अफ़ग़ान तालिबान का दावा- 'पाकिस्तान पर फिर हमले शुरू किए' – BBC

तालिबान शासन के अधिकारियों ने दावा किया है कि उनके लड़ाकों ने पाकिस्तान पर शुक्रवार शाम को फिर से हमले शुरू कर दिए हैं. उन्होंने दावा किया है कि हमले ख़ोस्त प्रांत से किए जा रहे हैं.
सुमंत सिंह, रौनक भैड़ा
अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.
आप बीबीसी हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
जितेंद्र सिंह: केजरीवाल और सिसोदिया को बरी करने वाले स्पेशल जज कौन हैं?
नेपालः सांप्रदायिक राजनीति के चक्रव्यूह में फंस सकता है मधेश-तराई इलाका -कैसे हैं ज़मीनी हालात?
हम भी हैं गौरा देवी…जलते जंगल को बचाने वाली चार पहाड़ी महिलाओं की कहानी
शराब नीति मामले में अदालत से बरी हुए केजरीवाल, सिसोदिया समेत 23 अभियुक्त, जानिए क्या थे आरोप
इमेज स्रोत, Aimal Zahir / AFP via Getty Images
तालिबान शासन के अधिकारियों ने दावा किया है कि उनके लड़ाकों ने पाकिस्तान पर शुक्रवार शाम को फिर से हमले शुरू कर दिए हैं. उन्होंने दावा किया है कि हमले ख़ोस्त प्रांत से किए जा रहे हैं.
बीबीसी पश्तो के मुताबिक़, इससे पहले ख़ोस्त के गवर्नर के प्रवक्ता मुस्तग़फ़र गुरबाज़ ने भी मीडिया को संदेश भेजे.
उन्होंने लिखा, "एक बार फिर अफ़ग़ान फ़ोर्सेज़ ने पाकिस्तानी फ़ौज के ठिकानों पर जवाबी हमले शुरू कर दिए हैं. ये हमले ख़ोस्त प्रांत के ज़ज़ई मैदान, अलीशेर और तेरेज़ इलाक़ों में 'काल्पनिक लाइन' (डूरंड लाइन) के पास हो रहे हैं."
पाकिस्तानी ने अभी तक इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है.
इससे पहले तालिबान के मिलिट्री चीफ़ मोहम्मद फ़सीहुद्दीन फ़ितरत ने एक वीडियो में पाकिस्तान को धमकी दी. उन्होंने कहा कि उनकी फ़ौज पाकिस्तान को 'ईंट का जवाब पत्थर से देगी'.
बीबीसी पश्तो के मुताबिक़, मोहम्मद फ़सीहुद्दीन फ़ितरत ने कहा, "तालिबान शासन की मिलिट्री ताक़त इतनी है कि अगर पाकिस्तान अफ़ग़ानिस्तान को असुरक्षित करेगा, तो पाकिस्तान के अधिकारी इस्लामाबाद में भी चैन से नहीं रह पाएंगे."
इससे पहले पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता जनरल अहमद शरीफ़ चौधरी ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस की. उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री और सरकार के आदेश पर ऑपरेशन जारी रहेगा."
इमेज स्रोत, Stringer/Anadolu via Getty Images
पाकिस्तानी सेना ने दावा किया है कि अफ़ग़ान तालिबान के साथ झड़पों में उसके 12 सैनिक मारे गए और 27 घायल हुए हैं.
पाकिस्तानी सेना ने अफ़ग़ान तालिबान के 274 लोगों को मारने का दावा किया है.
बीबीसी पश्तो के मुताबिक़, पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता जनरल अहमद शरीफ़ चौधरी शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस की.
उन्होंने बताया, "कल रात काबुल, कंधार और पकतीका में तालिबान शासन के सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए गए. इन हमलों में 'आतंकी ठिकाने और हथियारों के गोदाम' नष्ट किए गए."
उन्होंने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा कि अफ़ग़ान तालिबान ने पाकिस्तान के 15 इलाक़ों में 53 जगहों पर गोलीबारी और हमले किए.
पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता ने दोहराया कि तालिबान शासन को पाकिस्तान और 'आतंकी संगठनों' में से किसी एक को चुनना होगा. एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री और सरकार के आदेश पर जारी रहेगा.
इमेज स्रोत, R. Satish BABU / AFP via Getty Images
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में आज सुपर-8 का 9वां मुक़ाबला इंग्लैंड और न्यूज़ीलैंड के बीच खेला जा रहा है. न्यूज़ीलैंड ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए इंग्लैंड को 160 रन का लक्ष्य दिया है.
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में न्यूज़ीलैंड ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया था.
न्यूज़ीलैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 159 रन बनाए. टीम में सर्वाधिक स्कोर ग्लेन फ़िलिप्स का रहा, उन्होंने 28 गेंदों में 39 रन बनाए. उनके बाद टिम सीफ़र्ट ने 25 गेंदों में 35 रनों की पारी खेली.
इंग्लैंड की ओर से गेंदबाज़ी करते हुए आदिल राशिद, रेहान अहमद और विल जैक्स ने 2-2 विकेट लिए.
दोनों टीमें कुछ यूं हैं-
न्यूज़ीलैंड: टिम सीफ़र्ट (विकेट कीपर), फ़िन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फ़िलिप्स, डेरिल मिचेल, मार्क चैपमैन, मिचेल सेंटनर (कप्तान), कोल मैककोन्ची, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी, लॉकी फ़र्ग्यूसन
इंग्लैंड: फ़िल साल्ट, जोस बटलर (विकेट कीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, रेहान अहमद, जोफ़्रा आर्चर, आदिल राशिद
इमेज स्रोत, HELMUT FOHRINGER / various sources / AFP via Getty Images
पाकिस्तान ने दावा किया है कि अफ़ग़ान तालिबान की ओर से हुए हमलों में 'भारत की भी भूमिका' थी. साथ ही कहा कि अफ़ग़ान तालिबान को जवाब देते हुए 'सटीक कार्रवाई' की गई है.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी करते हुए कहा, "अफ़सोस की बात है कि पाकिस्तान की नेक नीयत और ज़िम्मेदार रवैये को ग़लत समझा गया और अफ़ग़ान की ज़मीन से आतंकवादी हमले बढ़े. इसमें तालिबान हुकूमत और भारत का खुला समर्थन भी शामिल रहा."
"पाकिस्तान पर बार-बार होने वाले आतंकवादी हमलों में फ़ितना-अल-ख़वारिज और फ़ितना-अल-हिंदुस्तान शामिल थे. इसके में पाकिस्तान की फ़ौज ने कार्रवाई की. इन कार्रवाइयों में आतंकवादी संगठनों को बड़ा नुक़सान पहुंचा और अफ़ग़ानिस्तान में उनके मददगार ठिकानों को निशाना बनाया गया."
विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह क़दम 26 फ़रवरी की रात तालिबान हुकूमत की 'बेवजह और उकसाने वाली हरकतों' के बाद यह उठाया गया.
इमेज स्रोत, X/ForeignOfficePk
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, "अगर तालिबान हुकूमत फिर से उकसावे की कोशिश करती है या कोई भी आतंकवादी संगठन पाकिस्तान की सुरक्षा और लोगों की भलाई को नुक़सान पहुंचाने की कोशिश करता है, तो उसका जवाब ठोस और सख़्त तरीक़े से दिया जाएगा."
विदेश मंत्रालय ने कहा, "पाकिस्तान अपने बचाव और नागरिकों की सुरक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय क़ानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के मुताबिक़ हर ज़रूरी क़दम उठाने का हक़ रखता है."
इमेज स्रोत, ANI
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शराब नीति मामले में अरविंद केजरीवाल के अदालत से बरी होने पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर सबूतों से छेड़छाड़ करने के आरोप लगाए हैं.
सीएम रेखा गुप्ता ने मीडिया से कहा, "यह निचली अदालत का फ़ैसला है. सब जानते हैं कि जब यह मामला उठा था तब उन्होंने (अरविंद केजरीवाल) कैसे सबूतों के साथ छेड़छाड़ की. कई सारे मोबाइल ख़त्म करने की कोशिश की, उसका डेटा उड़ा दिया. आज वह घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं, ख़ुद को कट्टर ईमानदार बता रहे हैं."
उन्होंने कहा, "मैं उनसे कुछ सवाल करना चाहती हूं. यदि वे सही थे तो जांच शुरू होते ही उन्होंने इस शराब नीति को वापस क्यों लिया? शराब की एक बोतल के साथ एक और बोतल फ़्री देना सही था क्या? क्या आपने शीशमहल बनवाकर दिल्ली की जनता से बेईमानी नहीं की?"
रेखा गुप्ता ने कहा, "उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय ने समय-समय पर इस पर टिप्पणी कर चिंता ज़ाहिर की. मनी लॉन्ड्रिंग के साक्ष्य भी पाए गए. आपकी योजनाओं से हर दिन घोटाले सामने आते हैं. दिल्ली की जनता ने आपको वोट देकर न्याय किया. मुझे पूरा भरोसा है कि अदालत भी न्याय देगी."
गौरतलब है कि दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने शराब नीति से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में अरविंद केजरीवाल को सभी आरोपों से मुक्त कर दिया है.
हालांकि सीबीआई ने निचली अदालत के आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती देते हुए इसे रद्द करने की मांग की है.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट YouTube समाप्त
सामग्री् उपलब्ध नहीं है
इमेज स्रोत, Pavel Bednyakov / POOL / AFP via Getty Images
अफ़ग़ान तालिबान और पाकिस्तान के बीच चल रहे सैन्य संघर्ष पर रूस ने प्रतिक्रिया दी है. रूस ने दोनों देशों से कहा है कि टकराव छोड़कर बातचीत कर विवाद को सुलझाना चाहिए.
रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़ख़ारोवा ने कहा, "हमें अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तेज़ी से बढ़ रही झड़पों को लेकर चिंता है."
"हम दोनों देशों से अपील करते हैं कि इस ख़तरनाक टकराव को छोड़कर बातचीत की मेज़ पर लौटें और सभी मतभेदों को राजनीतिक और कूटनीतिक तरीक़ों से हल करें."
इससे पहले चीन ने भी पाकिस्तान और अफ़ग़ान तालिबान से 'बातचीत कर विवाद खत्म करने' की बात कही थी.
साथ ही चीन ने यह भी दावा किया कि वह इस विवाद में मध्यस्थता करने की कोशिश कर रहा है.
गौरतलब है कि 22 फरवरी को पाकिस्तानी फ़ौज ने अफ़ग़ानिस्तान पर हवाई हमले किए थे.
इसके बाद अफ़ग़ानिस्तान ने गुरुवार को पाकिस्तान पर ज़वाबी हमला करने का दावा किया.
इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के मामले में फ़ैसला सुरक्षित रखते हुए उनकी गिरफ़्तारी पर रोक लगा दी है. अग्रिम ज़मानत याचिका पर फ़ैसला मार्च के तीसरे सप्ताह तक सुरक्षित रखा गया है.
दरअसल, उत्तर प्रदेश पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके शिष्य मुकुंदानंद ब्रह्मचारी के अलावा 2-3 अज्ञात लोगों पर बाल यौन शोषण के आरोपों में एफ़आईआर दर्ज की थी.
इस मामले में अविमुक्तेश्वरानंद ने मंगलवार को हाईकोर्ट में अग्रिम ज़मानत की याचिका दायर की थी.
इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई के बाद अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा, “वकीलों ने हमें बताया कि उन्होंने कोर्ट में हमारी तरफ़ से मज़बूती से पक्ष रखा और जितने सबूत थे, सब पेश किए. दूसरी तरफ़, शिकायतकर्ता के वकील समेत विरोधी पक्ष ने कहा कि किसी भी हालत में ज़मानत नहीं दी जानी चाहिए और गिरफ़्तारी होनी चाहिए.”
उन्होंने कहा, “आश्रम और गुरुकुल में छात्रों के शोषण की बात बहुत फैलाई गई थी. लेकिन अब महाधिवक्ता ने साफ़ किया है कि ऐसे कोई छात्र आश्रम में रह ही नहीं रहे थे. हम शुरू से यही कह रहे थे.”
इमेज स्रोत, The Kerala Story 2
केरल हाईकोर्ट ने 'द केरला स्टोरी 2-गोज़ बियॉन्ड" फ़िल्म की रिलीज़ से रोक हटा ली है. अब फ़िल्म का सिनेमाघरों में रिलीज़ होने का रास्ता साफ़ हो गया है.
लाइव लॉ के मुताबिक़, इससे पहले सिंगल बेंच ने फ़िल्म ‘द केरला स्टोरी 2-गोज़ बियॉन्ड’ की रिलीज़ पर 15 दिनों के लिए रोक लगा दी थी. लेकिन अब जस्टिस सुश्रुत अरविंद धर्माधिकारी और जस्टिस पी वी बालकृष्णन की डिवीज़न बेंच ने सिंगल जज के उस ऑर्डर पर रोक लगाई.
कोर्ट में फ़िल्म प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह ने अपील की थी. उनकी ओर से सीनियर एडवोकेट एल्विन पीटर और नीरज किशन कौल पेश हुए.
एडवोकेट कौल ने कोर्ट में कहा, "यह अधिकार कहानी सुनाने वाले का है कि वह कौन-सी कहानी कहना चाहता है और फ़िल्म में किस सामाजिक बुराई को दिखाना चाहता है."
उन्होंने कहा, "पहले भी कोर्ट ने फ़िल्मों में दूसरे धर्मों की सामाजिक बुराइयों को दिखाए जाने पर दख़ल देने से इनकार किया और इस मामले में भी यही राय होनी चाहिए."
इमेज स्रोत, Mohd Zakir/Hindustan Times via Getty Images
दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के शराब नीति से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में अदालत से बरी होने पर सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हज़ारे का बयान आया है.
अन्ना हज़ारे ने मीडिया से मुख़ातिब होते हुए कहा, "मैंने कोर्ट के फ़ैसले से पहले अरविंद केजरीवाल के बारे में बयान दिया था. अब कोर्ट का फ़ैसला आ गया है.अब कोर्ट ने अपना फ़ैसला दिया है कि अरविंद केजरीवाल दोषी नहीं हैं, तो इसे मानना ही होगा."
हज़ारे से पूछा गया कि आप केजरीवाल को क्या सलाह देना चाहेंगे?
इस पर उन्होंने जवाब दिया, "अरविंद केजरीवाल और मनीष सीसोदिया मेरे पुराने कार्यकर्ता हैं. समाज और देश के भले के लिए जो कुछ कर सकते हैं वो करें. अपने बारे में या पार्टी के बारे में मत सोचो. देश के लिए कई लोगों ने क़ुर्बानी दी है, उसको याद रखना."
अन्ना हज़ारे ने कहा, "हमारा देश अपनी न्याय व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की ताक़त पर चलता है."
"इतनी बड़ी आबादी और अलग-अलग पार्टियों, जातियों, धर्मों और समुदायों के बावजूद यह व्यवस्था ठीक से चलती है, क्योंकि हमारे पास न्यायपालिका है. अगर यह न होती तो देश में अव्यवस्था और अशांति फैल जाती."
इमेज स्रोत, YT/Arvind Kejriwal
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शराब नीति से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में बरी होने के बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस की. इसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर साज़िश रचने के आरोप लगाए.
पूर्व सीएम केजरीवाल ने कहा, "मैं प्रधानमंत्री मोदी को चुनौती देता हूं कि दिल्ली में दोबारा चुनाव करवाकर दिखाएं. यदि बीजेपी की 10 से ज़्यादा सीट आ जाएं तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा."
केजरीवाल ने कहा “पिछले चार साल से ईडी, सीबीआई और दूसरी एजेंसियों के इस्तेमाल से हमारे ऊपर कथित शराब घोटाले का आरोप लगाया गया. सीबीआई और ईडी ने इस मामले में चार्जशीट दाख़िल की. अभी ट्रायल शुरू भी नहीं हुआ था. कोर्ट को सिर्फ़ यह देखना था कि ट्रायल आगे बढ़ाने के लिए पर्याप्त सामग्री है या नहीं. कोर्ट ने कहा ऐसा एक भी सबूत नहीं है जिसके आधार पर ट्रायल चलाया जा सके.”
उन्होंने आरोप लगाया, "यह पूरा षड्यंत्र दो लोगों ने मिलकर रचा. प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह ने मिलकर आम आदमी पार्टी को ख़त्म करने की साज़िश रची. आज उन्हें देश से माफ़ी मांगनी चाहिए. मैंने सिर्फ़ ईमानदारी कमाई है, पैसा नहीं."
गौरतलब है कि शुक्रवार को दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने शराब नीति से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में अरविंद केजरीवाल को सभी आरोपों से बरी कर दिया है.
इमेज स्रोत, Asif Ali
देहरादून–दिल्ली एक्सप्रेसवे पर सड़क किनारे कुछ लोगों ने एक धर्म विशेष के लिए आपत्तिजनक संदेश लिखे हैं. पुलिस ने इस मामले में एफ़आईआर दर्ज कर ली है.
जिस जगह पर नारे लिखे गए हैं, वह इलाका बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र है, जो उत्तर प्रदेश के सहारनपुर ज़िले के तहत आता है.
इसका सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हुआ है. वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कुछ महिलाएं देहरादून के मोहण्ड क्षेत्र के पास बने एलिवेटेड रोड के किनारे पेंट से विवादित संदेश लिख रही हैं.
वीडियो में उन्हें लिखते हुए दिखाया जा रहा है- "यह सड़क मुसलमानों के लिए नहीं है." इसे हिन्दी और अंग्रेजी में लिखा जा रहा था.
मामले पर सहारनपुर के एसपी (ट्रैफ़िक) शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बीबीसी हिंदी को बताया कि घटना के संबंध में एफ़आईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है.
इमेज स्रोत, Facebook/LalitHRD
हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा ने वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया, "सड़कें हिंदुओं के टैक्स से बनती हैं और मुसलमानों को नेशनल हाईवे पर चलने का अधिकार नहीं होना चाहिए."
हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा है, “देहरादून-दिल्ली नेशनल हाईवे पर हमारे कार्यकर्ताओं ने जो लिखा है वो सही लिखा है."
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.
इमेज स्रोत, JESSICA LEE / POOL / AFP via Getty Images
अफ़ग़ान तालिबान और पाकिस्तान के बीच चल रहे सैन्य संघर्ष पर चीन का बयान आया है.
चीन ने दोनों से कहा है कि वे बातचीत के ज़रिए मतभेद को ख़त्म करें.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, चीन के विदेश मंत्रालय ने अफ़ग़ानिस्तान-पाकिस्तान सीमा पर बढ़ते तनाव पर 'गहरी चिंता' व्यक्त की.
चीन के विदेश मंत्रालय ने दोनों से कहा, "बातचीत और समझौते के ज़रिए मतभेद और विवाद ख़त्म करें."
मंत्रालय ने कहा, "चीन अपने साधनों से इस विवाद में मध्यस्थता करने की कोशिश कर रहा है. तनाव कम करने और आपसी रिश्ते सुधारने में भूमिका निभाने के लिए तैयार है."
चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा, "पड़ोसी और दोस्त होने के नाते चीन इस तनाव को लेकर बहुत चिंतित है. इस संघर्ष में लोगों की जान जाने से दुखी है. अगर हालात और बिगड़े तो दोनों पक्षों को नुक़सान होगा."
बयान में यह भी कहा गया कि दुश्मनी ख़त्म करना "दोनों देशों और उनके लोगों के बुनियादी हित में है और इससे क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनी रहेगी."
इमेज स्रोत, Thierry Monasse/Getty
सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि सऊदी अरब के विदेश मंत्री ने पाकिस्तानी विदेश मंत्री से फ़ोन पर बात की है.
बयान में कहा गया कि सऊदी अरब के विदेश मंत्री फ़ैसल बिन फ़रहान ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार से "क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रम" और "तनाव कम करने के तरीक़ों" पर चर्चा की.
इसहाक़ डार इस समय सऊदी अरब के दौरे पर हैं. इसी दौरान उनकी क़तर के विदेश राज्य मंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलअज़ीज़ अल-ख़ुलैफ़ी से भी फ़ोन पर बात हुई है.
क़तर के विदेश राज्य मंत्री से हुई बातचीत को लेकर जारी बयान में कहा गया, "दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की. इसके अलावा क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया."
हालांकि, इस बातचीत में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ के क़तर दौरे को लेकर भी चर्चा हुई. शहबाज़ शरीफ़ बीते दिनों क़तर के दौरे पर थे.
पाकिस्तान के विदेश मंत्री की सऊदी अरब और क़तर के नेताओं से ऐसे समय पर बातचीत हुई है जब पाकिस्तानी सेना और अफ़ग़ान तालिबान बलों के बीच झड़पें जारी हैं.
इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
तालिबान शासन के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसने इस्लामाबाद में एक सैन्य कैंप पर हवाई हमला किया. इसकी जानकारी मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के ज़रिए दी है.
मंत्रालय ने एक्स पोस्ट में लिखा, "रक्षा मंत्रालय की वायु सेना ने आज सुबह लगभग 11:00 बजे हवाई हमले किए. इन हमलों का निशाना इस्लामाबाद के फ़ैज़ाबाद के पास एक सैन्य कैंप और नौशेरा में एक सैन्य अड्डा था."
तालिबान शासन के रक्षा मंत्रालय ने जमरूद मिलिट्री कॉलोनी और एबटाबाद पर भी हवाई हमले करने का दावा किया है.
बीबीसी पश्तो के मुताबिक़, सूत्र ने बताया कि 'हवाई कार्रवाई सफल रही, इसमें पाकिस्तानी सेना के अहम सैन्य ठिकानों, केंद्रों और इमारतों को निशाना बनाया गया.'
अफ़ग़ानिस्तान के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि उसने पाकिस्तान की ओर से हुई एयर स्ट्राइक के जवाब में ये हमले किए हैं.
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
काबुल और कंधार में हवाई हमले: ईरान ने की पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच मध्यस्थता की पेशकश
पाकिस्तान-अफ़ग़ान तालिबान संघर्ष का क्या भारत पर भी होगा असर?
ज़िम्बाब्वे से जीत तो गए पर नॉकआउट मैच से पहले टीम इंडिया के लिए ये बड़ी चिंता
इसराइल में पीएम मोदी के भाषण में ग़ज़ा की तकलीफ़ों का ज़िक्र नहीं होने पर सवाल
हिलेरी क्लिंटन ने एपस्टीन के साथ रिश्तों पर दी गवाही, संसदीय पैनल से क्या-क्या कहा
इमेज स्रोत, ANI
अरविंद केजरीवाल के शराब नीति मामले में कोर्ट से बरी होने के बाद विपक्ष के कई नेताओं ने मोदी सरकार और बीजेपी पर निशाना साधा है.
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा, "केंद्र की बीजेपी सरकार को राजनीति के लिए जांच एजेंसियों की साख को दांव पर नहीं लगाना चाहिए. कुछ तो शर्म कीजिए."
बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार संस्थानों का दुरुपयोग कर रही है.
उन्होंने कहा, "राजनीतिक बदले के तहत विपक्षी नेताओं पर ग़लत मुक़दमे किए जा रहे हैं. केंद्र सरकार चुनावी फ़ायदे के लिए संस्थानों का दुरुपयोग कर रही है."
तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने भी बीजेपी पर निशाना साधा है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "सत्यमेव जयते. बीजेपी के पास अब भी सबक लेने का समय है. आपकी सारी गंदी चालें, आपकी ईडी, आपकी सीबीआई, ये सभी 'कठपुतलियां' सच के सामने टिक नहीं पाएंगी."
इमेज स्रोत, ANI
रणजी ट्रॉफ़ी के फ़ाइनल मुक़ाबले में कर्नाटक की पहली पारी 293 रन पर सिमट गई है. इसी के साथ जम्मू-कश्मीर को 291 रन की बढ़त मिल गई है.
कर्नाटक की ओर से मयंक अग्रवाल ने सबसे ज़्यादा 160 रन की पारी खेली. उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज़ बड़ी पारी नहीं खेल पाया.
जम्मू-कश्मीर की ओर से आक़िब नबी ने सबसे अधिक पांच विकेट झटके. उनके अलावा सुनील कुमार और युद्धवीर सिंह के खाते में दो-दो विकेट आए. वहीं साहिल लोटरा ने एक विकेट लिया.
इससे पहले जम्मू-कश्मीर की टीम ने पहली पारी में 584 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था. रणजी ट्रॉफ़ी के इतिहास में जम्मू-कश्मीर पहली बार फ़ाइनल मुक़ाबला खेल रही है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News