श्रीनगर, एजेंसी। जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने गुरुवार को अमरनाथ यात्रा के दोनों मार्गों पर तैनाती के लिए 45 पर्वतीय बचाव दलों को रवाना किया। इस वर्ष अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई से शुरू होगी और 28 अगस्त को संपन्न होगी। इन 45 दलों में जम्मू-कश्मीर पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सीआरपीएफ, एसएसबी और बीएसएफ के जवान शामिल हैं। इन्हें पवित्र अमरनाथ गुफा के दोनों यात्रा मार्गों पर 21 स्थानों पर तैनात किया जाएगा। एसडीआरएफ के निदेशक इम्तियाज हुसैन मीर ने संवाददाताओं से कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी हमारी टीमें श्रद्धालुओं की सहायता के लिए वहां तैनात रहेंगी। वे यात्रियों को हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराएंगी। यदि कोई आपदा आती है तो वे तत्काल सहायता करेंगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष तैनाती के लिए अतिरिक्त प्रयास किए गए हैं और बचाव दलों के उपकरणों को भी उन्नत किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष यात्रा के सुचारु और सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा बलों ने घाटी के विभिन्न जिलों में सुरक्षा इंतजाम कड़े कर दिए हैं और मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही हैं। गुरुवार को दक्षिण कश्मीर के पुलवामा और कुलगाम जिलों में भी मॉक ड्रिल आयोजित की गई।
श्रीनगर, एजेंसी। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष एवं जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने यहां के लोगों से अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करने और यात्रा को सफल बनाने की गुरुवार को अपील की। उन्होंने कहा कि इस यात्रा को कश्मीर और देश के बाकी हिस्सों के बीच भरोसा, आपसी समझ और अपनत्व की भावना को मजबूत करने के अवसर के रूप में देखा जाना चाहिए। महबूबा मुफ्ती ने कहा कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सिर्फ सुरक्षा एजेंसियों की जम्मेदारी नहीं, बल्कि कश्मीर के लोगों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play