जापान की एक महिला ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपना अनुभव साझा किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। भारत से जापान लौटने के बाद जब वे बीमार पड़ीं, तो उन्होंने भारतीय हेल्थकेयर सिस्टम की सुविधाओं की तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारत में स्वास्थ्य सेवाएं जापान से ज्यादा सुविधाजनक हैं।
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @hikarusan.india हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में महिला (हिकारू-सान) ने बताया कि भारत से लौटने के बाद एक सुबह उन्हें जोरों की उल्टी हुई। लगभग चार बार उल्टी होने के बाद वे इतनी कमजोर हो गईं कि बिस्तर से उठना भी मुश्किल हो गया। फिर भी जापान में अस्पताल जाने के लिए उन्हें टैक्सी बुक करनी पड़ी। दवाइयां लेने के लिए भी इंतजार करना पड़ा।
उन्होंने वीडियो में कहा, “मैं भारत से जापान वापस आई हूं और यहां बहुत असुविधा हो रही है। आज सुबह मुझे लगभग चार बार उल्टी हुई और मैं हिल भी नहीं पा रही थी। मेरी हालत बहुत खराब थी, लेकिन मुझे अस्पताल जाना था। जापान में आपको अस्पताल जाना ही पड़ता है। मैं नहीं हिल पा रही थी, लेकिन किसी तरह टैक्सी पकड़ ली।” भारत में अपने अनुभव की तुलना करते हुए उन्होंने बताया कि वहां ऐप के जरिए डॉक्टर बुक किया जा सकता है। डॉक्टर करीब 30 मिनट में घर आ जाते हैं। परामर्श के बाद दवाइयां भी जल्दी डिलीवर हो जाती हैं। बिस्तर से उठे बिना ही इलाज संभव है।
कैप्शन में उन्होंने लिखा, यानी “एक ऐसी चीज जो भारत जापान से बेहतर करता है! मैं जापान वापस आ गई हूं और मुझे एहसास हुआ कि भारत में जिंदगी कितनी सुविधाजनक हो सकती है! मैं इतनी बीमार हूं कि बिस्तर से उठ नहीं पा रही। भारत में मैं ऐप से डॉक्टर बुक कर सकती हूं और वे घर आ जाते हैं! कभी नहीं सोचा था कि भारत की इस बात को इतना मिस करूंगी।” यह महिला पहले मुंबई में रह चुकी हैं और भारत के बारे में सकारात्मक अनुभव साझा करती रही हैं। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है। कई यूजर्स ने भारतीय ऐप-बेस्ड होम हेल्थकेयर सर्विसेज की तारीफ की। कुछ ने कहा कि प्राइवेट सेक्टर में ऐसी सुविधाएं मरीजों के लिए राहत भरी हैं। कई जापानी और विदेशी यूजर्स ने भी अपने अनुभव शेयर किए।
भारत का डिजिटल हेल्थकेयर मॉडल तेजी से बढ़ रहा है। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन जैसी योजनाएं भी इसे मजबूत कर रही हैं। विदेशी नागरिकों के लिए भी ये सेवाएं आकर्षक साबित हो रही हैं। हिकारू-सान का अनुभव दिखाता है कि सुविधा और पहुंच के मामले में भारत ने कुछ क्षेत्रों में आगे कदम बढ़ाया है। वीडियो ने दोनों देशों की हेल्थकेयर व्यवस्था पर नई बहस छेड़ दी है। लोग अपनी-अपनी राय रख रहे हैं कि सुविधा और गुणवत्ता दोनों जरूरी हैं। वहीं, भारत में कई ऐप्स के जरिए होम विजिट डॉक्टर और मेडिसिन डिलीवरी आम हो गई है। खासकर शहरों में यह सेवा तेज और सुलभ है। जापान में स्वास्थ्य व्यवस्था उच्च गुणवत्ता की है, लेकिन होम विजिट इतनी आसानी से उपलब्ध नहीं होती। मरीज को खुद अस्पताल या क्लिनिक जाना पड़ता है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें –
भारत के हेल्थकेयर सिस्टम की दीवानी हुई अमेरिकी महिला, बताया US से कहीं बेहतर; रिएक्शन हो रहा वायरल
© 2009-2026 Independent News Service. All rights reserved.