BCCI ने भारत और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच सीमित ओवरों की सीरीज का कार्यक्रम जारी कर दिया है। टी-20 सीरीज का आगाज 16 अक्टूबर से रायपुर में होगा। इसके बाद वनडे मुकाबले बड़ौदा में खेले जाएंगे। रायपुर के लिए यह सीरीज कई मायनों में खास मानी जा रही है।
पहली बार भारतीय महिला क्रिकेट टीम राजधानी में इंटरनेशनल मुकाबला खेलेगी। वहीं जिम्बाब्वे महिला टीम का यह पहला भारत दौरा होगा। अब तक दोनों टीमों के बीच कोई भी सीधी सीरीज नहीं हुई है। इससे पहले दोनों का सामना सिर्फ ICC टूर्नामेंट और क्वालिफायर मुकाबलों में हुआ है।
महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने की तैयारी
BCCI आने वाले ICC टूर्नामेंट्स को देखते हुए महिला क्रिकेट में लगातार द्विपक्षीय सीरीज बढ़ा रहा है। साल 2027 में महिला टी-20 चैंपियंस ट्रॉफी प्रस्तावित है। ऐसे में टीमों को ज्यादा से ज्यादा इंटरनेशनल मैच प्रैक्टिस देने पर जोर दिया जा रहा है।
रायपुर में सीरीज आयोजित होना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि अब महिला क्रिकेट के बड़े मुकाबलों के लिए भी शहर को प्राथमिकता दी जा रही है।
जून में लौटेगा CCPL का रोमांच
आईपीएल के बाद जून में CCPL का आयोजन किया जाएगा। पिछले दो साल से लगातार हो रही इस लीग को प्रदेश में अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। लीग का आयोजन आईपीएल की तर्ज पर किया जाता है, जिसमें प्रदेश की कई फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेती हैं।
टी-20 फॉर्मेट में होने वाले इस टूर्नामेंट में स्थानीय खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिलता है। साथ ही क्रिकेट फैंस को लगातार हाई-स्कोरिंग और रोमांचक मुकाबले देखने का मौका मिलता है।
रायपुर को अब नियमित मिलेंगे बड़े मुकाबले
स्टेडियम के BCCI के अधीन आने के बाद रायपुर में क्रिकेट गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं। IPL मुकाबलों के सफल आयोजन के बाद अब महिला इंटरनेशनल मैच भी शहर को मिलने लगे हैं।
BCCI अधिकारियों के मुताबिक रोटेशन पॉलिसी के तहत अब रायपुर में नियमित रूप से इंटरनेशनल टी-20, वनडे, टेस्ट और IPL मैच आयोजित किए जाएंगे। इससे राजधानी देश के उभरते क्रिकेट हब के रूप में अपनी मजबूत पहचान बना रही है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.