बैतूल में प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने भावन्तर योजना को लेकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा की. बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने योजना पर सवाल उठाए. जिलाध्यक्ष निलय डागा ने कहा कि सरकार एमएसपी लागू करे और एफएक्यू का प्रावधान हटाए . उन्होंने इससे किसानों को बड़ा नुकसान होने की बात कही. मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा कि सभी के सुझाव सरकार तक पहुंचाएंगे. किसान हित में जो बेहतर होगा, वही किया जाएगा.
जीएसटी बचत उत्सव का बड़ा असर इंदौर के रावण मार्केट देखने को मिला रहा है. रावण पर 10 से 20 फीसदी तक डिस्काउंट बाजारों में उपलब्ध है. रावण खरीदने आए लोगों ने कहा कि प्रधानमंत्री ने छूट दी है. जीएसटी छूट की वजह से आज रावण सस्ते दामों पर मिल रहा है. रावण की मौत और वो भी सस्ते दामों पर, यही तो असली रामराज्य है. प्रधानमंत्री राम बनकर रावण का दहन कर रहे हैं. प्रधानमंत्री को बहुत-बहुत धन्यवाद. इस बार रावण खरीदने में जो पैसे बचे हैं, उससे आतिशबाजी करेंगे. इस बार रावण भी जलेगा और आतिशबाजी भी ज्यादा होगी क्योंकि इस बार की विजयादशमी जीएसटी बचत उत्सव वाली है.
राजसी पोशाक में पूजा करने निकला सिंधिया राज-परिवार. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गोरखी पहुंचे. महाराजा की वेशभूषा में तलवार लेकर सिंधिया आए. महान आर्यमन सिंधिया भी पिता के साथ पूजा करने पहुंचे. देवघर में दशहरा पूजन कर रहे हैं, रियासतकालीन शास्त्रों और राजचिन्हों का पूजन कर रहे हैं.आज दिनभर, माता और पूर्वजों के स्थलों पर पूजा-अर्चना करेंगे सिंधिया.
शिवपुरी जिले के सुभाषपुरा गांव में दो चीते देखे गए. पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह को स्थानीय निवासियों ने चीतों के वीडियो बनाकर भेजे. श्योपुर कूनो के चीते जंगल के रास्ते जिले की सीमा पार करके शिवपुरी के सुभाषपुरा की रिहायशी बस्ती के पास पहुंच गए हैं. पोहरी विधायक कुशवाह ने बताया कि आज सुबह 6 बजे चीते नजर आने पर फॉरेस्ट विभाग को सूचना दी गई, लेकिन सुबह 8 बजे तक कोई जिम्मेदार व्यक्ति नहीं पहुंचा. यदि इस दौरान चीतों ने किसी पर हमला कर दिया होता, तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होती?
विजयदशमी के पर्व पर आरएसएस के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने हिस्सा लिया. इस कार्यक्रम में प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, और विधायक भगवान दास सबनानी भी शामिल हुए. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री संघ की गणवेश में नजर आए और शस्त्र पूजन में भाग लिया. मुख्यमंत्री लगभग आधा घंटा संघ के कार्यक्रम में उपस्थित रहे. इस दौरान 3 किलोमीटर लंबा पथ संचलन निकाला गया.
उज्जैन सहित पूरे देशभर में दशहरा पर्व को बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है. विभिन्न स्थानों पर रावण के पुतले का दहन करके बुराई पर विजय का संदेश दिया जाता है. लेकिन उज्जैन के पास एक ऐसा गाँव है जहाँ दशहरा पर रावण का पहले पूजन और फिर दहन करने की अनोखी परंपरा वर्षों से निभाई जा रही है. यह परंपरा आज भी लोगों की आस्था से जुड़ी हुई है और उसी श्रद्धा के साथ मनाई जाती है.
श्योपुर: विजयपुर के वेनीपुरा गांव में एक घर के अंदर महिला और बच्चों सहित 4 लोग बेहोशी की हालत में पाए गए. सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं और उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है. घटना का कारण अभी अज्ञात है, लेकिन किसी ने जहरीला पदार्थ खिलाने या फूड पॉइजनिंग होने का संदेह जताया जा रहा है. देर सुबह तक घर के गेट नहीं खुलने पर ग्रामीणों ने घर में प्रवेश कर पुलिस को सूचित किया. पुलिस ने चारों को मरणासन्न हालत में पाया और जांच में जुट गई है.
नशे में धुत चालक की लापरवाही से NH-47 पर बड़ा हादसा हुआ. पिटोल बॉर्डर से गुजरते हुए, एक ट्राला ने कई वाहनों को टक्कर मार दी. टक्कर का सिलसिला शुरू होते ही, ट्राला ने 6 से अधिक वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिनमें कार, ट्रैक्टर, बाइक और अन्य ट्राले शामिल थे. सौभाग्य से, किसी को गंभीर चोट नहीं आई. टक्कर के कारण ट्राले का पिछला हिस्सा टूट गया और परमल के बोरे सड़क पर बिखर गए, जिन्हें लोग उठाकर ले गए. यह ट्राला गुजरात से इंदौर की ओर जा रहा था और बताया जा रहा है कि चालक नशे की हालत में था.
आरएसएस का पथ संचलन कार्यक्रम कोटरा सुल्तानाबाद स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित किया जाएगा. इस अवसर पर शास्त्र पूजन भी होगा. कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खंडेलवाल शामिल होंगे. कार्यक्रम के दौरान आरएसएस के सदस्यों द्वारा सड़कों पर पथ संचलन किया जाएगा, जिसमें संगठन की एकता और अनुशासन प्रदर्शित करने का उद्देश्य होगा.
आज प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल बैतूल आएंगे. भावांतर योजना को लेकर कलेक्टर सभागृह में बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें योजना पर अधिकारियों के साथ चर्चा की जाएगी. यह बैठक दोपहर 1 बजे से शुरू होगी. इसके पश्चात मंत्री शाम को दशहरा उत्सव में भी शामिल हो सकते हैं.
सड़क हादसे में पति-पत्नी और बेटे की मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई. यह परिवार तरावली मंदिर से दर्शन कर लौट रहा था, जहां वे दुर्गा नवमी की पूजा के लिए गए थे. हादसा बैरसिया रोड पर हुआ जब कार चालक ने ओवरटेक करते समय बाइक को टक्कर मार दी. घटना के बाद कार चालक कार छोड़कर फरार हो गया.
राजधानी में सुबह अज्ञात युवकों ने रावण का दहन किया. बाग मुगालिया इलाके में युवकों ने रावण को जलाकर फरार हो गए. समिति ने डायल 112 को सूचना दी. सुबह 6 बजे ग्राउंड में खड़े रावण में आग लगाने के बाद युवक भाग गए. आज रात को रावण का दहन किया जाना था.
छिपानेर रोड पर बीती रात ढाबे से काम कर लौट रहे बाइक सवार युवकों को ट्रक ने टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में बाइक पर पीछे बैठे युवक के पैर कुचल गए. घायल युवक धर्मेंद्र मीणा को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसके दोनों पैर काटने पड़े. उसे इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया. धर्मेंद्र अपने परिवार में अकेला कमाने वाला व्यक्ति है. पिता के लकवाग्रस्त होने के बाद से परिवार की सारी जिम्मेदारी धर्मेंद्र पर थी. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.
उज्जैन मक्सी रोड पंवासा थाना प्रभारी गमरसिंह मंडलोई के खिलाफ उनकी पत्नी ने नागझिरी थाने में मारपीट और दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया है. पत्नी ने आरोप लगाया है कि गमरसिंह मंडलोई दहेज में मायके से कार लाने के लिए उसे प्रताड़ित करते हैं. तीन दिन पहले उन्होंने उसके साथ मारपीट की, जिसके बाद पत्नी ने अपने परिजनों को इस घटना की जानकारी दी और नागझिरी थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई.