रियलमी कंपनी अपनी ’16 नंबर’ सीरीज के नए स्मार्टफोंस पर काम कर रही है। कल ही realme 16x 5G फोन की जानकारी सामने आई थी जिसमें रैम, स्टोरेज और कलर मॉडल्स का खुलासा हुआ था। वहीं आज इसी सीरीज के एक अन्य अपकमिंग मोबाइल फोन realme 16T 5G की डिटेल्स भी सामने आ गई है। यह रियलमी 5जी फोन बेंचमार्किंग प्लेटफॉर्म गीकबेंच पर लिस्ट हो गया है जिसमें फोन प्रोसेसर, रैम और जीपीयू की जानकारी मिली है।
realme 16T 5G फोन को RMX5268 मॉडल नंबर के साथ गीकबेंच पर लिस्ट किया गया है जिसमें टिपस्टर अभिषेक यादव ने स्पॉट किया है। यह गीकबेंच लिस्टिंग आज यानी 30 अप्रैल की ही है। सबसे पहले बेंचमार्क स्कोर की बात करें तो रियलमी 16टी को यहां सिंगल-कोर में 784 प्वाइंट्स प्राप्त हुए हैं और स्मार्टफोन का मल्टी-कोर बेंचमार्क स्कोर 2007 आया है।
बेंचमार्क में खुलासा हुआ है कि यह रियलमी 5जी फोन MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर के साथ मार्केट में एंट्री लेगा। मोबाइल में ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिए जाने की पुष्टि गीकबेंच पर हो गई है। इस मोबाइल चिपसेट की बेस फ्रिक्वेंसी 2.0गीगाहर्ट्ज़ है और टॉप क्लॉक स्पीड 2.4गीगाहर्ट्ज़ है।
रियलमी 16टी 5जी फोन को गीकबेंच पर 8GB RAM के साथ लिस्ट किया गया है। यह मोबाइल का टॉप वेरिएंट हो सकता है और इसके बेस वेरिएंट को 6GB RAM पर लॉन्च किया जा सकता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए इस मोबाइल फोन में Mali-G57 MC2 GPU दिए जाने की जानकारी भी इस लिस्टिंग में प्राप्त हो गई है।
बीते दिनों सामने आए लीक के अनुसार यह अपकमिंग रियलमी 5जी फोन इंडिया में तीन मेमोरी वेरिएंट्स में लाया जा सकता है। इनमें 6GB RAM + 128GB Storage, 8GB RAM + 128GB Storage और 8GB RAM + 256GB Storage वेरिएंट शामिल हो सकते हैं। वहीं इस स्मार्टफोन को Aurora Green, Starlight Black और Starlight Red कलर में बेचा जा सकता है।
realme 15T की बात करें तो सितंबर 2025 में यह स्मार्टफोन 20,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर आया था जिसमें 8GB RAM + 128GB Storage मिली थी। इस फोन में 2.4GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने वाला मीडियाटेक का ही Dimensity 6400 Max प्रोसेसर दिया गया था। 91मोबाइल्स की टेस्टिंग में यह 4,48,625 AnTuTu score अचीव कर चुका है। इसमें 6.57-इंच की फुलएचडी+ AMOLED डिस्प्ले दी गई है जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 4000nits पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करती है।
पावर बैकअप के लिए रियलमी 15टी 7000mAh Battery सपोर्ट करता है। हमारी टेस्टिंग में इसका PCMark Battery बेंचमार्क स्कोर 17 घंटे, 30 मिनट आया था। वहीं मोबाइल को तेजी से चार्ज करने के लिए इसमें 60वॉट फास्ट चार्जिंग तकनीक के साथ 10वॉट रिवर्स चार्जिंग भी दी गई है। फोटोग्राफी के लिए यह रियलमी 5जी फोन 50 मेगापिक्सल डुअल रियर कैमरा और 50 मेगापिक्सल सेल्फी सेंसर सपोर्ट करता है।
realme 16T की गीकबेंच डिटेल्स देखते हुए अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह मोबाइल परफॉर्मेंस के मामले में औसतदर्जे का ही होगा। डाइमेंसिटी 6300 दो साल पुराना प्रोसेसर है और रियलमी फैंस द्वारा इसे नापसंद किया जा सकता है। देखा जाए तो रियलमी 15टी की तुलना में इसे हल्का सीपीयू ही कहा जाएगा। हो सकता है कि अपकमिंग रियलमी फोन बड़ी बैटरी पर लाया जाए जो इसकी मुख्य यूएसपी बनेगी। बहरहाल फोन से जुड़ी पुख्ता जानकारी के लिए अभी और इंतजार करना होगा।
