कहीं एनकाउंटर, कहीं पानी में बीमारी! 5 बड़ी खबरों ने हिलाया शहर | Top 5 Ghaziabad News – Nedrick News

Home » अन्य » वायरल खबरें » कहीं एनकाउंटर, कहीं पानी में बीमारी! 5 बड़ी खबरों ने हिलाया शहर | Top 5 Ghaziabad News
Top 5 Ghaziabad News: गाजियाबाद बुलेटिन में आज हम आपको दिखाएंगे दिल्ली से सटे इस हाईटेक शहर की वो पांच बड़ी खबरें जिसमे पहली खबर अपराधियों के खिलाफ गाजियाबाद पुलिस का बड़ा एक्शन! नंदग्राम में तड़के हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मॉर्निंग वॉकर्स को निशाना बनाने वाले मेरठ के एक बड़े गैंग का पर्दाफाश किया है। दो लुटेरे पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं।
दूसरी खबर खोड़ा कॉलोनी की कड़वी हकीकत, जहां करीब 10 लाख की आबादी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है और जनता की इसी मजबूरी का फायदा उठाकर पानी से लेकर नशे के माफिया करोड़ों की चांदी काट रहे हैं। तीसरी खबर होटलों में रुकने से पहले सावधान! गाजियाबाद के 1,000 से ज्यादा होटलों में सुरक्षा मानकों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
अधिकांश के पास फायर और विद्युत सुरक्षा की अनिवार्य एनओसी (NOC) तक नहीं है। चौथी खबर आपकी सेहत से जुड़ी बेहद चिंताजनक रिपोर्ट। स्वास्थ्य विभाग के ताजा सेफ्टी ऑडिट में अकेले मई महीने में ही पानी के 23 सैंपल्स टेस्ट में फेल हो गए हैं, जो शहर में बीमारियां बांट रहे हैं।
और पांचवीं खबर बिजली विभाग का वो अनोखा विकास जो सुधरने से पहले ही स्वाहा हो गया! क्रिस्चियन नगर में 55 लाख की लागत से डाली गई नई नवेली केबल में लाइन चालू होते ही सिलसिलेवार धमाके शुरू हो गए। तो चलिए इस लेख के जरिए इन सभी बड़ी खबरों को विसेतार से जानते है।
और पढ़ें: मनचलों को नहीं रहा कानून का डर, हत्याकांड के बाद बीच सड़क पर शव रख परिजनों ने मांगा न्याय | Delhi Sai Murder Case
गाजियाबाद में अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए पुलिस का एक्शन लगातार जारी है। ताजा मामला नंदग्राम थाना क्षेत्र का है, जहां मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों से चेन और मंगलसूत्र लूटने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में दो शातिर लुटेरे पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके तीसरे साथी को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र में पुलिस और शातिर लुटेरों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जबकि उनके तीसरे साथी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया है। दैनिक भास्कर और अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों को निशाना बनाने वाले मेरठ के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि महिलाओं से चेन लूटने वाले बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहे हैं। लोहिया नगर क्षेत्र के पास पुलिस ने जब बाइक सवार बदमाशों को रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में दो मुख्य बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए। वहीं, तीसरे बदमाश को पुलिस ने करीब 400 मीटर दूर तक पीछा कर दबोच लिया।
बताया जा रहा है कि मुठभेड़ में घायल हुए दोनों बदमाशों में से एक मेरठ के थाना किठौर अंतर्गत बौंद्रा गांव का रहने वाला आमिर (पुत्र मीना खान) है। दूसरा बदमाश थाना सरधना के गांव झिटकरी का निवासी संजय सैनी उर्फ सिवा है। वहीं, इनका तीसरा साथी मेरठ के कस्बा किठौर (होली चौक) निवासी मोनू वर्मा (पुत्र राकेश वर्मा) एक सराफ है, जो इन लुटेरों से लूटे गए सोने के जेवरात सस्ते दामों पर खरीदता था।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गाजियाबाद और मेरठ के विभिन्न इलाकों में मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोगों से 30 से अधिक लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पकड़े गए लुटेरों पर पहले से ही 8 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से 2 अवैध तमंचे और 4 कारतूस, लूटी हुई सोने की चेन और मंगलसूत्र, सोने के टुकड़े और 4,500 नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। घायल बदमाशों को इलाज के लिए नजदीकी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
गाजियाबाद से हमारी दूसरी खबर बुनियादी सुविधाओं की कड़वी हकीकत बयां करती है। करीब 10 लाख की आबादी और सुविधाओं के नाम पर सिर्फ वादे! यही हकीकत है गाजियाबाद के खोड़ा की, जहां आज इंसान की दो सबसे बड़ी जरूरतें-साफ पानी और युवाओं का सुरक्षित भविष्य-माफियाओं के चंगुल में हैं। पानी की बूंद-बूंद को तरसती जनता की मजबूरी पर पानी और नशा माफिया करोड़ों का साम्राज्य खड़ा कर रहे हैं। यहां एक तरफ जहां अवैध वाटर प्लांट चलाकर पानी को दूध से भी महंगा बेचा जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ नशा माफिया यहां की युवा पीढ़ी को गर्त में धकेलने का धंधा धड़ल्ले से चला रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, खोड़ा कॉलोनी में रहने वाली करीब 10 लाख की आबादी इस समय बुनियादी संकटों से जूझ रही है। सरकारी पेयजल आपूर्ति (गंगाजल परियोजना) की कमी का सीधा फायदा उठाकर यहां समानांतर व्यवस्था चलाने वाले पानी और नशा माफियाओं का नेटवर्क काफी मजबूत हो चुका है। प्रशासन के कड़े रुख के बावजूद ये गिरोह स्थानीय लोगों की मजबूरियों का सौदा कर रहे हैं।
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली और नोएडा तक के पानी माफिया खोड़ा में सक्रिय हैं। इन्होंने बाहरी इलाकों में अवैध वाटर प्लांट लगाकर सीधे लोगों की गलियों और घरों तक अपनी प्राइवेट पाइपलाइनें बिछा दी हैं। खोड़ा के 34 वार्डों में से अधिकांश का वाटर लेवल बुरी तरह गिर चुका है। कई वार्डों में पानी 900 से 1000 फीट नीचे चला गया है, जबकि कुछ इलाके पूरी तरह सूख चुके हैं। इसी का फायदा उठाकर बोतल बंद और टैंकर माफिया मनमाने दाम वसूल रहे हैं।
News18 की रिपोर्ट के अनुसार, खोड़ा के स्थानीय निवासियों को पीने और रोजमर्रा के काम के लिए हर महीने 4,000 से 7,000 सिर्फ पानी खरीदने पर खर्च करने पड़ रहे हैं, जो उनके राशन और दूध के खर्च से भी ज्यादा है। पानी की किल्लत के साथ-साथ इस घनी आबादी वाले क्षेत्र में नशा माफिया भी तेजी से पैर पसार रहे हैं। खोड़ा और इसके आसपास के संवेदनशील पॉकेट्स में स्मैक, नशीली गोलियों और अवैध शराब की बिक्री धड़ल्ले से की जा रही है। नशे की लत के कारण क्षेत्र के युवा छोटी-मोटी चोरियों, झपटमारी और हिंसक वारदातों में शामिल हो रहे हैं। हाल ही में हुए कुछ आपराधिक मामलों के पीछे भी नशा और आपसी रंजिश एक बड़ी वजह बनकर सामने आए हैं।
अनियोजित कॉलोनी होने के कारण यहां भू-माफिया भी सक्रिय हैं, जो संपत्तियों को औने-पौने दामों या अवैध तरीके से बिकवाने में स्टांप शुल्क की बड़े पैमाने पर चोरी कर रहे हैं। इलाके में बढ़ते अपराध और माफियाराज को देखते हुए गाजियाबाद पुलिस और जिला प्रशासन ने खोड़ा में ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ शुरू किया है। इसके तहत ड्रोन कैमरों और स्निफर डॉग्स की मदद से संवेदनशील और संदिग्ध ठिकानों की निगरानी की जा रही है। इलाके के कई हिस्ट्रीशीटरों और चिन्हित अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। बिना पंजीकरण के चल रहे अवैध संस्थानों और मदरसों को सील कर सीधे एफआईआर (FIR) दर्ज की जा रही है।
गाजियाबाद से हमारी तीसरी बड़ी खबर सीधे आपकी सुरक्षा से जुड़ी है। क्या आप जानते हैं कि जिस होटल या गेस्ट हाउस में आप रुक रहे हैं, वह आपके लिए कितना सुरक्षित है? गाजियाबाद के 1,000 से ज्यादा होटलों में सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, जहां ज्यादातर प्रतिष्ठान बिना किसी फायर या इलेक्ट्रिकल एनओसी के ही धड़ल्ले से मेहमानों को ठहरा रहे हैं।
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि गाजियाबाद में होटलों की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। जिले में चल रहे 1,000 से अधिक छोटे-बड़े होटलों, लॉज और गेस्ट हाउसों में सुरक्षा मानकों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। अग्निशमन विभाग द्वारा कराए गए सेफ्टी ऑडिट में यह कड़वी हकीकत सामने आई है कि इनमें से ज्यादातर प्रतिष्ठान बिना वैध ‘फायर सुरक्षा प्रमाण पत्र’ और ‘विद्युत सुरक्षा एनओसी’ के ही पर्यटकों और आम जनता को ठहरा रहे हैं।
शहर के पुराने और घने इलाकों जैसे लोनी, खोड़ा, और कौशाम्बी में चल रहे होटलों ने लाइसेंसिंग नियमों को दरकिनार कर रखा है। अधिकारियों के मुताबिक, होटल संचालक फायर फाइटिंग उपकरण लगाने के खर्च से बचने के लिए एनओसी के लिए आवेदन ही नहीं करते। कई पुरानी इमारतों में इमरजेंसी एग्जिट (आपातकालीन निकास) बनाने के लिए पर्याप्त जगह तक नहीं है। विद्युत सुरक्षा विभाग की जांच के अनुसार, अधिकांश होटलों में स्वीकृत लोड से कहीं अधिक एसी (AC) और गीजर चलाए जा रहे हैं, जबकि उनकी वायरिंग और विद्युत उपकरण मानकों के अनुरूप नहीं हैं।
गाजियाबाद के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) के नेतृत्व में पांडवनगर, गोविंदपुरम, इंदिरापुरम, और वसुंधरा जैसे वीआईपी इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया गया है। जांच के दौरान कई बड़े बैंक्वेट हॉल, फार्म हाउस और नामचीन होटलों में अग्निशमन प्रणालियां निष्क्रिय पाई गईं। मानकों को पूरा न करने वाले दर्जनों होटलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने सख्त चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कमियां दूर नहीं की गईं, तो मोटा जुर्माना लगाने के साथ-साथ भवनों को सील करने और बिजली-पानी के कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी।
गाजियाबाद से हमारी अगली खबर सीधे आपकी और आपके परिवार की सेहत से जुड़ी है। क्या आप जो पानी पी रहे हैं, वह वाकई सुरक्षित है? गाजियाबाद में पानी नहीं, ‘बीमारी’ सप्लाई हो रही है! स्वास्थ्य विभाग के ताजा सेफ्टी ऑडिट ने एक डराने वाला खुलासा किया है, जिसके मुताबिक अकेले मई महीने में ही शहर के 23 इलाकों का पानी टेस्ट में फेल हो गया है और यह दूषित पानी लोगों को बीमार बना रहा है। इस रिपोर्ट के बाद अब नगर निगम और जल कल विभाग में हड़कंप मच गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जिले में लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से पानी की गुणवत्ता की लगातार निगरानी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, मई माह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 237 पानी के नमूने एकत्र किए गए थे। लैब टेस्टिंग की रिपोर्ट में इनमें से 23 नमूने मानकों पर पूरी तरह खरे नहीं उतरे और फेल पाए गए हैं।
भीषण गर्मी और मानसून के दस्तक देने से पहले पानी की गुणवत्ता का इस तरह खराब होना बेहद गंभीर माना जा रहा है। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, इस दूषित पेयजल की वजह से बच्चे और बुजुर्ग तेजी से पीलिया (Jaundice), टाइफाइड और डायरिया जैसी जलजनित बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जिन क्षेत्रों या व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से ये नमूने लिए थे, उन्हें और संबंधित स्थानीय नगर निकाय (Municipal Corporation) को पानी की गुणवत्ता में तुरंत सुधार करने के लिए कड़े नोटिस जारी किए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जांच और स्थानीय रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के मुताबिक, कई घने और पुराने इलाकों में पेयजल की पाइपलाइनें और सीवर लाइनें बहुत पुरानी हो चुकी हैं, जिनमें लीकेज के कारण गंदा पानी मिक्स हो जाता है। इसके अलावा, नगर निगम द्वारा सप्लाई किए जाने वाले पानी में मानक के अनुसार क्लोरीनेशन (Chlorination) न होना भी सैंपल फेल होने का एक बड़ा कारण बनकर सामने आया है।
जांच रिपोर्ट आने के बाद जिला सर्विलांस अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को पूरी तरह अलर्ट कर दिया गया है। जिन क्षेत्रों का पानी दूषित मिला है, वहां बीमारियों की रोकथाम के लिए डॉक्टरों की देखरेख में विशेष स्वास्थ्य शिविर (Health Camps) लगाए जाएंगे। साथ ही, प्रभावित इलाकों में पानी की टंकियों की सफाई और नियमित क्लोरीनेशन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित जल कल विभाग को कड़े निर्देश दिए गए हैं।
गाजियाबाद से हमारी पांचवी खबर बिजली विभाग के उस ‘अनोखे’ विकास से जुड़ी है, जो सुधरने से पहले ही स्वाहा हो गया! गाजियाबाद के क्रिस्चियन नगर में नई केबल डालते ही धमाके शुरू हो गए और 55 लाख का बिजली बजट धुएं में उड़ गया। यहाँ अभी नई-नवेली केबल बिछाकर लाइन चालू ही की गई थी कि लाखों की लागत से लगी यह केबल इलाके का लोड तक नहीं झेल पाई। देखते ही देखते पूरी गली में आग की चिंगारियां बरसने लगीं, जिससे संकरी गलियों में करंट फैलने की दहशत फैल गई। बार-बार कॉल करने के बाद भी बिजली विभाग की सुस्ती से नाराज स्थानीय लोगों का गुस्सा अब फूट पड़ा है।
मीडिया द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक बताया जा रहा है कि गाजियाबाद के क्रिस्चियन नगर बागू क्षेत्र में विद्युत निगम द्वारा करीब 55 लाख की लागत से बिछाई गई नई एबीसी (एरियल बंच केबल) लाइन चालू होते ही उसमें भीषण धमाके होने शुरू हो गए और केबल में आग लग गई। दैनिक जागरण और नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, घनी आबादी के बीच नई केबल में एक ही दिन में तीन बार हुए तेज धमाकों और आग की लपटों से पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, मंगलवार को नई लाइन चालू होने के कुछ ही घंटों के भीतर केबल से चिंगारियां निकलने लगीं और देखते ही देखते तीन अलग-अलग स्थानों पर आग भड़क उठी। संकरी (पतली) गली होने के कारण केबल में आग लगने से चिंगारियां नीचे घरों के पास गिरने लगीं, जिससे घरों में करंट फैलने और बड़ा हादसा होने का डर सताने लगा।
लंबे इंतजार और बार-बार शिकायत के बाद आखिरकार बिजली काटी गई, जिसके बाद स्थानीय स्तर पर आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि समय रहते बिजली कटने से कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना के बाद से पूरे इलाके में अघोषित बिजली कटौती के कारण लोग उमस में बेहाल हैं।
गाजियाबाद की पांचों बड़ी खबरें साफ तौर पर यह बयां करती हैं कि एक तरफ जहाँ पुलिस प्रशासन अपराधियों और माफियाओं पर नकेल कसने के लिए लगातार एक्शन मोड में है, वहीं दूसरी तरफ बुनियादी और तकनीकी महकमे-जैसे कि विद्युत निगम, नगर निगम और होटल एसोसिएशन-अपनी गंभीर लापरवाहियों से जनता की जान को जोखिम में डाल रहे हैं।
पीने के दूषित पानी से लेकर 55 लाख की केबल में हुए धमाके और होटलों में फायर सेफ्टी की कमी यह चेताती है कि हाईटेक सिटी कहलाने वाले गाजियाबाद में अभी जमीनी स्तर पर बहुत सुधार की जरूरत है। प्रशासन को सिर्फ कागजी नोटिस थमाने के बजाय अब इन विभागों और माफियाओं पर सख्त कानूनी हंटर चलाना होगा, ताकि आम जनता सुरक्षित महसूस कर सके।
Your email address will not be published. Required fields are marked *





©2026- All Right Reserved. Manage By Marketing Sheds

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News