इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार की प्रमुख कंपनी ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी (Ola Electric Mobility) ने पूंजी जुटाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने क्वॉलिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) लॉन्च करने की घोषणा की है और इसके लिए प्रति शेयर ₹37.74 की फ्लोर प्राइस तय की है। इस खबर के बाद ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) एक बार फिर निवेशकों और बाजार विशेषज्ञों के बीच चर्चा का केंद्र बन गई है। हालांकि, इस घोषणा के दिन कंपनी का शेयर करीब 5% गिरकर ₹39.53 पर बंद हुआ, लेकिन बाजार की नजर अब इस बात पर है कि कंपनी इस फंड का इस्तेमाल किस तरह अपने कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए करेगी। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।
कंपनी ने बताया कि उसका फंडरेजिंग कमेटी ने 1 जून 2026 से QIP इश्यू खोलने को मंजूरी दे दी है। यह फैसला पहले से मिली शेयरधारकों और बोर्ड की मंजूरी के आधार पर लिया गया है। अक्टूबर 2025 में बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दी थी, जबकि नवंबर 2025 में शेयरधारकों ने भी विशेष प्रस्ताव के जरिए इसे हरी झंडी दी थी।
QIP (Qualified Institutional Placement) एक ऐसा माध्यम है, जिसके जरिए लिस्टेड कंपनियां बड़े संस्थागत निवेशकों से पूंजी जुटाती हैं। इसमें म्यूचुअल फंड, बीमा कंपनियां, विदेशी निवेशक और अन्य योग्य संस्थागत खरीदार हिस्सा लेते हैं। इसका उद्देश्य कंपनी को तेजी से पूंजी उपलब्ध कराना होता है, ताकि वह अपने विस्तार, अनुसंधान, उत्पादन क्षमता और नई तकनीकों में निवेश कर सके।
ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) ने स्पष्ट किया है कि ₹37.74 प्रति शेयर की फ्लोर प्राइस SEBI के नियमों के अनुसार तय की गई है। कंपनी नियामकीय प्रावधानों के तहत इस फ्लोर प्राइस पर अधिकतम 5% तक की छूट भी दे सकती है। हालांकि, अंतिम इश्यू प्राइस का निर्धारण बुक रनिंग लीड मैनेजर्स और निवेशकों की मांग के आधार पर किया जाएगा।
दिलचस्प बात यह है कि QIP लॉन्च की घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब ओला (Ola Electric) के बिक्री आंकड़ों में सुधार देखने को मिल रहा है। मई 2026 में कंपनी ने 15,139 यूनिट्स की खुदरा बिक्री दर्ज की, जो पिछले सात महीनों में सबसे अधिक रही। हालांकि, सालाना आधार पर बिक्री में 20% की गिरावट रही, लेकिन अप्रैल 2026 की तुलना में बिक्री 23% बढ़ी है। यह लगातार तीसरा महीना है, जब कंपनी की बिक्री में मासिक वृद्धि दर्ज की गई है।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के लिए 40,000 से 45,000 यूनिट्स की बिक्री का लक्ष्य रखा है। अप्रैल और मई में कंपनी कुल 27,462 यूनिट्स बेच चुकी है, यानी लक्ष्य हासिल करने के लिए जून में उसे कम से कम 12,500 से अधिक यूनिट्स की बिक्री करनी होगी।
एक्सपर्ट का मानना है कि QIP के जरिए जुटाई जाने वाली पूंजी ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) को अपने उत्पादन नेटवर्क, बैटरी तकनीक, रिसर्च एंड डेवलपमेंट और डिस्ट्रीब्यूशन चैनल को मजबूत करने में मदद कर सकती है। इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच यह कदम कंपनी की दीर्घकालिक विकास रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
फिलहाल, निवेशकों की नजर QIP से जुटाई जाने वाली राशि और उसके उपयोग पर बनी हुई है। अगर कंपनी इस पूंजी का प्रभावी इस्तेमाल करती है और बिक्री वृद्धि का मौजूदा ट्रेंड बरकरार रहता है, तो आने वाले समय में ओला (Ola Electric) के लिए यह कदम काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।
आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play