सीहोर के इंदिरा नगर में विद्युत वितरण कंपनी ने विशेष शिविर लगाया। इसमें बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। शिविर का उद्देश्य उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना और उन्हें नई तकनीकों की जानकारी देना थ
महाप्रबंधक पूनम तुमराम के निर्देश पर सहायक अभियंता (एई) अतुलेश सिंह और कनिष्ठ अभियंता (जेई) राहुल चौबे ने उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनीं और उनका समाधान किया। उप महाप्रबंधक अंकित पालीवाल ने नए बिजली कनेक्शन तत्काल जारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान अधिकारियों ने शिविर के उद्देश्य और गतिविधियों की जानकारी भी दी।
स्मार्ट मीटर मैनेजमेंट का डेमो दिखाया शिविर का मुख्य आकर्षण बिजली विभाग का लाइव डिस्प्ले बोर्ड रहा। अधिकारी अतुलेश सिंह और उनकी तकनीकी टीम ने स्मार्ट मीटर, प्रीपेड मीटर और लोड मैनेजमेंट सिस्टम का लाइव डेमो दिखाया। उन्होंने उपभोक्ताओं को बताया कि मीटर का इनपुट और आउटपुट लोड कैसे संतुलित रहता है। इससे बिजली बिल में पारदर्शिता बनी रहती है। साथ ही, उपभोक्ता अपनी बिजली खपत पर नजर रख सकते हैं और मीटर की रीडिंग को लेकर होने वाली भ्रांतियां भी दूर होती हैं।
शिविर में नए बिजली कनेक्शन और स्वीकृत लोड में बदलाव से जुड़े आवेदनों पर भी तत्काल कार्रवाई की गई। इसके अलावा, जो उपभोक्ता बकाया बिजली बिल का एकमुश्त भुगतान नहीं कर पा रहे थे, उन्हें नियमानुसार आंशिक भुगतान की सुविधा भी दी गई।
कई गांवों से पहुंचे ग्रामीण अधिकारियों ने बताया कि आमलाहा, बिलकिसगंज, इछावर और सीहोर शहर समेत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लगाए जा रहे ऐसे शिविरों को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। इंदिरा नगर के शिविर में उपभोक्ताओं की पुरानी शिकायतों का समाधान हुआ। साथ ही लोगों को बिजली की बचत और सही उपयोग की जानकारी भी दी गई।
बिजली कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और किसी भी समस्या के लिए सीधे शिविर में आकर संपर्क करें।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.