हामिद अंसारी के बयान पर घमासान, इमाम इलियासी बोले- देश का माहौल… – ABP News

पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता को लेकर दिए बयान पर सियासी विवाद बढ़ गया है. अंसारी ने जवाहरलाल नेहरू के एक पुराने बयान का हवाला देते हुए कहा था कि भारत के लिए असली खतरा साम्यवाद नहीं, बल्कि हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता है. उन्होंने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के बढ़ते चलन पर भी चिंता जताई. इसके बाद अखिल भारतीय इमाम संगठन के मुख्य इमाम डॉ. उमर अहमद इलियासी ने अंसारी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि अंसारी मुस्लिम समुदाय का इस्तेमाल कर अपना प्रभाव वापस पाने की कोशिश कर रहे हैं और उनके बयान देश का माहौल बिगाड़ने वाली बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकते हैं.
इलियासी बोले- मुस्लिमों को इस तरह इस्तेमाल करना ठीक नहीं
इमाम डॉ. उमर अहमद इलियासी ने अंसारी के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा, “जब हामिद अंसारी सत्ता में थे और बड़े पदों पर रहे, तब वे खुद को धर्मनिरपेक्ष बताते थे. अब उन्हें मुस्लिम समुदाय की याद आ रही है. इलियासी ने कहा कि मुस्लिम समाज अब अंसारी के बारे में सवाल नहीं कर रहा है और उनके मुताबिक अपनी छवि सुधारने के लिए उन्होंने यह बयान दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्लिमों को इस तरह इस्तेमाल कर उन्हें उकसाने वाले बयान देना देश के माहौल को खराब कर सकता है. इलियासी ने इसे देश का माहौल बिगाड़ने की एक बड़ी साजिश तक बताया.”
क्या कहा था हामिद अंसारी ने?
हामिद अंसारी ने 19 सितंबर को दिल्ली स्थित इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर में आयोजित एजी नूरानी स्मृति कार्यक्रम में हिस्सा लिया था. इस दौरान उन्होंने संविधान विशेषज्ञ और लेखक एजी नूरानी के विचारों का जिक्र किया और जवाहरलाल नेहरू के उस पुराने बयान को दोहराया, जिसमें हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता को भारत के लिए बड़ा खतरा बताया गया था. अंसारी ने कहा कि हाल के वर्षों में ऐसे रुझान और तौर-तरीके सामने आए हैं, जो नागरिक राष्ट्रवाद की स्थापित अवधारणा पर सवाल खड़े करते हैं और उसकी जगह एक नए तरह के सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को आगे बढ़ाते हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि इन प्रवृत्तियों के जरिए धार्मिक बहुमत को चुनावी बहुमत के रूप में पेश कर राजनीतिक सत्ता पर एकाधिकार की कोशिश की जा रही है. उनके मुताबिक इससे नागरिकों के बीच उनके धर्म के आधार पर अंतर पैदा करने, असहिष्णुता को बढ़ावा देने और दूसरेपन की भावना पैदा करने का खतरा है.
इलियासी ने मोहन भागवत के बयानों का भी दिया हवाला
हामिद अंसारी की आलोचना करते हुए इमाम इलियासी ने कहा कि अगर वे हिंदू-मुस्लिम संबंधों की बात कर रहे हैं तो उन्हें आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के उन बयानों का भी समर्थन करना चाहिए, जिन्हें इलियासी ने मुस्लिम समुदाय के प्रति सकारात्मक बताया. इलियासी ने कहा कि भागवत ने भारतीयों के डीएनए को एक जैसा बताया है. उन्होंने मस्जिदों के नीचे शिवलिंग तलाशने की मांगों पर भी आपत्ति जताई थी. इलियासी ने अमेरिका यात्रा के दौरान मुस्लिमों के अधिकारों को लेकर भागवत की ओर से दिए गए बयान का भी जिक्र किया और कहा कि अंसारी को इन बयानों का भी समर्थन करना चाहिए.
भाजपा और विहिप ने भी साधा निशाना
अंसारी के बयान पर भाजपा और विश्व हिंदू परिषद ने भी विरोध जताया. भाजपा ने आरोप लगाया कि अंसारी का बयान कांग्रेस की कथित ‘हिंदू विरोधी राजनीति’ को दिखाता है. पार्टी ने सोशल मीडिया पोस्ट में राहुल गांधी के पुराने बयानों का भी हवाला देते हुए इसे विपक्ष के राजनीतिक रुख से जोड़ने की कोशिश की.
विहिप नेता विनोद बंसल ने भी अंसारी की टिप्पणी की आलोचना की. उन्होंने आरोप लगाया कि भारत के बहुसंख्यक हिंदू समाज से कोई खतरा नहीं है, बल्कि उन लोगों से खतरा है जो बहुसंख्यक-अल्पसंख्यक के बीच विभाजन की राजनीति करते हैं और कट्टरपंथ को बढ़ावा देने वालों का बचाव करते हैं.
यह भी पढ़िएः यूक्रेन को ड्रोन देने पर भड़का रूस, ब्रिटेन पर निकाला गुस्सा, कहा- साझेदारी…
आशुतोष प्रताप सिंह ABP न्यूज डिजिटल में कार्यरत हैं. वे न्यूज़ टीम का हिस्सा हैं और राजनीति, खेल, राष्ट्रीय घटनाक्रम, चुनाव, सामाजिक मुद्दों और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों पर विशेष रूप से लिखते हैं. समाचारों को सरल, तथ्यपरक और पाठकों के लिए सहज भाषा में प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का प्रमुख हिस्सा है.
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के मूल निवासी आशुतोष प्रताप सिंह पिछले करीब 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्यूनिकेशन से रेडियो एवं टीवी जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन डिप्लोमा किया है. समाचार लेखन के अलावा उन्हें घूमने, नई जगहों को जानने और फोटोग्राफी का विशेष शौक है. राजनीतिक और खेल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि रही है, जिसके चलते इन विषयों पर निरंतर लेखन और विश्लेषण करते रहे हैं.
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News