कौन थे अंकित बालियान जिनकी शामली में जिम के बाहर हुई हत्या – BBC

इमेज स्रोत, Ankit Baliyan Instagram
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हरियाणा से सटे ज़िले शामली में बुधवार देर शाम हरियाणवी गानों में दिखने वाले कलाकार अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई.
शामली पुलिस के मुताबिक़, चार हमलावर दो मोटरसाइकिलों पर आए थे.
ये घटना शहर के कोतवाली क्षेत्र में एक जिम के पास हुई. अंकित बालियान जिम से लौटकर अपनी गाड़ी में बैठ रहे थे जब उन पर हमला हुआ.
शामली पुलिस के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक़, "हमलावरों ने कई गोलियां चलाईं और फ़रार हो गए. हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, कुछ टीमों को हरियाणा भी भेजा गया है."
हत्या की इस घटना के बाद देर रात इंस्टाग्राम पर इस घटना की ज़िम्मेदारी लेने का दावा करते हुए एक पोस्ट किया गया.
इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने वाले व्यक्ति ने ख़ुद को गोगी गैंग से जुड़ा होने का दावा किया है. पुलिस ने इस पोस्ट का भी संज्ञान लिया है.
इमेज स्रोत, Pankaj Kumar
घटनास्थल से क़रीब दस किलोमीटर दूर बंटीखेड़ा गांव के रहने वाले अंकित बालियान रोज़ की तरह जिम करने शामली आए थे. शाम 6 बजकर 55 मिनट पर वो जैसे ही अपनी गाड़ी के क़रीब पहुंचे, पहले से घात लगाए चार हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं.
घटना के तुरंत बाद के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए गए हैं जिनमें लोग अंकित बालियान को उठाकर गाड़ी में रखने की कोशिश कर रहे हैं.
समाप्त
पुलिस के पहुंचने या किसी के पकड़ने का प्रयास करने से पहले ही हमलावर दो मोटरसाइकिलों पर फ़रार हो गए.
स्थानीय संवाददाता पंकज कुमार के मुताबिक़, अंकित बालियान की हत्या की ख़बर फैलते ही लोग जुट गए और हाइवे जाम कर दिया. कई घंटे तक अंकित के परिजनों और समर्थकों ने हाइवे जाम रखा और हमलावरों की जल्द गिरफ़्तारी का भरोसा मिलने के बाद रास्ता खोला जा सका.
जिम संचालकर रवि शर्मा के मुताबिक़, अंकित बालियान रोज़ जिम आते थे और बुधवार को भी क़रीब साढ़े चार बजे जिम पहुंचे थे.
रवि शर्मा के मुताबिक़, "वर्कआउट के बाद वो जैसे ही जिम से निकलकर कार के पास पहुंचे, उन पर हमला हो गया."
मेरठ ज़ोन के कई शीर्ष पुलिस अधिकारी भी मौक़े पर पहुंचे.
पंकज कुमार के मुताबिक़, इकट्ठा हुए लोग क़ानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे थे और हमलावरों के एनकाउंटर की मांग कर रहे थे.
इमेज स्रोत, Ankit Baliyan Instagram
देश – दुनिया की बड़ी ख़बरें जिन्होंने बटोरी सुर्खियां.
एपिसोड
समाप्त
शामली के बाबरी इलाक़े के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले अंकित बालियान कबड्डी प्लेयर भी रहे हैं. परिजनों के मुताबिक़, उन्होंने पैर में फ्रैक्चर होने के बाद कबड्डी खेलना छोड़ दिया था.
परिजनों के मुताबिक़, अंकित बालियान चार भाई बहनों में तीसरे नंबर के थे. बड़ी दोनों बहनों की शादी हो चुकी है.
अंकित बालियान की शादी एक शिक्षिका से हुई है. इनका एक छोटा भाई है. अंकित के पिता सतबीर सिंह सेना से रिटायर्ड हैं, और वर्तमान में गांव में खेती करते हैं.
अंकित बालियान के गांव में पहुंचे रिपोर्टर पंकज कुमार के मुताबिक़, "शुरुआती दिनों में अंकित बालियान गांव में ही मोबाइल फोन की दुकान चलाते थे, लेकिन कुछ अलग करने का सपना लिए साल 2016 में वह यहां से दिल्ली चले गए, जहां उन्होंने स्पोर्ट्स में बीपीएड (बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन) की पढ़ाई पूरी की."
हालांकि इसके बाद वे साल 2018 में हरियाणा चले गए और सोनीपत में रहने लगे थे और 2025 तक वहीं रहे. वे वहां म्यू़ज़िक वीडियो में एक्टिंग करने लगे. एक साल पहले उनका विवाद हुआ था जिसके चलते करीब छह महीने से वह हरियाणा में नहीं गए थे. शामली पुलिस ने भी इस विवाद की पुष्टि की है.
अंकित के परिजनों ने दावा किया है कि उनका हरियाणा के कुछ गायकों से विवाद भी हुआ और उनसे रंगदारी भी मांगी गई थी. हालांकि अंकित की तरफ़ से इस संबंध में पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई थी.
इमेज स्रोत, Ankit Baliyan Instagram
शामली में पैदा हुए अंकित बालियान ने पिछले कुछ सालों में हरियाणवी म्यूज़िक इंडस्ट्री में अपनी जगह और पहचान बना ली थी.
जिन गानों में वो दिखे, उनके बोल विवादित थे लेकिन इनसे वो पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा में जाना-पहचाना चेहरा बन गया.
उनके गानों में कोर्ट, गोली, मर्डर, बदमाश जैसे शब्द प्रमुखता से थे.
वे पहली बार चर्चा में अपने गीत 'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे' से आए थे. इसके बाद उनका गीत 'एक खटोला जेल के भीतर' भी काफ़ी चर्चित हुआ. इन दोनों ही गानों पर यूट्यूब पर साढ़े पांच करोड़ से अधिक व्यूज़ हैं.
उन्होंने हरियाणा के मशहूर गायक मासूम शर्मा के साथ भी कई वीडियो बनाए हैं. अंकित बालियान के अधिकतर गीत गैंगस्टर कल्चर और अपराध की दुनिया से जुड़े थे.
इंस्टाग्राम पर उनके क़रीब पांच लाख फॉलोवर थे और जो आख़िरी रील उन्होंने बुधवार को शेयर की थी उसमें भी उन्होंने कहा था, 'मर्डर मार दे सड़क के ऊपर. जो खटकेगा वो भटकेगा.'
हरियाणवी गीतकार एसके मुजादपुरिया के मुताबिक, "अंकित बालियान ने अधिकतर गीत गैंगस्टर कल्चर पर बनाए हैं और एक तरह से उनके गीतों ने युवाओं को भी प्रभावित किया."
मुजादपुरिया के मुताबिक़, "हरियाणा म्यूज़िक इंडस्ट्री के बदमाशी कल्चर से जुड़े गाने भले ज्यादा चर्चा में रहे हों लेकिन हरियाणा म्यूज़िक सिर्फ़ गैंगस्टर कल्चर तक सीमित नहीं है."
अंकित बालियान म्यूज़िक वीडियोज़ में लीड एक्टर के रूप में भी दिखते थे. जिन गानों से वो चर्चित हुए उनमें कई के बोल गीतकार राहुल पुठी ने लिखे हैं.
अंकित बालियान से जुड़े लोगों रहे लोगों ने बीबीसी को बताया है कि वो सोनीपत और रोहतक के आसपास अधिक सक्रिय थे लेकिन पिछले कुछ समय से उत्तर प्रदेश के शामली ज़िले के अपने पैतृक गांव में रह रहे थे.
मुजादपुरिया के मुताबिक़, "अंकित बालियान के गाने गैंगस्टर कल्चर तक ही सीमित थे, हरियाणा म्यूज़िक इंडस्ट्री के लिए उनका यही कंट्रीब्यूशन है. वह म्यूज़िक वीडियो में मॉडलिंग करते थे. हरियाणा में स्टेज शो का जो कल्चर है, वो उससे दूर रहते थे."
इमेज स्रोत, Pankaj Kumar
अंकित बालियान की हत्या के बाद उनके परिजनों ने कहा है कि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं थी.
अंकित बालियान के पिता सतबीर बालियान ने कहा, "उसका किसी से झगड़ा नहीं था, वह हरियाणा जाता था और गाने बनाता था, पुलिस ने हमें भरोसा दिया है कि वो जल्द ही दूध का दूध पानी का पानी कर देंगे और अपराधियों को गिरफ़्तार करेंगे."
स्थानीय रिपोर्टर पंकज कुमार के मुताबिक़, बालियान ज़िला पंचायत का चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहे थे. हालांकि उनके ससुर विक्रम बालियान के मुताबिक़, इसका उनकी हत्या से कोई संबंध नहीं है. शामली पुलिस ने भी उनकी हत्या के राजनीति से जुड़े होने की संभावना से इनकार किया है.
परिजनों ने पुलिस और क़ानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं. अंकित बालियान के छोटे भाई विक्की ने कहा, "पुलिस हर चेकिंग करती है, बावजूद इसके चार हमलावर आए, गोलियां मारी और फरार हो गए. घटनास्थल कोतवाली से एक किलोमीटर दूर भी नहीं है, ऐसा कैसे हो गया?"
इमेज स्रोत, Pankaj Kumar
शामली पुलिस अंकित बालियान की हत्या को हरियाणा से जोड़कर देख रही है.
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया. "जो वाहन थे उनका मूवमेंट हरियाणा की तरफ़ हुआ है. हमें लग रहा है कि इस हत्या का कनेक्शन हरियाणा से ज़्यादा संबंधित है. हमारी एसओजी और सर्विलांस टीम हरियाणा में है और वहां के अधिकारियों से लगातार संपर्क में है."
पुलिस ने दावा किया है कि जांच के दौरान जो शुरुआती इनपुट मिले हैं उनमें कुछ गैंगस्टर के नाम भी सामने आ रहे हैं.
नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया, "हमें हरियाणा पुलिस से भी कुछ इनपुट मिले हैं. गैंग के लोगों के कुछ नाम भी सामने आए हैं. हमारी टीम वहां गई हुई है और बहुत जल्दी पूछताछ के बाद आरोपियों को चिह्नित कर गिरफ़्तार किया जाएगा."
पुलिस ने सोशल मीडिया पर गोगी ग्रुप के नाम से की गई पोस्ट का भी संज्ञान लिया है और इसे भी जांच में शामिल किया है. पुलिस के मुताबिक़, जिस आईडी से पोस्ट हुई है वह हाल ही में बनी है.
नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया, "रात करीब ढाई बजे इंस्टाग्राम पर गोगी ग्रुप के नाम से एक पोस्ट आई थी. उसमें एक व्यक्ति ने हत्या की वजह को लेकर दावा किया है. हमने उस पोस्ट को भी संज्ञान में लिया है और उसकी जांच की जा रही है."
पुलिस के मुताबिक़, जांच के दौरान सोशल मीडिया पर कई और वीडियो भी सामने आए हैं. एसपी ने कहा, "फे़सबुक पर कई ऐसे वीडियो भी सामने आ रहे हैं, जिनमें कुछ लोग हत्या की ज़िम्मेदारी लेने और मृतक के साथ गाली-गलौज होने को लेकर बातें कर रहे हैं. इन सभी तथ्यों को हम जांच में शामिल कर रहे हैं."
पुलिस का कहना है कि घटना के बाद इलेक्ट्रॉनिक सबूत भी जुटाए जा रहे हैं. एसपी ने कहा, "हमारे पास जो तमाम इलेक्ट्रॉनिक एविडेंस हैं, उनको लेकर हम काम कर रहे हैं. इसके अलावा हमारे पास कुछ बहुत ही क्रेडिबल इनपुट भी हैं, जिनके आधार पर कार्रवाई चल रही है."
पुलिस ने यह भी कहा है कि इस घटना से पहले अंकित बालियान या उनके परिवार की तरफ़ से कोई शिकायत पुलिस को नहीं मिली थी.
अंकित बालियान की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में कहा गया है, "ये जो आज शामली में अंकित बालियान का मर्डर हुआ है, इसकी पूरी ज़िम्मेदारी मैं भोलू शाहपुरिया (सोनीपत) लेता हूं. ये हमारे दुश्मनों का साथ देता था. हमारे गोगी भाई के साथ हुई घटना पर इसने गाना बनाया था. हमारे दुश्मनों का आपराधिक कामों में साथ देता था. इसका अंजाम उसको मिल गया."
जितेंद्र गोगी दिल्ली के एक चर्चित गैंगस्टर थे जिनकी कोर्ट परिसर में वकीलों की पोशाक पहनकर आए हमलावरों ने 2021 में हत्या कर दी थी.
जितेंद्र गोगी की गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया से पुरानी रंजिश थी. बाद में 2023 में टिल्लू ताजपुरिया की तिहाड़ जेल के भीतर हत्या कर दी गई थी.
अंकित बालियान 'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे' गाने के बाद चर्चा में आए थे.
शामली पुलिस मान रही है कि हत्या की एक वजह इस गाने के बोल भी हो सकते हैं.
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा, "अब तक की जांच में राजनीतिक कनेक्शन बिल्कुल सामने नहीं आया है. पूरा मामला हरियाणा से कनेक्टेड लगता है. हमें लगता है कि जो गाना वायरल हुआ था, कहानी कुछ-कुछ उसी के इर्दगिर्द घूम रही है."
(इस रिपोर्ट में शामली से पंकज कुमार ने सहयोग किया)
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
शॉर्ट वीडियो का अंत
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News