झज्जर जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए-वन बहादुरगढ़ पुलिस ने एक युवक को अवैध देशी पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया गया,
पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के दिशा-निर्देशन में अपराध एवं अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए-वन बहादुरगढ़ पुलिस को ये सफलता मिली है। पुलिस टीम ने थाना आसौदा क्षेत्र से एक युवक को अवैध हथियार और पांच जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
सीआईए-वन बहादुरगढ़ प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि सहायक उप निरीक्षक संदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम थाना आसौदा क्षेत्र में गश्त कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आदित्य निवासी गांव भापदौड़ा, जिला झज्जर, अवैध हथियार लेकर गांव भापदौड़ा बाईपास पुल के नीचे खड़ा है और कहीं जाने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को काबू किया।
तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में उसकी पहचान आदित्य निवासी भापदौड़ा के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना आसौदा में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को अदालत बहादुरगढ़ में पेश किया, जहां से माननीय न्यायालय के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.