हत्या के आरोपी उत्तम बाबा की ताजपोशी पर बवाल, नागपुर में किन्नरों का प्रदर्शन, पुलिस छावनी में बदला इलाका – AajTak

Feedback
नागपुर में किन्नर समाज के अंदर पीठाधीश्वर की गद्दी को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है. हत्या के आरोपी रहे किन्नर उत्तम बाबा सेनापति को पीठाधीश्वर बनाए जाने की खबर फैलते ही शहर के अलग-अलग किन्नर गुटों में नाराजगी फैल गई. मामला इतना बढ़ गया कि विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया और पुलिस को कई जगह सुरक्षा व्यवस्था करनी पड़ी. बताया जा रहा है कि उत्तम बाबा को पीठाधीश्वर की गद्दी पर बैठाने का कार्यक्रम गुरुवार को रखा गया था. यह कार्यक्रम महामंडलेश्वर हिमांगी सखी के हाथों होना था. जैसे ही इस कार्यक्रम की जानकारी शहर के बाकी किन्नरों तक पहुंची, विरोध शुरू हो गया.
बुधवार रात बड़ी संख्या में किन्नर पारडी स्थित विश्व हिंदू परिषद के कार्यालय के बाहर जमा हो गए. वहां जमकर नारेबाजी की गई और कार्यक्रम रद्द करने की मांग उठाई गई. देर रात तक प्रदर्शन चलता रहा. हालात को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया. विवाद यहीं नहीं रुका. हिमांगी सखी के नागपुर आने और रामदासपेठ स्थित होटल में रुकने की जानकारी मिलते ही बुधवार दोपहर से ही किन्नरों के कई गुट होटल के बाहर पहुंचने लगे. शाम तक वहां भारी भीड़ जमा हो गई. विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने होटल के बाहर तगड़ा बंदोबस्त तैनात किया.
हत्या के आरोपी किन्नर को पीठाधीश्वर बनाने पर बवाल
किन्नर समाज के लोगों का कहना है कि हत्या के आरोपी रहे शख्स को इतना बड़ा धार्मिक और सामाजिक पद देना गलत है. इसी वजह से चारों बड़े डेरे इस फैसले के खिलाफ दिखाई दिए. नागपुर शहर में किन्नरों के चार बड़े डेरे बताए जाते हैं और सभी में उत्तम बाबा को लेकर नाराजगी बनी हुई है. दरअसल उत्तम बाबा का नाम पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है. एक समय ऐसा था जब पूरे शहर में उसका दबदबा माना जाता था. बताया जाता है कि करीब 10 साल पहले किन्नर समाज में उसकी काफी पकड़ थी. लेकिन बाद में पैसों के बंटवारे और हिस्सेदारी को लेकर विवाद बढ़ गया.
इसी विवाद के दौरान वर्ष 2019 में उत्तम बाबा पर अपने ही चेले चमचम गजभिये की हत्या करने का आरोप लगा. इस मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था. करीब सात साल बाद उसे जमानत मिली और कुछ दिन पहले ही वह जेल से बाहर आया है. जेल से रिहाई के तुरंत बाद उसे पीठाधीश्वर बनाए जाने की तैयारी ने पूरे विवाद को और बढ़ा दिया. 
किन्नर समाज के कई लोगों का कहना है कि समाज की छवि को देखते हुए ऐसे शख्स को धार्मिक गद्दी नहीं दी जानी चाहिए. इसी बात को लेकर विरोध लगातार तेज होता गया. होटल तुली इम्पीरियल के बाहर जुटे किन्नरों ने हिमांगी सखी के खिलाफ भी नाराजगी जताई. प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि समाज के भीतर सहमति के बिना इतना बड़ा फैसला नहीं लिया जा सकता. स्थिति को देखते हुए पुलिस लगातार दोनों जगह नजर बनाए हुए थी. पारडी स्थित वीएचपी कार्यालय और रामदासपेठ स्थित होटल के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया. किसी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए पुलिस अधिकारियों ने देर रात तक मोर्चा संभाले रखा.
किन्नरों के चारों डेरे नाराज, उत्तम बाबा के खिलाफ एकजुट हुआ समाज
बताया जा रहा है कि बढ़ते विवाद और विरोध को देखते हुए फिलहाल पीठाधीश्वर बनाने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है. हालांकि उत्तम बाबा को लेकर समाज के भीतर नाराजगी अभी भी खत्म नहीं हुई है. आने वाले दिनों में यह विवाद और बढ़ सकता है. इस पूरे मामले में किन्नर समाज की नेता विद्या कांबले ने भी विरोध जताया है. उनका कहना है कि समाज की गरिमा और परंपरा को ध्यान में रखते हुए फैसला लिया जाना चाहिए. फिलहाल नागपुर में किन्नर समाज के भीतर इस मुद्दे को लेकर तनाव बना हुआ है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News