भास्कर संवाददाता|गुना
भारत शासन स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय नई दिल्ली द्वारा जारी राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के निर्देशानुसार बहुभाषा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा ग्रीष्मकालीन भारतीय भाषा समर कैंप का आयोजन किया गया। शासकीय एकीकृत बालक माध्यमिक विद्यालय मानस भवन गुना में आयोजित इस कैंप में बच्चों ने संस्कृत, हिंदी, पंजाबी, उर्दू और अंग्रेजी भाषाओं में संवाद प्रस्तुत किए।
इस दौरान बच्चों ने अक्षर ज्ञान, संख्याज्ञान, अभिवादन, सप्ताह, महीना, पशु-पक्षियों, फलों, सब्जियों और व्यंजनों के नाम विभिन्न भाषाओं में सीखे। बच्चों ने नाटकों के संवाद, शब्द पहचानो, संक्षिप्त कहानी, कार्ड मेकिंग जैसी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी दिखाई। पंचम दिवस पर आशु भाषण, पोस्टर निर्माण, कविता और लोकगीत प्रस्तुत किए गए। अंतिम दिन भाषा प्रश्नोत्तरी का आयोजन हुआ, जिसमें सभी भाषाओं से संबंधित सवाल पूछे गए। गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के ज्ञानी जसवीर सिंह और शिक्षक विजय सिंह सोढ़ी ने पंजाबी भाषा एवं गुरुमुखी लिपि की जानकारी दी और बच्चों को विभिन्न भाषाओं को सीखने के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने नमस्ते, सत श्री अकाल, गुड मॉर्निंग सहित कई अभिवादन भाषाओं में प्रस्तुत किए।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.