युवाओं ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प – Inext Live

रांची (ब्यूरो) : रांची के सरला बिरला यूनिवर्सिटी के कला मंडपम हॉल में शनिवार को स्वर्णिम भारत एक्सपो 2025 का तीसरा और अंतिम दिन भव्य समापन के साथ संपन्न हुआ। परिचित फ़ाउंडेशन द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय आयोजन में राज्य के 49 स्कूल, 26 विश्वविद्यालय और विभिन्न संस्थानों के हजारों छात्र-छात्राओं, शोधार्थियों और उद्यमियों ने हिस्सा लिया। करीब 15 हजार से अधिक लोगों की उपस्थिति ने इसे राज्य के सबसे बड़े युवा-आधारित आयोजनों में शामिल कर दिया। कार्यक्रम का संयोजन राज्यसभा सांसद डॉ प्रदीप कुमार वर्मा के निर्देशन में किया गया।
राष्ट्रीय मंच प्रदान किया
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड भाजपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि स्वर्णिम भारत एक्सपो ने युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा को राष्ट्रीय मंच प्रदान किया है। इस तरह के आयोजन युवाओं को अवसर देने के साथ राष्ट्र निर्माण की दिशा में ठोस कदम हैं। उन्होंने युवाओं को 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प के लिए प्रेरित किया और कहा कि जब युवा मेहनत और ईमानदारी से सपनों को जोड़ते हैं तो देश की दिशा और दशा बदल जाती है।
सांसदों ने बढ़ाया उत्साह
राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि इस एक्सपो में हजारों युवाओं की भागीदारी साबित करती है कि भारत का भविष्य उज्ज्वल है। यहां प्रदर्शित नवाचार, तकनीकी विकास और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ प्रेरणा का स्रोत हैं। डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि इतने बड़े स्तर पर युवाओं और संस्थानों को एक मंच पर लाने का उद्देश्य सफल रहा। उन्होंने बताया कि एक्सपो में लगे स्टॉल यह दर्शाते हैं कि हमारे युवा भारत को वैश्विक नेतृत्व की ओर ले जाने के लिए तैयार हैं।
विजेताओं को मिला सम्मान
समापन दिवस पर आयोजित फेलिसिटेशन सेरेमनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संस्थानों को सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान पर जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ़ इंडिया (GSI), द्वितीय स्थान पर इंडियन काउंसिल ऑफ़ मेडिकल रिसर्च (ICMR) और तृतीय स्थान पर इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (ISRO) रहे। अतिथियों ने विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि इन स्टॉल्स ने न केवल तकनीकी प्रगति को उजागर किया बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बने।
सांस्कृतिक धरोहर पर जोर
तीन दिनों तक चले इस एक्सपो में स्टार्टअप्स और शैक्षणिक संस्थानों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स ने भारत की नई तकनीकी दिशा और अनुसंधान को प्रदर्शित किया। विभिन्न सरकारी संस्थानों ने &मेक इन इंडिया&य और &स्टार्टअप इंडिया&य अभियानों की झलक पेश की। मंच पर हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भारत की विविधता और परंपरा को जीवंत किया।
सजेगी भारत की तस्वीर
इस एक्सपो ने स्पष्ट कर दिया कि भारत का युवा वर्ग सिर्फ सपने देखने वाला नहीं बल्कि उन्हें साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। झारखंड की धरती से उठी यह आवाज़ पूरे देश के लिए संदेश लेकर आई—“जब युवा आगे बढ़ेंगे, तभी भारत स्वर्णिम होगा.”
Copyright © 2025. All Rights Reserved

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News