Feedback
अमेरिका और ईरान में एमओयू के बाद होर्मुज स्ट्रेट में आवाजाही अभी सामान्य हो ही रही थी कि एक के बाद एक तीन तेल टैंकर पर हमले से हालात बदल गए हैं. इन हमलों के बाद होर्मुज स्ट्रेट में सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं उत्पन्न हो गई हैं. कतर ने ईरान के उप राजदूत को तलब किया. वहीं, सऊदी अरब ने भी इन हमलों की निंदा की है. अमेरिका ने भी इन हमलों के बाद कड़ा कदम उठाते हुए ईरान से जुड़ा जनरल लाइसेंस वापस ले लिया है.
अमेरिका ने ईरान से संबंधित जनरल लाइसेंस रद्द करने का ऐलान कर दिया है. ट्रंप प्रशासन के इस कदम के साथ ही ईरानी तेल के उत्पादन और बिक्री के लिए अमेरिकी अनुमति अब समाप्त हो गई है. अमेरिकी वित्त विभाग ने इस संबंध में अपनी वेबसाइट पर जानकारी अपडेट कर दी है. अमेरिकी वित्त विभाग के मुताबिक ईरानी तेल के उत्पादन और बिक्री से जुड़ा 21 जून को जारी आदेश संशोधित कर वापस ले लिया गया है.
इस आदेश के जरिये अमेरिकी वित्त विभाग ने ईरान तेल के उत्पादन, बिक्री और आपूर्ति की अनुमति दी थी. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक होर्मुज स्ट्रेट में ईरान के हालिया एक्शन के बाद यह फैसला लिया गया है. अधिकारियों ने होर्मुज में हमलों को अस्वीकार्य बताया और कहा कि अब ईरान को इसके परिणाम भुगतने होंगे. होर्मुज में ताजा टेंशन के बावजूद अमेरिका-ईरान की बातचीत जारी रहेगी.
एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा है कि वार्ताकार अंतिम समझौते तक पहुंचने के लिए पूरी ईमानदारी और सद्भावना के साथ बातचीत जारी रखे हुए हैं. इससे पहले, सऊदी अरब ने होर्मुज में हमलों की कड़ी निंदा की और इसके लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया. सऊदी विदेश मंत्रालय ने होर्मुज में सऊदी तेल टैंकर पर हमले की जानकारी दी और निंदा करते हुए ईरान से ऐसी सभी गतिविधियां तुरंत बंद करने की अपील की, जो समुद्री नौवहन के लिए खतरा पैदा करती हैं.
यह भी पढ़ें: 24 घंटे में तीन टैंकरों पर अटैक… अमेरिका-ईरान तनाव के बीच होर्मुज में फिर टेंशन
वहीं, कतर के विदेश मंत्रालय ने होर्मुज स्ट्रेट में अपने एलएनजी टैंकर पर हमले को लेकर ईरानी उप राजदूत को तलब कर लिया. कतर के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर इसकी जानकारी दी और कहा कि ईरान को क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाली सभी गतिविधियां तत्काल रोकने की मांग करते हुए प्रोटेस्ट नोट सौंपा गया है.
ईरान का भी आया बयान
इन सबको लेकर अब ईरान का भी बयान आया है. ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि ऐसे जहाज जो ईरान के साथ समन्वय स्थापित किए बिना निर्धारित समुद्री मार्गों का उपयोग करते हैं, ट्रैकिंग सिस्टम से छेड़छाडड़ करते हैं, उनको सुरक्षा जोखिम का सामना करना पड़ सकता है. ईरान ने यह भी कहा है कि ऐसी गतिविधियां होर्मुज में सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के ईरान के प्रयासों में भी बाधा डालती हैं.
यह भी पढ़ें: खामेनेई का जनाजा उठा, होर्मुज में बम फूटा… क्या फिर शुरू हो जाएगा US-ईरान युद्ध?
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कतर से जुड़े जहाज पर हमले के आरोप को हैरान करने वाला बताया और कहा कि ऐसे आरोप अच्छे पड़ोसी के सिद्धांतों के अनुरूप नहीं हैं. उन्होंने दुनिया के सभी देशों और उनकी शिपिंग कंपनियों से यह अपील भी की है कि एमओयू के प्रावधानों से हटकर कोई भी कदम न उठाएं. ईरानी विदेश मंत्रालय ने होर्मुज स्ट्रेट के प्रबंधन से जुड़ी एमओयू की प्रतिबद्धताओं का पूरी निष्ठा से पालन करने का दावा किया.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू