भास्कर न्यूज | मरवाही
जीपीएम जिले में शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) रजनीश तिवारी ने कड़ा रुख अपनाया है। 12वीं की परीक्षा के दौरान मरवाही विकासखंड के विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने लापरवाह शिक्षकों और प्रबंधन पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण की शुरुआत स्वामी आत्मानंद स्कूल मरवाही से हुई, जहां व्यवस्थाएं दुरुस्त पाई गईं। इसके बाद जब डीईओ पीएम श्री स्कूल पहुंचे, तो वहां स्थिति इसके उलट मिली। निरीक्षण के दौरान कई शिक्षक बिना सूचना के नदारद पाए गए, जिन्हें तत्काल अवैतनिक करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, परिसर में पसरी गंदगी और खराब साफ-सफाई को लेकर विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई। सबसे चौंकाने वाली स्थिति मिडिल स्कूल बरौर में देखने को मिली। यहां कक्षा 8वीं के छात्र साधारण हिंदी भी नहीं पढ़ पाए।
बच्चे न तो गिनती सुना सके और न ही पहाड़ा बता पाए। शैक्षणिक स्तर में इस भारी गिरावट को गंभीरता से लेते हुए डीईओ ने तत्काल हेड मास्टर और संबंधित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कन्या विद्यालय मरवाही, हाई स्कूल बरौर और हायर सेकेंडरी स्कूल बगरार में परीक्षा का संचालन व्यवस्थित पाया गया। डीईओ ने बरौर प्राथमिक शाला में चल रहे एमडीयू कार्यों की भी समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.