Happy New Year 2025 Celebration Live: नई उम्मीदों लिए आ रहा 2025! स्वागत के लिए दुनिया तैयार, पढ़ें नए साल के – ABP न्यूज़

Happy New Year 2025 Live: आज न्यू ईयर ईव है यानी नए साल का स्वागत करने के लिए जश्न की शाम. न्यू ईयर के वेलकम के लिए लोगों ने तैयारियां भी शुरू कर दी है. कुछ लोग अपने परिवार के साथ नए साल का स्वागत करेंगे. वहीं, कुछ लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ पार्टी करते हुए नजर आएंगे. 
न्‍यू ईयर के मौके पर देशभर के बड़े शहरों में तैयारियां तेजी से हो रही है. वहीं,प्रशासन ने भी न्यू ईयर को लेकर अपनी कमर कस ली है, ताकि  जश्न के दौरान कोई भी खलल ना पड़े. मेट्रो शहरों में रूट और मेट्रो को लेकर जरूरी दिशा निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं.
9 बजे के बाद नहीं निकल पाएंगे राजीव चौक से
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने सोमवार को कहा कि जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यात्रियों को नये साल की पूर्व संध्या पर रात नौ बजे के बाद राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जाएगी.  हालांकि, यात्रियों को स्टेशन में प्रवेश की अनुमति होगी.  डीएमआरसी के मुख्य कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने कहा कि पुलिस अधिकारियों की सलाह के अनुसार, मंगलवार को नये साल की पूर्व संध्या पर सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और भीड़ का प्रबंधन करने के लिए, राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से रात 9 बजे के बाद से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जाएगी.  
उन्होंने कहा कि मंगलवार को राजीव चौक स्टेशन से आखिरी ट्रेन के प्रस्थान तक यात्रियों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी.   उन्होंने कहा कि इसके अलावा, इन उपायों के सुचारू क्रियान्वयन के लिए, रात 8 बजे के बाद से राजीव चौक स्टेशन के लिए डीएमआरसी के मोबाइल ऐप्लिकेशन के माध्यम से क्यूआर टिकट जारी नहीं किए जाएंगे.   दयाल ने कहा कि बाकी नेटवर्क पर मेट्रो सेवाएं नियमित समय सारिणी के अनुसार चलेंगी.  उन्होंने कहा कि यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी यात्रा की योजना उसी अनुसार बनाएं और प्राधिकारियों के साथ सहयोग करें. 
कर्नाटक में हजारों पुलिसकर्मी किये गए तैनात
कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने सोमवार को कहा कि नए साल के जश्न के मद्देनजर हजारों पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं कि बेंगलुरु शहर और पूरे राज्य में कोई अप्रिय घटना न घटे.   उन्होंने लोगों से किसी भी अप्रिय घटना में शामिल न होने की अपील भी की.  
उन्होंने कहा, ‘बेंगलुरू शहर और पूरे राज्य में कोई अप्रिय घटना न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां कर ली गई हैं.  हमने उन लोगों को भी चेतावनी दी है जो गड़बड़ी पैदा करना चाहते हैं और साथ ही हमने व्यापक तैयारियां भी की हैं.  हजारों पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे किसी भी अप्रिय घटना में शामिल न हों.  नए साल का जश्न खुशी से मनाएं.  आपका नया साल बहुत खुशहाल हो. ‘ 
कुछ घंटों के बाद पूरा देश नए साल के जश्न में डूब जाएगा.  उत्तर से लेकर दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता किए गए हैं.  किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन तैयार है.  उत्तर प्रदेश में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है, झारखंड में डैम के इर्दगिर्द स्टैटिक फोर्स की प्रतिनियुक्ति की गई है, पंजाब में भी व्यवस्था दुरुस्त है तो चेन्नई में ड्रोन और सीसीटीवी संग 25,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पुलिस ने उन सभी इलाकों को चिन्हित कर लिए हैं, जहां अमूमन इस तरह के मौकों पर वाहनों का दबाव रहता है.  
संयुक्त राष्ट्र (यूएन) महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने नए साल के लिए अपने संदेश में 2025 को ‘एक नई शुरुआत’ बनाने का आह्वान किया है. यूएन प्रमुख गुटेरेस ने सोमवार को कहा, पूरे 2024 में आशा की किरण मिलना मुश्किल है.  युद्धों के कारण भारी दर्द, पीड़ा और विस्थापन हो रहा है.  असमानताएं और विभाजन व्याप्त हैं, जिससे तनाव और अविश्वास बढ़ रहा है. यूएन प्रमुख ने कहा कि दुनिया ने अभी-अभी घातक गर्मी का एक दशक सहा है और रिकॉर्ड में सबसे गर्म दस वर्ष पिछले 10 वर्षों में आए हैं, जिनमें 2024 भी शामिल है. उन्होंने कहा, यह वास्तविक समय में जलवायु परिवर्तन है.  हमें बर्बादी की इस राह से बाहर निकलना होगा और हमारे पास खोने के लिए समय नहीं है. यूएन प्रमुख ने देशों से अपील की कि वे उत्सर्जन में कमी लाकर और नवीकरणीय भविष्य की ओर बदलाव का समर्थन करके दुनिया को एक सुरक्षित मार्ग पर ले जाएं.  यह जरूरी है और संभव भी है. गुटेरेस ने कहा, यहां तक कि सबसे अंधेरे दिनों में, मैंने आशा की शक्ति को बदलते देखा है. 

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News