हिंदी व्याकरण मॉडल बने आकर्षण, छात्रों ने नवाचार की मिसाल पेश की – Dainik Bhaskar

भास्कर संवाददाता | गुना
विज्ञान विषयों की तर्ज पर हिंदी व्याकरण को मॉडल और प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत कर क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग ने उच्च शिक्षा में नवाचार की नई पहल की है। शुक्रवार को आयोजित “हिंदी भाषा एवं व्याकरण प्रदर्शनी” में विद्यार्थियों ने हिंदी व्याकरण के जटिल विषयों को आकर्षक मॉडल, चार्ट और रचनात्मक प्रस्तुतियों के जरिए सहज और रोचक रूप में प्रदर्शित किया।
प्रदर्शनी का शुभारंभ कुलगुरु प्रो. डॉ. किशन यादव की अध्यक्षता में हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि हिंदी व्याकरण को प्रयोगात्मक रूप में प्रस्तुत करने का यह प्रयास उच्च शिक्षा में नवाचार का “मील का पत्थर” साबित होगा। उन्होंने घोषणा की कि हिंदी व्याकरण मॉडल तैयार करने वाले सभी विद्यार्थियों को आगामी 15 अगस्त को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
प्रदर्शनी में व्याकरण गार्डन और स्कूल बने मुख्य आकर्षण प्रदर्शनी में दो विशेष मॉडल सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र रहे। व्याकरण गार्डन में संज्ञा, सर्वनाम, विशेषण, क्रिया सहित विभिन्न व्याकरणीय अवयवों को उद्यान की थीम पर सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया। वहीं “व्याकरण स्कूल” में हिंदी भाषा की उत्पत्ति, विकास और स्वरूप को मॉडल एवं चार्ट के माध्यम से समझाया गया। इसके अलावा संधि, समास, अलंकार, शब्द-भेद, मुहावरे और लोकोक्तियों सहित हिंदी व्याकरण के विभिन्न विषयों को आकर्षक प्रोजेक्ट, पोस्टर और मॉडलों के जरिए प्रदर्शित किया गया।
कुलसचिव प्रो. डॉ. एके मुद्गल ने कहा कि नई शिक्षा नीति-2020 का मूल उद्देश्य शिक्षा को नवाचार और व्यवहारिकता से जोड़ना है। हिंदी विभाग द्वारा तैयार किए गए व्याकरण मॉडल इसी सोच को साकार करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयोग विद्यार्थियों की सृजनात्मक क्षमता को नई दिशा देंगे और साहित्य अध्ययन को अधिक प्रभावी बनाएंगे। हिंदी विभागाध्यक्ष सुश्री रितिका जैन ने कहा कि हिंदी साहित्य को वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार के साथ पढ़ाना समय की आवश्यकता है। भविष्य में साहित्य की अन्य विधाओं को भी इसी प्रकार मॉडल आधारित शिक्षण से जोड़ा जाएगा।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News