'साजिश तुम्हारी थी, लेकिन तुमने मुझे फोर्स किया' केतन की हत्या का ठीकरा एक-दूसरे पर फोड़ रहे चेतन और सिया! – Live Hindustan

पुणे के गहुंजे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में बड़ा मोड़ आ गया है। पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने हत्या की दोष एक-दूसरे पर डाल दी है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अब तक मिले सबूतों के आधार पर सिया गोयल ही इस पूरे हत्याकांड की मुख्य साजिशकर्ता नजर आ रही है।

पुणे ग्रामीण पुलिस के मुताबिक, 18 जून को लोहागढ़ किले से नीचे गिराकर केतन अग्रवाल की हत्या की गई थी। इस मामले में सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों फिलहाल 29 जून तक सात दिन की पुलिस हिरासत में हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि केतन और सिया की सगाई इसी साल फरवरी में हुई थी और कुछ महीनों बाद दोनों की शादी होने वाली थी। लेकिन पूछताछ में सिया ने दावा किया कि वह शादी नहीं करना चाहती थी और कई बार केतन से रिश्ता खत्म करने की बात भी कही थी। उसके मुताबिक, केतन शादी तोड़ने के लिए तैयार नहीं था।

सिया का आरोप है कि इसके बाद चेतन चौधरी ने केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। वहीं चेतन ने पुलिस को बताया कि सिया ने ही उस पर केतन की हत्या करने का दबाव बनाया था।

दोनों के अलग-अलग बयानों के बीच पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच और मिले सबूत सिया गोयल की ओर इशारा कर रहे हैं। जांच अधिकारियों का दावा है कि हत्या की पूरी साजिश उसी ने रची थी।

पुलिस के अनुसार, सिया और चेतन की मुलाकात पिछले साल दिवाली की एक पार्टी में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे लगातार संपर्क में रहने लगे। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों के बीच केतन की हत्या को लेकर कई बार बातचीत हुई थी।

पुलिस का मानना है कि सिया शादी नहीं करना चाहती थी। परिवार के दबाव में वह रिश्ता निभा रही थी, लेकिन उसे अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने के लिए और समय चाहिए था। जांच में यह भी सामने आया कि वह चेतन के करीब आ गई थी, हालांकि उससे भी शादी करने के लिए तैयार नहीं थी।

जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, 31 मई को सिया और केतन लोहागढ़ किले पर घूमने गए थे। वहीं किले के किनारे बैठे केतन को देखकर पहली बार सिया के मन में उसे मारने का विचार आया।

इसके बाद 14 जून को भी कथित तौर पर हत्या की कोशिश की गई। पुलिस का शक है कि सिया ने केतन को किले से धक्का देने की कोशिश की थी। जब कोशिश नाकाम रही तो उसने सांप देखने का शोर मचाया और बाद में धक्का लगने की घटना को हादसा बताने की कोशिश की।

इस मामले में सिया के माता-पिता ने भी बड़ा बयान दिया है। सिया की मां पूजा गोयल ने कहा कि अगर उनकी बेटी दोषी पाई जाती है तो उसे भी सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

उन्होंने कहा, “अगर मेरी बेटी दोषी है तो उसे उसी जगह से नीचे फेंक देना चाहिए, जहां से केतन को फेंका गया था।” पूजा गोयल ने यह भी कहा कि सिया ने कभी शादी को लेकर नाराजगी जाहिर नहीं की थी और परिवार को चेतन चौधरी के बारे में भी कोई जानकारी नहीं थी।

वहीं सिया के पिता प्रवीण गोयल ने कहा कि कानून जो भी फैसला करेगा, वह उन्हें मंजूर होगा। उन्होंने कहा कि अगर उनकी बेटी भी दोषी निकले तो उसके खिलाफ भी सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

केतन अग्रवाल के पिता ने कहा कि उनका 26 साल का बेटा पढ़ा-लिखा था और माता-पिता की इच्छा का सम्मान करते हुए उसने अरेंज मैरिज के लिए हामी भरी थी। उन्होंने कहा, “मेरे बेटे की हत्या कर दी गई। किसने क्या कहा, इससे फर्क नहीं पड़ता। मुझे सिर्फ देश के कानून पर भरोसा है।”

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News