सोना का ताजा भाव जानिए
Gold Price Today In India (सोना का भाव आज का) 29 March 2026: मध्य पूर्व में ईरान-इजराइल-अमेरिका में चल रहे युद्ध के बीच सोने की कीमतों में लगातार उठापटक जारी है। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार दिल्ली में 24 कैरेट वाला सोना लुढ़क कर 1,47,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) रह गया। जबकि मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 24 कैरेट सोने का वायदा भाव बढ़कर 1,44,500 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। पिछले कारोबारी दिन यह 1,44,282 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। गौर हो कि वायदा बाजार में सोना इस साल 29 जनवरी को 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऑल टाइम हाई पर था। उधर गुडरिटर्न्स के मुताबिक 24 कैरेट सोना का भाव 1,48,220 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है। वहीं इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक 24 कैरेट वाला सोना शुक्रवार को बाजार बंद होने तक 1,42,942 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया, चूंकि शनिवार और रविवार को बाजार बंद रहता है, इसलिए दोनों दिन यही मान्य रहेगा। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हाजिर सोना बढ़कर 4,416 डॉलर प्रति औंस हो गया। आगे IBJA के ताजा आंकड़ों के आधार पर अब 24, 23, 22, 18 और 14 कैरेट सोने का भाव जानिए। इसके साथ ही सोने के गहने खरीदने वाले अपने शहर के ताजा रेट (Gold jewellery rates) नीचे देख सकते हैं।
देश की राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोना टूटकर 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार 99.9 प्रतिशत शुद्धता (24 कैरेट) वाला सोना 1,900 रुपये, यानी 1.3 प्रतिशत टूटकर 1,47,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स समेत) रह गया। पिछले बाजार सत्र में सोने की कीमत 1,49,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। राम नवमी के कारण गुरुवार को सर्राफा बाजार बंद थे। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हाजिर सोना 37.19 डॉलर, यानी करीब एक प्रतिशत बढ़कर 4,416 डॉलर प्रति औंस हो गया।
वायदा कारोबार में सोने की कीमत शुक्रवार को 1,997 रुपये उछलकर 1.41 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में अप्रैल माह में आपूर्ति वाले कॉन्ट्रैक्ट का भाव 1,997 रुपये यानी 1.43 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,41,490 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। गुरुवार को शाम के सत्र में यह 4,604 रुपये यानी 3.2 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,39,493 रुपये पर बंद हुआ था। इसी तरह जून डिलीवरी वाले कॉन्ट्रैक्ट का भाव भी 1,811 रुपये यानी 1.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,44,325 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पिछले सत्र में सोना वायदा 4,926 रुपये या 3.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,42,514 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया था। रामनवमी के अवसर पर कॉन्ट्रैक्ट बाजार गुरुवार को सुबह के सत्र में बंद रहे थे और शाम के सत्र में कारोबार फिर से शुरू हुआ था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स पर अप्रैल डिलीवरी वाले सोने का भाव 89.1 डॉलर यानी 2.04 प्रतिशत बढ़कर 4,465.4 डॉलर प्रति औंस हो गया। वहीं, जून अनुबंध भी 80.55 डॉलर यानी 1.83 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,489.55 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।
एक्सपर्ट्स ने कहा कि सर्राफा कीमतें अस्थिर रहीं, क्योंकि कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और वैश्विक संकेतों ने निवेशकों की कारोबारी धारणा को प्रभावित किया।न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक मिराए एसेट शेयरखान में जिंस मामलों के प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि कच्चे तेल के दाम में नरमी के बीच सस्ती कीमतों पर लिवाली के चलते सोना करीब 4,420 डॉलर प्रति औंस तक चढ़ गया, लेकिन बाद में वैश्विक बाजारों में तेल की कीमतों में सुधार आने से इसकी बढ़त कम हो गई।
वैश्विक बाजारों में मजबूती और भारी गिरावट के बाद निचले स्तर पर खरीदारी के चलते सोने के दाम में तेजी आई है। न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक इंडसइंड सिक्योरिटीज में वरिष्ठ शोध विश्लेषक जिगर त्रिवेदी ने कहा कि पिछले सत्र में भारी गिरावट के बाद सोना 4,400 डॉलर प्रति औंस के ऊपर निकल गया, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को युद्ध समाप्त करने के समझौते के लिए दी गई समयसीमा आगे बढ़ा दी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल … और देखें