वीरपुर, एक संवाददाता। भारत-नेपाल सीमा से सटे सुपौल जिले के सीमावर्ती गांवों के विकास की दिशा में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम ने रफ्तार पकड़ ली है। योजना के तहत जिले के कुल 30 गांवों का चयन किया गया है, जिनमें बसंतपुर प्रखंड के 27 तथा निर्मली प्रखंड के 3 गांव शामिल हैं। गृह मंत्रालय ने इस परियोजना के लिए पांच करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। प्रशासन ने चयनित गांवों का सर्वेक्षण और विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गुरुवार को वीरपुर अनुमंडल पदाधिकारी नीरज कुमार की अध्यक्षता में बसंतपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित टीसीपी भवन में वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीडीओ सुजीत कुमार मिश्रा, सीओ ब्रजेश कुमार सिंह, चयनित पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव एवं अंचल अमीन मौजूद रहे। अधिकारियों ने अब तक हुए कार्यों की समीक्षा की तथा विभिन्न विभागों से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने और योजनाओं के पुनर्स्थापन की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। योजना के तहत चयनित गांवों में बेहतर सड़क संपर्क, सौर ऊर्जा आधारित स्ट्रीट लाइट, प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक भवन, खेल मैदान, पार्क, बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक छठ घाट विकसित किए जाएंगे।
साथ ही ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से पशुपालन, बकरी पालन, मुर्गी पालन, मत्स्य पालन, महिलाओं के लिए सिलाई प्रशिक्षण, युवाओं के लिए मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण, मखाना उत्पादन और जूट आधारित उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मौके पर एसडीएम नीरज कुमार ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम का उद्देश्य चयनित पंचायतों को मॉडल पंचायत के रूप में विकसित करना है। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा और पलायन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play