प्री-मानसून कार्य चल रहे थे. इसी दौरान कुछ लोग इन रास्तों से गुजर गए और हादसे का शिकार हो गए. उन्होंने बताया कि अब संबंधित स्थानों पर बैरिकेड लगा दिए गए हैं. साथ ही चेतावनी वाले बैनर और खतरे के बोर्ड भी लगाए गए हैं ताकि लोग वहां से न गुजरें.
स्टैंडिंग कमेटी चेयरमैन ने लोगों को ठहराया जिम्मेदार
नगर निगम की स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन ने भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि कई लोग लापरवाही करते हुए उन रास्तों से निकलते हैं जहां सड़क और सीवर का काम चल रहा होता है. उनका कहना है कि लोगों को पहले भी ऐसे रास्तों से नहीं गुजरने की सलाह दी जाती रही है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग वहीं से निकलते हैं और हादसे का शिकार हो जाते हैं.
उन्होंने कहा कि नगर निगम अब लोगों से और अधिक सावधानी बरतने की अपील कर रहा है ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके. फिलहाल पहली ही बारिश में सामने आए इन हादसों और वायरल सीसीटीवी ने शहर में सड़क निर्माण, अधूरे कार्य और सुरक्षा इंतजामों को लेकर नई बहस छेड़ दी है. एक ही दिन में पांच लोगों का गड्ढों में गिरना और एक बाइक सवार का गंभीर रूप से घायल होना नगर निगम की तैयारियों पर कई सवाल खड़े कर रहा है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू