Bihar/Jharkhand Breaking News Live: होली के रंग में पटना से रांची तक लोग सराबोर, उधर JDU के राज्यसभा उम्मीदवारों पर सस्पेंस बरकरार – Navbharat Times

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने होली की बधाई देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा है कि ‘रंगों का ये पावन पर्व हमें याद दिलाता है कि इंसानियत का रंग सबसे गहरा और सबसे खूबसूरत होता है। आज जब हम एक दूसरे को गुलाल लगाएं तो दिलों की दूरियां भी मिटाएं, मन के मैल भी धो डालें। आइए इस होली, नफरत की हर रेखा को प्रेम के रंग से भर दें, भेदभाव की हर दीवार को भाईचारे से ढहा दें। आपस में अमन शांति और एकता के एकमात्र रंग में रंग जाएं।’
राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने होली की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, ‘होली के पावन अवसर पर पावन रंगों में रंगे अपने जीवन के अनुभव और सेवा का संकल्प आपके चरणों में अर्पित करता हूं। संघर्ष की धूप में तपकर जो कुछ भी मैंने सीखा, वह यह है कि इंसान का सबसे सच्चा रंग उसका मानवता के प्रति समर्पण होता है। आइए, इस होली हम समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का वचन दोहराएं। रिश्तों, नातों, भाईचारे और भविष्य के उज्जवल सपनों और मानवता की भलाई वाले रंग अपनाएं तथा एक दूसरे पर बस यही एक रंग चढ़ाएं।’
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश के लोगों को होली की बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘रंगों के त्योहार होली की बधाई एवं शुभकामनाएं। होली सामाजिक समरसता का प्रतीक है। होली का यह पवित्र त्योहार राज्यवासियों के जीवन में खुशियों के नए रंग लेकर आए। यह पवित्र त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का भी प्रतीक है। होली का त्योहार प्रेम, भाईचारे एवं सद्भाव के साथ मनाएं।’
झारखंड के देवघर जिले की पुलिस ने जंगल के बीच बैठकर फर्जी कस्टमर केयर कॉल सेंटर चला रहे साइबर अपराधियों के गिरोह का भंडाफोड़ किया है। विशेष अभियान के तहत मंगलवार को की गई छापेमारी में 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि ये लोग इंटरनेट पर फर्जी नंबर डालकर देशभर के लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना और पथरौल थाना की संयुक्त टीम ने पथरौल थाना क्षेत्र के सरहैता गांव के पास जंगल इलाके में छापा मारा। वहां मोबाइल फोन और सिम कार्ड के जरिए कथित तौर पर फर्जी कस्टमर केयर सेवा चलाई जा रही थी।
झारखंड के बोकारो जिले के माराफारी थाना क्षेत्र स्थित सिवनडीह आजाद नगर इलाके में मंगलवार शाम भीषण आग लगने से कई दुकानें जलकर खाक हो गईं। इस दौरान दो लोग झुलस गए, जिनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि आग की शुरुआत एक टेंट हाउस के गोदाम से हुई, जहां बड़ी संख्या में रसोई गैस सिलेंडर रखे गए थे। आशंका जताई जा रही है कि सिलेंडर रिफिलिंग के दौरान हुए विस्फोट के बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गोदाम से सटी 10-12 दुकानों तक आग तेजी से फैल गई, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में होली से पहले ड्यूटी से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने के आरोप में 37 प्रशिक्षु पुलिस सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है।जिला पुलिस ने मंगलवार को जारी बयान में यह जानकारी दी। बयान के अनुसार, ‘होली के मद्देनजर विभिन्न थानों में ड्यूटी पर तैनात किए जाने वाले 37 प्रशिक्षु सिपाही सोमवार को निरीक्षण के दौरान अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए। इसके बाद सभी 37 प्रशिक्षु सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है।’ बयान में कहा गया है कि संबंधित प्रशिक्षु सिपाहियों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है और उनसे एक सप्ताह में यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को लोगों से होली के अवसर पर प्रेम, एकता और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को पटना पहुंचे नवीन ने पार्टी की पटना महानगर इकाई के होली मिलन कार्यक्रम में भाग लिया।
बिहार के मोतिहारी जिले से एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां नदी में नहाने के दौरान छह बच्चों की डूबकर मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। होली से पहले आई इस त्रासदी ने खुशियों का माहौल गम में बदल दिया है। यह घटना जिले के केसरिया प्रखंड अंतर्गत राघवा पंचायत की है। जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ बच्चे राघवा नदी में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान छह बच्चे नदी के गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। जब तक आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिलती और बचाव कार्य शुरू होता, तब तक काफी देर हो चुकी थी।
बिहार के सहरसा जिले में मंगलवार को पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त छापेमारी कर 25 हजार रुपए के इनामी वांछित अपराधी दीपक कुमार उर्फ दीपक यादव को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। उसके पास से पुलिस ने कई हथियार बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने मंगलवार को बताया कि होली उत्‍सव के पहले से ही वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात दीपक यादव नया बाजार के सराही टोला स्थित एक किराए के कमरे में ठहरा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने एक विशेष टीम का गठन किया और टीम तत्काल उस क्षेत्र में संबंधित इलाके की घेराबंदी कर दीपक यादव तक पहुंच गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अपराधी बलुआहा बैजनाथपट्टी का रहने वाला है।
बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को बिहार से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर कहा कि यह बिहार के लिए गौरव की बात है कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष राज्यसभा जाएंगे। पटना में मंत्री दिलीप जायसवाल ने बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा राज्यसभा के लिए नितिन नवीन के नाम का ऐलान किया गया है और हम इस फैसले का स्वागत करते हैं। यह सौभाग्य की बात है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राज्यसभा जा रहे हैं।

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News