यशस्वी जायसवाल से नाराज हुए रोहित शर्मा, होटल में ही छोड़कर चली गई टीम इंडिया – TV9 Bharatvarsh

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट मैच 14 दिसंबर से शुरू होने वाला है और उस मुकाबले से पहले भारतीय टीम में सबकुछ ठीक नहीं है. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो रोहित शर्मा को यशस्वी जायसवाल से नाराज बताया जा रहा है. इसकी वजह यशस्वी जायसवाल की एक गलती रही जिसकी वजह से उन्हें टीम होटल में ही छोड़ दिया गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक यशस्वी जायसवाल टीम बस में बैठने के लिए समय से नहीं पहुंचे और इस खिलाड़ी को वहीं छोड़ दिया गया. यशस्वी जब बस तक पहुंचे तो टीम बस जा चुकी थी.
यशस्वी जायसवाल को जब टीम बस होटल में ही छोड़कर चली गई तो बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कार का सहारा लिया. वो कार से एयरपोर्ट पहुंचे. इसके बाद उन्होंने टीम के साथ ही एडिलेड से ब्रिसबेन की उड़ान भरी. यशस्वी जायसवाल की इस लेट लतीफी से कप्तान रोहित शर्मा नाराज थे. यशस्वी को सुबह 8.30 बजे टीम बस में पहुंचना था लेकिन उन्हें देरी हो गई.
ऑस्ट्रेलिया से आ रही रिपोर्ट के मुताबिक रोहित शर्मा ने ही जायसवाल को होटल में ही छोड़ने के लिए कहा. दरअसल टीम इंडिया की ब्रिसबेन की फ्लाइट सुबह 10 बजकर 5 मिनट पर थी. सुबह 8 बजकर 20 मिनट पर टीम के खिलाड़ी टीम बस में बैठना शुरू हुए. 8.30 बजे तक टीम बस को एयरपोर्ट के लिए निकलना था लेकिन जायसवाल टाइम पर नहीं पहुंचे.
जायसवाल से हुई गलती
टीम बस ने जायसवाल का इंतजार भी किया इसके बाद रोहित बस से उतरे और उन्होंने टीम मैनेजर लाइज़न ऑफिसर से बातचीत की. इस बातचीत के बाद बस एयरपोर्ट के लिए निकल गई. टीम बस जब जायसवाल को छोड़कर चली गई तो ये खिलाड़ी टीम के सिक्योरिटी मैनेजर के साथ एक कार में एयरपोर्ट पहुंचा.जाहिर तौर पर यशस्वी जायसवाल की इस हरकत से रोहित शर्मा नाराज होंगे. अब इसके बाद उन्होंने एयरपोर्ट पहुंचकर रोहित शर्मा और दूसरे खिलाड़ियों से माफी मांगी या नहीं ये तो अबतक पता नहीं चल पाया है.
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच गाबा में तीसरा टेस्ट खेला जाएगा. सीरीज 1-1 से बराबरी पर है. पहला टेस्ट पर्थ में हुआ और टीम इंडिया ने उसे 295 रनों से जीता. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने एडिलेड में पलटवार करते हुए 10 विकेट से डे-नाइट टेस्ट जीता. अब गाबा में सीरीज में कौन बढ़त हासिल करेगा ये देखना दिलचस्प रहेगा.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News