Bihar Exit Polls Result 2025 LIVE: बिहार के एग्जिट पोल में बन रही NDA सरकार, महागठबंधन को 94 सीटें – Jagran

बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए बिहार में 2 चरणों मतदान हुआ। पहले फेज की वोटिंग 6 नवंबर को और दूसरे फेज की वोटिंग 11 नवंबर को हुई। नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। एग्जिट पोल के नतीजे भी सामने आ गए हैं। सभी एग्जिट पोल में एनडीए की सरकार बनती दिख रही है। एग्जिट पोल में महागठबंधन को बड़ा झटका लगा है।
बिहार विधानसभा चुनाव एग्जिट पोल 2025।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर एग्जिट पोल के नतीजे (Bihar Exit Poll 2025 Result) आ गए हैं। एग्जिट पोल में एनडीए की सरकार बनती दिख रही है। हालांकि, इस बार कई सीटों पर मुकाबला दिलचस्प नजर आ रहा है। महागठबंधन और एनडीए के साथ पीके की जन सुराज पार्टी, असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM, तेज प्रताप यादव की जनशक्ति जनता दल भी मैदान में है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बिहार चुनाव पर कहा, “बिहार के मतदाताओं ने 1951 से अब तक हुए सभी चुनावों में सर्वाधिक प्रतिशत वोटिंग की, जो लगभग 66.9% है। हमारी माताओं और बहनों ने चुनाव आयोग पर पूरा भरोसा जताया है और 1951 से अब तक हुए सभी चुनावों में सबसे ज़्यादा 71% मतदान दर्ज किया है। बिहार में हुए इन पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनावों ने पूरे भारत को राह दिखाई है। चुनाव आयोग हमेशा अपने मतदाताओं के साथ खड़ा था, खड़ा है और आगे भी खड़ा रहेगा।”
बेतिया विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रेणु देवी ने कहा, “…सरकार ने अच्छा काम किया है और बिहार का विकास हुआ है, और लोग विकास के नाम पर वोट दे रहे हैं। यह झूठे वादों के लिए वोट नहीं है, यह विकास के लिए वोट है। यह तय है कि 2025 फिर से नीतीश, इसलिए हमारा वोट प्रतिशत बढ़ा है… हम आने वाले समय में अपने वादे भी पूरे करेंगे…”
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा, “एग्जिट पोल कब सही था?… आप कह रहे हैं कि वोट बढ़ा है, लेकिन बढ़ा कहां है?… मेरा मानना है कि बिहार की जनता ने महागठबंधन को वोट दिया है…”
JDU नेता के.सी. त्यागी ने कहा, “ये चुनाव लालू यादव के कुशासन और नीतीश कुमार के सुशासन के बीच था। कभी वे(RJD) वोट चोरी की बात करते रहे, कभी EVM की, ये उनकी हताशा थी… हम दो-तिहाई बहुमत से जीतेंगे। नीतीश कुमार ही CM का चेहरा थे, हैं और रहेंगे।”
भाजपा नेता गुरु प्रकाश पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के एग्जिट पोल पर कहा, “हमें भरपूर जनादेश और जनता का आशीर्वाद मिल रहा है… अब विकसित भारत की नींव विकसित बिहार रहेगा… बिहार की जनता एक बार फिर जनादेश देकर बिहार में NDA को मौका देने जा रही है। हम एक ऐतिहासिक जीत की ओर अग्रसर हैं…”
भागलपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार अजीत शर्मा ने कहा, “जब तक मतगणना पूरी नहीं हो जाती, कौन कह सकता है कि कौन जीत रहा है? यह कहना कि NDA की सरकार बन रही है, बिल्कुल गलत है… जनता फैसला करती है। बिहार का माहौल ऐसा है कि सरकार महागठबंधन की बनेगी, INDIA गठबंधन की बनेगी। इस बार बिहार का विकास होगा… एग्जिट पोल बिल्कुल गलत हैं… जनता भाजपा से तंग आ चुकी है…”
P-MARQ ने एग्जिट पोल जारी कर दिया है। एग्जिट पोल में एनडीए को जबरदस्त बहुमत मिलता दिख रही है। एनडीए को 142-162 सीटें, महागठबंधन को 80-98 सीटें तथा प्रशांत किशोर की जन सुराज को 1-4 और अन्य के खाते में 0-3 सीटें जाने का अनुमान है।
पोलस्ट्रेट ने पार्टीवार भी सीटों का नंबर जारी किया है। बीजेपी को 68-72 और जदयू को 55-60 सीट, लोजपा (आर) 9-12, हम 1-2 और आरएलम 0-2 सीट हासिल कर सकती है।
बिहार चुनाव को लेकर एक और एग्जिट पोल सामने आ आया है।  चाणक्य STRATEGIES ने एनडीए को 130-138 सीट, महागठबंधन को 100-108 और अन्य को 3-5 सीटें दी हैं।
पोलस्ट्रेट ने एग्जिट पोल में एनडीए को 133-148 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। महागठबंधन को 87-102 सीटें मिल सकती हैं। अन्य के खाते में 3-5 सीटें जा सकती हैं।
पीपुल पल्स का भी एग्जिट पोल आ गया है। NDA को 133-159 सीटें मिलने का अनुमान है। महागठबंधन को 75-101 सीटें मिलने का अनुमान है। अन्य के खाते में 2-13 सीटें जा सकती हैं।
पीपल्स इंसाइट का भी एग्जिट पोल आ गया है। एनडीए को 133-148 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, महागठबंधन के खाते में 87-102 सीटें जाती हुई दिख रही हैं। जन सुराज को 0-2 सीटें तथा अन्य को 3-6 सीटें मिलने का अनुमान है।
जेवीसी एग्जिट पोल के भी नतीजे आ गए हैं। एनडीए को बंपर बहुमत मिलता दिख रहा है। एनडीए को 135-150 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि महागठबंधन को 88-103 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं, अन्य के खाते में 3-6 सीटें जाने का अनुमान है।
MATRIZE-आईएएनएस का एग्जिट पोल सामने आ गया है जिसमें एनडीए को 48 फीसदी महागठबंधन को 37 फीसदी तथा अन्य के खाते में 15 फीसदी वोट जाते दिख रहे हैं। एनडीए को जबरदस्त फायदा मिलता दिख रहा है। NDA को 147-167 तथा महागठबंधन को 70-90 सीटें मिलने का अनुमान है।
एक्सिस माय इंडिया के बाद अब टुडे चाणक्य ने भी एग्जिट पोल को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। टुडे चाणक्य का एग्जिट पोल भी कल जारी होगा।
बिहार चुनाव के लिए एक्सिस माय इंडिया एग्जिट पोल कल 12 नवंबर 2025 को शाम 5:30 बजे से जारी किया जाएगा। एक्सिस माय इंडिया के एमडी प्रदीप गुप्ता ने एक्स पर ये जानकारी शेयर की है।
बिहार में 2020 में विधानसभा चुनाव जीतकर एनडीए ने सरकार बनाई थी। एनडीए को कुल 125 सीटें मिली थीं, जबकि महागठबंधन को 110 सीटें मिली थीं। राजद 75 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी।
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एग्जिट पोल जल्द ही जारी होने वाले हैं। बिहार में अब तक का सबसे ज्यादा 67.14 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। 122 निर्वाचन क्षेत्रों में हुए मतदान में लगभग 3.7 करोड़ मतदाताओं ने हिस्सा लिया और यह 6 नवंबर को पहले चरण में दर्ज 65.09 प्रतिशत मतदान से ज़्यादा रहा। किशनगंज में 76.26 प्रतिशत मतदान हुआ, उसके बाद कटिहार (75.23 प्रतिशत), पूर्णिया (73.79 प्रतिशत) और सुपौल (70.69 प्रतिशत) का स्थान रहा, जबकि नवादा में सबसे कम 57.31 प्रतिशत मतदान हुआ।
ओपिनियन पोल भी एक चुनावी सर्वे है। मगर इसे चुनाव से पहले किया जाता है। इसमें सभी लोगों को शामिल किया जाता है। इसमें मतदाता होने की शर्त अनिवार्य नहीं है। इस सर्वे में विभिन्न मुद्दों के आधार पर क्षेत्रवार जनता के मूड का अनुमान लगाया जाता है। जनता को कौन सी योजना पसंद है या नापसंद है। किस पार्टी से कितना खुश है, इसका अनुमान ओपिनियन पोल से लगाा जाता है।
भारत निर्वाचन आयोग ने पहली बार 1998 में एग्जिट पोल की गाइडलाइंस जारी की थी। 2010 में छह राष्ट्रीय और 18 क्षेत्रीय दलों के समर्थन के बाद धारा 126 ए के तहत मतदान के दौरान सिर्फ एग्जिट पोल जारी करने पर रोक लगाई गई थी। हालांकि चुनाव आयोग चाहता था कि ओपिनियन और एग्जिट पोल दोनों पर रोक लगे। बता दें कि ओपिनियन और एग्जिट पोल जारी करते वक्त सर्वे एजेंसी का नाम, कितने मतदाताओं से और क्या सवाल पूछे, यह बताने का भी निर्देश है।
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद कोई भी एग्जिट पोल या सर्वे जारी नहीं किया जा सकता है। अंतिम चरण के मतदान के बाद शाम को वोटिंग खत्म होने के आधे घंटे बाद ही एग्जिट पोल जारी किया जा सकता है। दरअसल, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1951 की धारा 126 ए के तहत अंतिम चरण की वोटिंग खत्म होने के आधे घंटे बाद तक एग्जिट पोल जारी करने पर रोक है। उल्लंघन करने पर दो साल कारावास, जुर्माना या फिर दोनों से दंडित किया जा सकता है।
एग्जिट पोल एक चुनावी सर्वे है। मतदान के दिन न्यूज चैनल और एग्जिट पोल करने वाली एजेंसियों के प्रतिनिधि मतदान केंद्रों पर मौजूद होते हैं। मतदान करने के बाद मतदाताओं से चुनाव से जुड़े कुछ सवाल पूछते हैं। उनके जवाब के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जाती है। इस रिपोर्ट के आंकलन से पता चलता है कि मतदाताओं का रुझान चुनाव में किधर है। खास बात यह है कि एग्जिट पोल सर्वे में सिर्फ मतदाताओं को शामिल किया जाता है।
भाजपा नेता अश्विनी कुमार चौबे ने बिहार विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सफलता पर दृढ़ विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने भविष्यवाणी की कि गठबंधन 180 से अधिक सीटें हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि राज्य भर के नागरिकों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक विकसित बिहार के पक्ष में मतदान किया है।
केंद्रीय मंत्री और बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले बिहार में प्रचार कर रहे भाजपा के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने सोमवार को स्पष्ट रूप से कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) प्रमुख नीतीश कुमार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का मुख्यमंत्री चेहरा बनाने को लेकर कोई भ्रम नहीं है।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने मंगलवार को बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रदर्शन पर भरोसा जताया और भविष्यवाणी की कि 122 में से लगभग 80 सीटों पर एनडीए के उम्मीदवार जीतेंगे।
महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में बंपर वोटिंग की खबरों से उनका दिल खुशी से भर गया है।
उन्होंन एक्स पर लिखा- “मेरा दिल खुशी से भर गया है। मेरे बिहार ने सचमुच कमाल कर दिया है। हर जगह से बंपर वोटिंग की खबरें आ रही हैं। बुजुर्ग, महिलाएं, युवा, व्यापारी, किसान, हर जाति, हर वर्ग लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहा है। यह गति न रुके, ये कदम न रुकें।”
बिहार में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में आज अब तक का सबसे ज्यादा मतदान हुआ, शाम 5.30 बजे तक 60% से ज्यादा मतदान हुआ।
पिछले चुनावों में नीतीश कुमार की जेडीयू की सीटें घटकर 43 रह गई थीं। 2015 के मुकाबले 25 से ज्यादा सीटें कम हो गई थी। इसकी मुख्य वजह चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी की बगावत थी। हालांकि, इस बार पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) एनडीए के एक छोटे घटक के रूप में चुनाव लड़ रही है।
बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए थोड़ी देर में एग्जिट पोल के नतीजे जारी होंगे।

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News