देश दुनिया की लाइव खबरें 02 अक्टूबर 2025 | Aaj Tak Live – Hastakshep

देश दुनिया की लाइव खबरें
Aaj Tak Breaking News 02 October 2025
दिन भर की खबरें 02 अक्टूबर 2025 की देश दुनिया की आज तक लाइव खबरें यहां पढ़ें। यहां भारत की राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, विज्ञान-तकनीक, मौसम अपडेट और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं से जुड़ी हर ताज़ा व बड़ी खबर तुरंत पाएँ। इस पेज पर दिन भर की खबरें अपडेट होंगीं..
भारत और EFTA के बीच व्यापार समझौता लागू: केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को कहा कि भारत और चार यूरोपीय देशों के समूह (EFTA) के बीच मुक्त व्यापार समझौता लागू हो गया है।
उन्होंने कहा कि इस समझौते से व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे, जिससे लोगों और व्यवसायों को फायदा होगा।
गोयल ने एक्स पर लिखा-
“भारत-EFTA व्यापार और आर्थिक भागीदारी समझौता (TEPA), जो आज से लागू हो गया है, 100 बिलियन डॉलर के निवेश और 10 लाख नई नौकरियों के अवसर के साथ ‘मेक इन इंडिया’ को और मजबूत करेगा।
यह आईटी, बिजनेस, शिक्षा और ऑडियो-विजुअल क्षेत्र में भारत के सेवा निर्यात को भी बढ़ावा देगा, जिससे युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे।
TEPA मशीनरी, कपड़ा, समुद्री उत्पाद, कॉफी आदि के हमारे निर्यात को और मजबूत करेगा, जिससे प्रीमियम यूरोपीय बाजारों तक बेहतर पहुंच मिलेगी।
नर्सिंग, अकाउंटिंग और आर्किटेक्चर में आपसी मान्यता समझौते भारतीय पेशेवरों को और सशक्त बनाएंगे और उनकी आवाजाही को आसान बनाएंगे।”
आरएसएस के कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगी सीजेआई की मां
चीफ जस्टिस बी.आर. गवई की माँ डॉ. कमल गवई ने स्पष्ट किया है कि वे 5 अक्टूबर, 2025 को अमरावती में होने वाले आरएसएस के कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगी। उन्होंने अपने और अपने दिवंगत पति के खिलाफ की गई गलत टिप्पणियों पर दुख जताया और कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर के विचारों और विपासना आंदोलन को समर्पित किया है।
डॉ. गवई ने कहा कि अगर वे ऐसे किसी मंच पर जातीं भी, तो भी वे केवल अम्बेडकर के विचारों और संवैधानिक मूल्यों पर ही बात करतीं।
केंद्र ने महंगाई भत्ता/महंगाई राहत 3% बढ़ाई
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को लगभग 49.19 लाख केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और 68.72 लाख पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ता (डीए) और महंगाई राहत (डीआर) 3% बढ़ाने का फैसला किया है।
मूल वेतन/पेंशन के मौजूदा 55% की दर पर 3% की यह बढ़ोतरी महंगाई से राहत देने के लिए है और यह 1 जुलाई 2025 से लागू होगी।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए कहा कि डीए और डीआर में बढ़ोतरी से खजाने पर सालाना 10,083.96 करोड़ रुपये का असर होगा।
एक सरकारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि यह वृद्धि सातवें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों के स्वीकृत फॉर्मूले के अनुरूप है।
राजेश अग्रवाल ने वाणिज्य विभाग के सचिव का पदभार संभाला
1994 बैच के आईएएस राजेश अग्रवाल ने कल बुधवार को नई दिल्ली में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के वाणिज्य विभाग में सचिव का पदभार ग्रहण किया।
वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय की विज्ञप्ति के मुताबिक अग्रवाल एक कुशल प्रशासक हैं, जिन्हें कौशल विकास, मानव संसाधन विकास, अप्रेंटिसशिप, ऊर्जा, उर्वरक, कृषि और एमएसएमई सहित विविध क्षेत्रों में शासन, नीति निर्माण और कार्यान्वयन में तीन दशकों का अनुभव है। उन्होंने देश की कौशल विकास नीतियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाई है, तीन वर्षों तक विश्व कौशल गवर्निंग काउंसिल में भारत का प्रतिनिधित्व किया है तथा मणिपुर, झारखंड और बिहार जैसे राज्यों में क्षेत्रीय सुधारों का नेतृत्व किया है।
अपने वर्तमान कार्यभार से पहले, श्री अग्रवाल मुक्त व्यापार समझौतों के अंतर्गत विभिन्न देशों के साथ भारत की व्यापार वार्ताओं की देखरेख कर रहे थे। वह भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते, भारत-प्रशांत आर्थिक मंच, भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईसीए और आसियान एफटीए की समीक्षा के लिए मुख्य वार्ताकार थे। वे कृषि और संबद्ध क्षेत्रों के लिए निर्यात संवर्धन के भी प्रभारी थे।
भारत की राष्ट्रपति ने गांधी जयंती की पर शुभकामनाएं दीं
भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने गांधी जयंती की पूर्वसंध्या पर कल बुधवार को अपने संदेश में कहा:
“मैं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी 156वीं जयंती पर सभी नागरिकों की ओर से अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं।
यह हम सब के लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों और मूल्यों के प्रति खुद को समर्पित करने का अवसर है।
गांधीजी का शांति, सहिष्णुता और सचाई का संदेश समूची मानवता के लिए प्रेरणा है। उन्होंने अपना समूचा जीवन छुआछूत, निरक्षरता, बुरी आदतों और अन्य सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन के लिए समर्पित किया। उन्होंने अपने अटूट निश्चय से समाज के कमजोर वर्गों को शक्ति और समर्थन दिया।
उन्होंने अपने संपूर्ण जीवन में नैतिकता और सदाचरण पर अडिग विश्वास रखते हुए लोगों को इस पथ पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने आत्मनिर्भर, स्वावलंबी और शिक्षित भारत के निर्माण के उद्देश्य से चरखे के जरिए आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। उन्होंने अपने आचरण और संदेशों से श्रम की गरिमा को हमेशा प्रोत्साहन दिया। उनके जीवनमूल्य आज भी प्रासंगिक हैं और भविष्य में हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।
आइए, हम सब गांधी जयंती के पावन अवसर पर सत्य और अहिंसा के पथ पर चलने, राष्ट्र के कल्याण और प्रगति के लिए प्रतिबद्ध रहने और एक स्वच्छ, अधिक सक्षम, पूर्ण सशक्त और संपन्न भारत के निर्माण का संकल्प दोहराएं।’’


FOLLOW US
@ 2025 All Rights Reserved by Hastakshep
Powered by Blink CMS

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News