भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विधायक पद से दिया इस्तीफा
बिहार में राजनीतिक अटकलों के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विधायक के पद से इस्तीफा दे दिया है। नितिन नवीन पिछले बिहार विधानसभा चुनाव में पटना के बांकीपुर सीट से विधायक चुने गए थे। उसके कुछ दिन बाद उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल ली थी, जिसके बाद अब उन्होंने विधायक के पद से इस्तीफा दे दिया है। नितिन नवीन का यह इस्तीफा सीएम नीतीश कुमार के इस्तीफे से पहले आया है। नीतीश कुमार ने अभी तक न तो एमएलसी पद छोड़ा है न ही सीएम पद, जबकि वो राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुके हैं। हालांकि रिपोर्ट्स के अनुसार नीतीश कुमार आज एमएलसी पद छोड़ देंगे।
ये भी पढ़ें– BJP में कितना ताकतवर है राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद, क्या कहता है भाजपा का संविधान?
नितिन नवीन ने अपने इस्तीफा पत्र में जनता का आभार करते हुए लिखा- “जनवरी 2006 में पिताजी के आकस्मिक निधन के बाद पार्टी ने मुझे पटना पश्चिम से उपचुनाव लड़ने का अवसर दिया और दिनांक 27 अप्रैल 2006 को मैं पहली बार पटना पश्चिम क्षेत्र से निर्वाचित होकर सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। पिछले 20 वर्षों में पिताजी, स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा द्वारा बनाए गए इस क्षेत्र को पारिवारिक भाव से सींचने, संवारने और विकास के पटल पर आगे ले जाने का निरंतर प्रयास किया है।”
नितिन नवीन ने आगे लिखा- “आज मैं बिहार विधानसभा के बांकीपुर निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य पद से इस्तीफा दे रहा हूं। पार्टी ने मुझे जो नई भूमिका दी है, उसके माध्यम से भी मैं अपने क्षेत्र और बिहार के विकास के लिए सदैव तत्पर एवं संकल्पित रहूंगा। मेरे कार्यकर्ताओं और बिहार की जनता के साथ मेरा जो अटूट संबंध है, वह सदैव बना रहेगा और मुझे हमेशा नई ऊर्जा, प्रेरणा और मार्गदर्शन देता रहेगा।”
इस माह की शुरुआत में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को राज्य विधान परिषद (एमएलसी) की सदस्यता से इस्तीफा देंगे। जनता दल (यूनाइटेड) सूत्रों ने यह जानकारी दी। जद(यू) राष्ट्रीय अध्यक्ष कुमार 16 मार्च को संसद के उच्च सदन के लिए निर्वाचित हुए थे और पार्टी सूत्रों के अनुसार एमएलसी की सदस्यता छोड़ने के लिए निर्धारित 14 दिन की अवधि सोमवार को समाप्त हो रही है। जद(यू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने पिछले सप्ताह यहां संवाददाताओं से कहा था, “संविधान में यह प्रावधान है कि 14 दिन के भीतर इस्तीफा देना चाहिए। उसी के अनुसार चीजें होंगी।” हालांकि, झा ने इस सवाल को टाल दिया कि 75 वर्षीय जद(यू) प्रमुख मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा कब देने जा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय … और देखें