Voda Idea News: भारी वित्तीय दिक्कतों से जूझ रही दबी वोडा आइडिया के शेयरों में सोमवार 18 मई को स्टॉक मार्केट खुलने पर तेज हलचल दिख सकती है। इसकी वजह ये है कि मार्च तिमाही में कंपनी तगड़े मुनाफे में आई तो साथ ही कंपनी के बोर्ड ने 430 करोड़ वारंट्स जारी करने की भी मंजूरी दी है जिसे एक तय समय के भीतर शेयरों में बदला जा सकेगा। ये वारंट्स आदित्य बिड़ला ग्रुप की एक एंटिटी को जारी होंगे जोकि वोडा आइडिया की प्रमोटर कंपनी भी है। अब शेयरों की बात करें तो एक कारोबारी दिन पहले शुक्रवार 15 मई को बीएसई पर यह एक साल के हाई ₹13.34 से फिसलने के बाद 0.08% की गिरावट के साथ ₹12.96 (Voda Idea Share Price) के भाव पर बंद हुआ था।
किस भाव पर जारी होंगे VI के वारंट्स?
कारोबारी नतीजे के अलावा वोडा आइडिया ने जानकारी दी कि बोर्ड ने आदित्य बिड़ला ग्रुप एंटिटी और प्रमोटर ग्रुप कंपनी सुर्यजा इंवेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड (Suryaja Investments Pte Ltd) को प्रिफरेंशियल बेसिस पर 430 करोड़ फुल्ली कंवर्टिबल वारंट जारी करने की मंजूरी दी जिसे इक्विटी शेयरों में बदला जा सकेगा। ये वारंट ₹11 के भाव पर जारी होंगे यानी कंपनी की योजना ₹4730 करोड़ जुटाने की है। एक वारंट को ₹10 की फेस वैल्यू वाले एक शेयर से बदला जाएगा। इसमें 25% पैसा सब्सक्रिप्शन के समय देना होगा और बाकी 75% पैसा कंवर्जन के समय लेकिन अगर अलॉटमेंट के 18 महीने के भीतर एक या अधिक किश्तों में वारंट्स को शेयरों में नहीं बदला गया तो यह खत्म हो जाएगा और 25% पैसा भी वापस नहीं मिलेगा।
क्यों जारी होते हैं वारंट्स और क्या है फुल्ली कंवर्टिबल का मतलब?
कंपनियां फंडिंग जुटाने के लिए वारंट्स जारी करती हैं ताकि कर्ज लेने की बजाय इक्विटी से पैसा जुटाया जाए। इसमें फटाफट पैसा मिल जाता है और प्रमोटर या निवेश से भविष्य में और पैसे मिलते हैं। फुल्ली कंवर्टिबल का मतलब है कि सभी वारंट आखिरी में शेयर में बदल जाएंगे। इसके जरिए निवेश से निवेशकों को भी यह फायदा मिलने की उम्मीद रहती है कि अगर भविष्य में शेयर के भाव बढ़ते हैं तो भी निवेशकों को पहले से तय भाव पर ही शेयर मिलेंगे जैसे कि वोडा आइडिया के मौजूदा केस में अगर वारंट के अलॉटमेंट से 18 महीने के ठीक पहले अगर इसका भाव ₹16 तक पहुंच जाता है तो भी शेयर ₹11 के भाव पर ही सुर्वजा को मिलेगा। हालांकि भाव नीचे आने का रिस्क भी है जैसेकि अगर 18 महीने से ठीक पहले शेयर ₹8-₹9 पर आ जाए तो निवेशक वारंट नहीं बदलने का विकल्प चुन सकता है लेकिन शुरुआती जमा राशि यानी कि 25% पैसा जब्त हो जाएगा।
VI Q4 Result: ₹51,970 करोड़ के मुनाफे में आई Voda Idea, इस तरह मजबूत दिखी सेहत
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।