Feedback
पूर्वी दिल्ली के वेस्ट विनोद नगर इलाके में गुरुवार सुबह एक 38 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस ने इसे संभावित आत्महत्या का मामला बताया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. मृतका की पहचान गीता ठाकुर के रूप में हुई है, जो राकेश कुमार की पत्नी थीं. राकेश कुमार पूर्वी जिले में डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस के पद पर कार्यरत हैं. पुलिस के अनुसार यह जानकारी राजीव कुमार ने एक बयान में दी है.
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक पुलिस को इस घटना की जानकारी एक पीसीआर कॉल के जरिए मिली. यह कॉल सुबह करीब 9 बजकर 50 मिनट पर मंडावली पुलिस स्टेशन में प्राप्त हुई थी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई. घटनास्थल पर स्टेशन हाउस ऑफिसर, जांच अधिकारी, पुलिस कर्मी और क्राइम व फॉरेंसिक टीम भी पहुंची. सभी टीमों ने मिलकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रारंभिक जांच शुरू की.
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान क्राइम टीम को महिला के गले पर फंदे के निशान मिले हैं. मौके से एक दुपट्टा भी बरामद किया गया है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि यह दुपट्टा घटना में इस्तेमाल हुआ हो सकता है. बरामद सामग्री को अब फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी यानी एफएसएल भेजा जाएगा, ताकि वैज्ञानिक जांच के जरिए सच्चाई का पता लगाया जा सके.
38 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया है कि महिला की शादी 1 अक्टूबर 2025 को हुई थी. हालांकि अभी तक मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है. वहीं परिवार के सदस्यों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी हो सकता है. जांच एजेंसियां अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार कर रही हैं, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और हर एंगल को ध्यान में रखा जा रहा है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू