बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग और सहरसा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में 11 मई को ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का आयोजन किया जाएगा।
यह पर्व जिले के प्रसिद्ध मटेश्वर स्थान, काठो में मनाया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक स्वाभिमान को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम की शुरुआत सोमवार सुबह 9:30 बजे मटेश्वर स्थान परिसर में होगी। इसमें श्रद्धालुओं के लिए भक्ति संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और आध्यात्मिक कार्यक्रम शामिल होंगे।
आयोजकों का लक्ष्य भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण गुजरात स्थित प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर से होने वाला सीधा प्रसारण होगा। सुबह 10:00 बजे से श्रद्धालु सोमनाथ मंदिर के कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण देख सकेंगे, जिससे वे ऐतिहासिक और आध्यात्मिक क्षणों से जुड़ पाएंगे।
प्रशासन का मानना है कि इससे जिले के लोगों को नई धार्मिक और सांस्कृतिक ऊर्जा मिलेगी।
जिला प्रशासन और कला, संस्कृति एवं युवा विभाग ने जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। आयोजन स्थल पर सुरक्षा, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक तैयारी की गई है, ताकि उपस्थित लोगों को कोई असुविधा न हो।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.