भारत ने चीन पर जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारतीय क्षेत्रों पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया है। …और पढ़ें
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत ने एकबार फिर चीन को दो टूक संदेश दिया है। शुक्रवार को विदेश मंत्रालय ने चीन पर भारत की संप्रभुता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि चीन ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारतीय इलाकों पर गैर-कानूनी रूप से कब्जा किया हुआ है।
मंत्रालय की साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान जायसवाल ने कहा कि सरकार को जम्मू-कश्मीर में चीन के प्रोजेक्ट्स पर आपत्ति है। उन्होंने आगे कहा, ‘विदेश मंत्री ने कहा कि जब संप्रभुता के मुद्दों की बात आती है, तो असल में भारत ही उसे उठाता है। भारत किसी भी तरह से चीन की संप्रभुता का उल्लंघन नहीं करता है और इस मामले में उसका रुख हमेशा एक जैसा रहा है।’
जायसवाल ने कहा, ‘साल 1963 से ही चीन ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारत के इलाकों पर गैर-कानूनी कब्जा कर रखा है, जबकि इन इलाकों पर भारत के अधिकार को खुद चीन भी आधिकारिक तौर पर मानता है। जम्मू-कश्मीर में भारत के इलाकों में चीन के प्रोजेक्ट चल रहे हैं और हम इसका विरोध करते हैं।’
यह बात विदेश मंत्री एस. जयशंकर की मनीला में आसियान समिट के दौरान चीनी समकक्ष वांग यी से मुलाकात के एक दिन बाद सामने आई है। चीनी विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक, वांग ने कहा कि कजान और तियानजिन में चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई मुलाकातों ने चीन-भारत संबंधों को सुधार और विकास की सही राह पर आगे बढ़ाया है।’
वांग ने कहा, ‘चीन और भारत एक-दूसरे के लिए प्रतियोगी नहीं, बल्कि साझेदार देश हैं; वे एक-दूसरे के लिए खतरा नहीं, बल्कि अवसर हैं।’ उन्होंने आगे कहा कि दोनों देशों के बीच संस्थागत आदान-प्रदान धीरे-धीरे फिर से शुरू हो गए हैं, सीमावर्ती इलाकों में शांति और स्थिरता बनी हुई है, और द्विपक्षीय व्यापार नई ऊंचाई पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा, ‘ये उपलब्धियां आसानी से हासिल नहीं हुई हैं और इनका सम्मान किया जाना चाहिए।’
यह भी पढ़ें- अमेरिका ने फिर दिया झटका! भारत-चीन समेत 60 देशों पर लगाया नया टैरिफ, क्या पड़ेगा असर?
यह भी पढ़ें- चीन पर अमेरिका के एआई मॉडल की चोरी का आरोप, कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने पर चल रहा विचार