भास्कर न्यूज | समस्तीपुर
मंडल कार्यालय में गुरुवार को राजभाषा पखवाड़ा-2026 का उत्साह पूर्वक शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के तत्वावधान में राजभाषा संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा, अपर मंडल रेल प्रबंधक सन्नी सिन्हा समेत रेल मंडल के अधिकारी मौजूद रहे। संगोष्ठी में नराकास अध्यक्ष सह क्षेत्रीय प्रबंधक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया प्रेमरंजन कुमार और विशिष्ट अतिथि प्रसिद्ध कवि एवं साहित्यकार डॉ. संजय पंकज शामिल हुए। केंद्र सरकार के विभिन्न कार्यालयों, उपक्रमों, बैंकों तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय सहित कई संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। मुख्य वक्ता डॉ. संजय पंकज ने कहा कि हिंदी की समृद्धि और विकास में ऐसे महापुरुषों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनकी मातृभाषा हिंदी नहीं थी। नेताजी सुभाष चंद्र बोस, लोकमान्य तिलक, महात्मा गांधी, काकासाहब कालेलकर और सी. राजगोपालाचारी जैसे व्यक्तित्वों ने हिंदी के मान, संरक्षण और संवर्धन के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि हिंदी देश की विभिन्न भाषाओं को जोड़ने वाली कड़ी बन सकती है। सभी भारतीय भाषाओं को अपनी मूल लिपि के साथ नागरी लिपि में लिखने का अभ्यास भी बढ़ाना चाहिए। रामचरितमानस और हिंदी को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि इनके बिना हमारी सांस्कृतिक जड़ें कमजोर होंगी। कार्यक्रम में हिंदी की महत्ता पर आधारित चार वीडियो क्लिप भी दिखाई गईं। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिंदी पर संदेश, गीतकार जावेद अख्तर के भाषाई मेल-जोल संबंधी विचार, अभिनेता आशुतोष राणा द्वारा ‘रश्मिरथी’ के तृतीय सर्ग का ओजस्वी पाठ तथा हास्य कवि अशोक चक्रधर की प्रस्तुति शामिल थी। अंत में मंडल वित्त प्रबंधक ने अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.