गाजियाबाद, योगेन्द्र सागर। एनएच-नौ पर क्रॉसिंग रिपब्लिक थानाक्षेत्र में सोमवार सुबह हरिद्वार से परिवारों को लेकर लौट रहे टाटा मैजिक टेंपो में पीछे से बस ने टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो चालक की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। इनमें से एक महिला की हालत नाजुक होने के चलते उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। वहीं, घटना के बाद आरोपी चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, नोएडा के सेक्टर-110 निवासी राजेश सैनी अपने परिवारजनों और परिचितों के साथ मालवाहक टेंपो से हरिद्वार गंगा स्नान के लिए गए थे। टेंपो को राजेश ही चला रहे थे।
सोमवार सुबह सभी लोग हरिद्वार से वापस लौट रहे थे। तड़के करीब साढ़े तीन बजे जब उनका वाहन क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में बागू स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने उसमें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टाटा मैजिक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला और जिला एमएमजी अस्पताल पहुंचाया। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों ने चालक राजेश को मृत घोषित कर दिया। हादसे में मंजू देवी, रितेश, अमन, रोशनी, शबनम, करण, रीना, सपना, नेहा, प्रियंका, संगीता, हर्ष, प्रिंस और रजनीश घायल हुए हैं। इनमें संगीता समेत दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। सभी लोग गौतमबुद्ध नगर के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बस और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गंगा स्नान से लौटते समय उजड़ गया परिवार का सहारा
राजेश सैनी परिवार और रिश्तेदारों को लेकर गंगा स्नान कराने हरिद्वार गए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि वापसी के दौरान यह यात्रा हादसे में बदल जाएगी। राजेश की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण बस की तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आ रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार बस चालक की तलाश की जा रही है। उसके पकड़े जाने के बाद दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।
आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play