भारत ग्लोबल इंडस्ट्रीज फोरम द्वारा भारत मण्डपम दिल्ली में रविवार को आयोजित कॉन्क्लेव ‘भारत को औद्योगिक हब बनाने के संकल्प’ में इंदौर की आशा कन्फेक्शनरी को स्टार्टअप इनोवेशन कैटेगरी में अवॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस 2025 से नवाजा गया है।
यह अवॉर्ड पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव और आरएसएस के संपर्क प्रमुख राम लाल ने दिया। बता दें कि भारत मंडपम में आयोजित ‘भारत ग्लोबल इंडस्ट्री फोरम’ के सम्मेलन में उद्योग जगत के नेताओं, नीति निर्माताओं और विदेशी निवेशकों ने हिस्सा लिया था।
अवॉर्ड मिलना इंदौर के लिए गर्व की बात
आशा कन्फेक्शनरी के निखिल दरयानी ने बताया कि यह अवॉर्ड पूरे एमपी से सिर्फ हमें मिला है, जो इंदौर के लिए गर्व की बात है। यह अवॉर्ड हमें स्टार्टअप इनोवेशन के लिए मिला है। निखिल ने कहा कि सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया कि कैसे भारत को वैश्विक औद्योगिक हब बनाया जा रहा है। भारत ने अप्रैल-जून 2025 की तिमाही में GDP में 7.8% की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है।
सेवाओं, विनिर्माण, कृषि और निर्माण क्षेत्रों के शानदार प्रदर्शन ने यह उपलब्धि संभव हुई है। यह केवल एक आंकड़ा नहीं है, भारत की शक्ति और महत्वाकांक्षा का प्रतीक है, जो प्रधानमंत्री मोदी के निर्णायक नेतृत्व से प्रेरित है। हम एक ऐसी सतत और आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो विश्व का नेतृत्व करे और जिसकी नींव आत्मनिर्भरता के सिद्धांतों पर आधारित हो।
चुनौतियों को अवसर मानने की अपील
सम्मेलन में आरएसएस के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख राम लाल ने कहा कि आज का शुल्क युद्ध कब तक चलेगा, यह कोई नहीं जानता, लेकिन भारत को इससे डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि यह हम पर निर्भर करता है कि हम इसे अवसर मानकर आगे बढ़ते हैं या खतरे से डर जाते हैं। अगर सरकार, उद्योग संगठन और आम लोग एक दिशा में सोचें तो हर चुनौती अवसर में बदली जा सकती है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.