Aaj Ka Mausam LIVE: बदरीनाथ नेशनल हाईवे बंद, रामबन में लगातार बारिश से और बिगड़े हालात, मुंबई पर IMD का बड़… – News18 Hindi

Aaj Ka Mausam LIVE: उत्‍तर भारत में मौसम के तल्‍ख तेवर ने जीना मुहाल कर दिया है. बादल फटने और फ्लैश फ्लड की घटनाओं ने आम जनजीवन को अस्‍तव्यस्‍त कर दिया है. व्‍यापक पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ है. बाढ़ और लैंडस्‍लाइड की वजह से बड़ी तादाद में लोग बेघर हो चुके हैं. उनका आशियाना प्रकृति के कोप का भाजन बन चुका है. जम्‍मू-कश्‍मीर से लेकर पंजाब, उत्‍तराखंड, ह‍िमाचल प्रदेश जैसे राज्‍यों में मूसलाधार बारिश ने जमकर कहर बरपाया है. जम्‍मू संभाग के रामबन और रियासी में बादल फटने की घटना से हर तरफ तबाही का मंजर है. दूसरी तरफ, मौसम विभाग ने उत्‍तर-पश्चिम भारत में अगले 4 से 5 दिनों तक भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. वहीं, जम्‍मू, हिमाचल प्रदेश और उत्‍तराखंड में बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है. मुंबई वालों को भी फिलहाल बारिश से राहत मिलने की उम्‍मीद नहीं है.
पंजाब में बाढ़ से 1,000 से ज़्यादा गांव (जिनमें सबसे ज़्यादा गुरदासपुर ज़िले में हैं) और 61,000 हेक्टेयर से ज़्यादा कृषि भूमि प्रभावित हुई है, जबकि राहत और बचाव अभियान तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं. विपक्षी दलों ने आरोप लगाया कि पंजाब के लोग आप सरकार की अक्षमता के कारण परेशान हैं, वहीं राज्य के जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने दावा किया कि केंद्र के अधीन भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) द्वारा जून में समय पर पानी छोड़े जाने से तबाही को काफ़ी हद तक कम किया जा सकता था. विपक्षी दलों के कुछ नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस सीमावर्ती राज्य के लिए विशेष राहत पैकेज की मांग की है.
उधर, राजस्‍थान में भी मूसलाधार बारिश से हालात खराब हैं. टोंक में मासी नदी पार करते पलटा गिट्टी से भरा डंपर जा रहा था. तेज बहाव में फंसे ड्राइवर को लोगों ने बचाया. टोंक जिले के पीपलू में आज नदी पार करते एक डंपर पलट गया. ड्राइवर को मौके पर मौजूद लोगों ने बचा लिया. रंबा- कचोलिया के बीच सड़क पर मासी नदी का बहाव चल रहा है. इसी दौरान गिट्टी से भरा एक डंपर नदी में पलट गया. इस डंपर से पहले एक डंपर इसी नदी कूपार करता हुआ निकला. उसे देखकर चालक की हिम्मत बढ़ गई, लेकिन बीच नदी में जाकर डंपर पलट गया. नदी के बीच डंपर को पलटता देख ड्राइवर स्टेयरिंग छोड़कर खलासी साइड की खिड़की से बाहर निकल डंपर के ऊपर चढ़ गया. बाद में उसे लोगों ने ट्रेक्टर में बिठाकर बाहर निकाला. राजस्‍थान के अन्‍य जिलों में भी हालात खराब हैं.

आज का मौसम लाइव: एक बार फिर से बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पागल नाले के पास बारिश होते ही मालबा आ गया है, जिससे एनएच पर आवागमन ठप पड़ गया है. पुलिस और प्रशासन ने मार्ग बंद होते ही यातायात के लिए बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग को पागल नाले के पास बंद कर दिया है. बता दें कि पागल नाले में बारिश होते ही पहाड़ से मालबा गिरने का सिलसिला शुरू हो जाता है, जिससे यहां घंटे तक मार्ग बंद भी रहता है.

आज का मौसम लाइव: शिमला के दो गांवों में भूस्खलन होने से 5 घर क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से हुई आपदाओं से हुई तबाही और बढ़ गई. राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) के आंकड़ों के अनुसार, चालू मानसून के दौरान 91 अचानक बाढ़, 45 बादल फटने और 93 बड़े भूस्खलन की घटनाओं के कारण राज्य को 3,040 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है. एसईओसी के अनुसार, 20 जून से 30 अगस्त के बीच हिमाचल प्रदेश में बारिश से संबंधित घटनाओं में कम से कम 320 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 40 लोग लापता हैं.

आज का मौसम लाइव: पिंक सिटी जयपुर में करीब 2 घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया है. ज्यादातर सड़कों और गलियों में एक से दो फीट तक पानी भर गया. इसके चलते लोग घंटों जहां के तहां फंसे रहे. जगह-जगह हुए जलभराव ने एक बार फिर सरकारी अमले के दावों की पोल खोल दी है. तेज बारिश रात करीब 10:30 बजे शुरू हुई थी. हालांकि, बारिश की वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ निजात मिली है.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News