देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर जोर पकड़ता नजर आ रहा है। कहीं भारी बारिश सड़कों पर मुश्किलें बढ़ा रही है तो कहीं तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में छात्रों और अभिभावकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 24 अगस्त को स्कूल बंद रहेंगे? मूसलाधार बारिश की आशंका के बीच मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए ताजा अलर्ट जारी किया है। हालांकि, स्कूलों में छुट्टी को लेकर अंतिम फैसला स्थानीय प्रशासन और संबंधित जिला अधिकारियों के आदेश पर ही निर्भर करेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा मौसम बुलेटिन में कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर पूर्वी और मध्य भारत के कई इलाकों में देखने को मिल सकता है।
IMD के मुताबिक, 24 अगस्त को बिहार, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और कई अन्य इलाकों में मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 23 से 24 अगस्त के दौरान आंधी-तूफान, बिजली चमकने और तेज हवाओं की भी संभावना जताई गई है। बिहार में 24 अगस्त से 26 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 24 अगस्त को बिहार में मध्यम से गंभीर स्तर तक बिजली कड़कने की गतिविधि की आशंका भी जताई गई है।
ओडिशा में मौसम का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है। IMD ने 23 से 26 अगस्त के दौरान राज्य में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। 23 अगस्त को कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई थी। विभाग ने भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, बाढ़ जैसी स्थिति और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी जताई है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 से 25 अगस्त के दौरान कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। वहीं, 24 से 27 अगस्त के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में जिन जिलों में स्थानीय स्तर पर भारी बारिश या जलभराव की स्थिति बनती है, वहां प्रशासन हालात को देखते हुए स्कूलों के संचालन पर फैसला ले सकता है।
दिल्ली-NCR के लिए IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक 24 अगस्त को आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर के बीच कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
फिलहाल सिर्फ IMD के बारिश के पूर्वानुमान के आधार पर पूरे देश या किसी राज्य में स्कूलों की छुट्टी घोषित नहीं मानी जा सकती। स्कूल बंद करने का फैसला संबंधित राज्य सरकार, जिला प्रशासन या स्थानीय शिक्षा विभाग मौसम और स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए करता है। इसलिए छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे अपने जिले के प्रशासन, जिला शिक्षा विभाग और स्कूल की ओर से जारी आधिकारिक सूचना पर नजर रखें। जहां भारी बारिश, बाढ़ या जलभराव जैसी गंभीर स्थिति बनेगी, वहां स्थानीय प्रशासन छुट्टी को लेकर अलग से आदेश जारी कर सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को मौसम की बदलती स्थिति पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने की सलाह दी है। बिजली गिरने की आशंका के दौरान पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने और जलभराव वाले इलाकों में सतर्क रहने की भी अपील की गई है। कुल मिलाकर, 24 अगस्त को स्कूलों की छुट्टी होगी या नहीं, इसका जवाब आपके जिले में जारी होने वाले स्थानीय प्रशासन के आदेश पर निर्भर करेगा। IMD ने कई राज्यों में भारी बारिश और खराब मौसम की चेतावनी जरूर दी है, इसलिए छात्रों और अभिभावकों को आधिकारिक अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखनी चाहिए।
शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
– शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
– नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
– UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
– अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
– राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play