Feedback
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) की 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे किसानों के लिए बड़ी खबर है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 अक्टूबर को गुजरात के बनासकांठा जिले से इस किस्त की राशि जारी करेंगे. इसके तहत देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को ₹18,680 करोड़ से ज्यादा की आर्थिक मदद मिलेगी. गुजरात के कृषि मंत्री जीतू वाघाणी ने बुधवार को यह जानकारी दी. मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात के दौरे पर रहेंगे. गुजरात दौरे के दूसरे दिन, 31 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नर्मदा जिले के एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे. यह कार्यक्रम देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया जाएगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बनासकांठा जिले के भीलडी में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे. इस दौरान देशभर के पात्र किसान परिवारों के खातों में आर्थिक सहायता भेजी जाएगी. गुजरात के कृषि मंत्री जीतू वाघाणी ने बताया कि राज्य के 52.33 लाख से अधिक किसान परिवारों को ₹1,051 करोड़ से ज्यादा की राशि मिलेगी. उन्होंने भीलडी में ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के बाद यह जानकारी दी.
पीएम किसान में सालाना ₹6,000 मिलते हैं
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल ₹6,000 की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह पैसा ₹2,000 की तीन बराबर किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजा जाता है. वाघाणी के मुताबिक, योजना की पिछली 23 किस्तों के जरिए देशभर में ₹4.47 लाख करोड़ से अधिक की राशि बांटी जा चुकी है. वहीं, गुजरात के लाभार्थियों को अब तक ₹24,137 करोड़ से ज्यादा की आर्थिक मदद मिल चुकी है.
PM दो बायो-CNG प्लांट का करेंगे शिलान्यास
पीएम किसान की किस्त जारी करने के अलावा प्रधानमंत्री मोदी बनास डेयरी की ओर से थराद और राधनपुर में बनाए जा रहे दो कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) प्लांट का शिलान्यास भी करेंगे. इन संयंत्रों में गोबर से बायोगैस तैयार की जाएगी.
थराद प्लांट: हर दिन 75 टन गोबर के प्रसंस्करण की क्षमता.
राधनपुर प्लांट: हर दिन 100 टन गोबर के प्रसंस्करण की क्षमता.
इन दोनों प्लांट के शुरू होने के बाद बनास मॉडल के तहत बायो-CNG संयंत्रों की संख्या बढ़कर छह हो जाएगी. इन सभी प्लांट की कुल क्षमता हर दिन 515 टन गोबर के प्रसंस्करण की होगी. गोबर से तैयार बायो-CNG रियायती दरों पर बेची जाती है. बनासकांठा डेयरी फिलहाल हर दिन करीब 6,100 किलोग्राम बायो-CNG की आपूर्ति कर रही है. अनुमान है कि छह संयंत्रों से हर साल 33,400 से 34,600 टन तक कार्बन उत्सर्जन रोकने में मदद मिलेगी.
बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी 30 अक्टूबर को भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (BBBRC) का भी उद्घाटन करेंगे. इस केंद्र को ₹328.77 करोड़ की लागत से विकसित किया गया है. इसके अलावा, प्रधानमंत्री बनास डेयरी की नई आलू प्रसंस्करण विस्तार परियोजना का उद्घाटन करेंगे. वह डेयरी की अल्ट्रा हाई टेंपरेचर (UHT) इकाई में तैयार स्वचालित भंडारण और सामान निकालने की प्रणाली (ASRS) का भी उद्घाटन करेंगे.
पीएम किसान उत्सव दिवस के मौके पर गुजरात में जिला स्तर पर 34 और क्लस्टर स्तर पर 2,100 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन कार्यक्रमों में मुख्य आयोजन का सीधा प्रसारण होगा. इसके साथ ही कृषि और बागवानी विभागों की विभिन्न योजनाओं के मंजूरी पत्र भी लाभार्थियों को बांटे जाएंगे. कृषि मंत्री जीतू वाघाणी ने भिलडी में स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने गांधीनगर से अधिकारियों और संबंधित पक्षों के साथ ऑनलाइन समीक्षा बैठक में भी हिस्सा लिया.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू